जमशेदपुर में लाखों रुपये के आभूषण हुए चोरी…

📌 गांडीव लाइव डेस्क:

जमशेदपुर के बागबेड़ा थाना क्षेत्र में स्थित एक हाउसिंग कॉलोनी में बीते रात चोरों ने चोरी की बड़ी घटना को अंजाम दिया। घटना गणेश पूजा मैदान के पास हुई, जहां चोरों ने गौरव कुमार सिन्हा के घर में घुसकर लगभग तीन लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात, मोबाइल फोन और नकदी चुरा ली। गौरव ने इस संबंध में थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।

चोर छत के रास्ते घर में घुसे

जानकारी के अनुसार, चोर घर की छत के सहारे अंदर पहुंचे और रसोई से मुख्य कमरे तक पहुंचे। वहां उन्होंने अलमारी का ताला तोड़कर मूल्यवान सामान निकाला, जिसमें एक सोने का मांगटीका, झुमका, चांदी की पायल, चार बिछिया, एक एप्पल मोबाइल फोन, हेडफोन और 1500 रुपये की नकदी शामिल हैं।

जब परिवार के सभी सदस्य गहरी नींद में थे…

गौरव ने बताया कि घटना के समय परिवार के सभी सदस्य गहरी नींद में थे। अचानक उनकी बहन की नींद खुली, और उसने देखा कि कमरे का दरवाजा खुला है और अलमारी के ताले टूटे हुए हैं। जब सभी जागे, तो घर का सामान अस्त-व्यस्त मिला और ऊपर की मंजिल पर दस्तावेज बिखरे पड़े थे। घटना के तुरंत बाद गौरव ने बागबेड़ा थाना को सूचना दी।

पुलिस ने शुरू की जांच

शुरुआत में पुलिस ने कोई खास प्रतिक्रिया नहीं दी, लेकिन बाद में थाना प्रभारी योगेंद्र सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। घटना की जानकारी फैली तो पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता, उपमुखिया संतोष ठाकुर और समाजसेवी मुदिता सिंह भी वहां पहुंचे। उन्होंने परिवार को सांत्वना देते हुए आश्वासन दिया कि पंचायत प्रतिनिधि हर संभव मदद करेंगे। प्रतिनिधियों ने पुलिस से इलाके में बढ़ती चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग की। उन्होंने यह भी याद दिलाया कि हाल ही में बागबेड़ा पंचायत भवन में भी चोरी हुई थी, जिसका अब तक खुलासा नहीं हो पाया है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top