कोल्हान विश्वविद्यालय का पांचवां दीक्षांत समारोह 8 अप्रैल को

107 छात्रों को मिलेगा गोल्ड मेडल, तैयारियों के लिए 16 कमेटियां बनी

जमशेदपुर। कोल्हान विश्वविद्यालय का पांचवां दीक्षांत समारोह 8 अप्रैल को होगा। इसके लिए संभावित तिथि राज्यपाल की ओर से तय कर दी गई है। इसकी जानकारी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर गंगाधर पंडा ने एकेडमिक काउंसिल की आॅनलाइन बैठक में सदस्यों को दी। उन्होंने बताया कि दीक्षांत समारोह के लिए 16 तरह की कमेटियां बनाई गई हैं। इन कमेटियों के चेयरमैन और सचिव का मनोनयन भी कर दिया गया है। समिति के चेयरमैन आवश्यकतानुसार सदस्यों का विस्तार कर सकते हैं। इस दीक्षांत समारोह में 3 साल में गोल्ड मेडल प्राप्त करने वाले एक सौ छात्र एवं पीएचडी उपाधि धारकों को बुलाया जाएगा। यह समारोह कोविड-19 की स्थिति पर निर्भर करेगा। अगर सब कुछ सामान्य रहा तो इस दिन दीक्षांत समारोह संपन्न हो जाएगा। बैठक की जानकारी कोल्हान विश्वविद्यालय के प्रवक्ता डॉ पीके पाणी ने दी है। उधर, डॉ पीके पाणी ने बताया कि कोल्हान विश्वविद्यालय ने 12बी के तहत अपने सारे दस्तावेज यूजीसी को भेज दिये हैं। उम्मीद की जा रही है कि यूजीसी विश्वविद्यालय को अनुदान दे सकता है। यह भी बताया गया कि विश्वविद्यालय में नेट की तैयारी आरंभ कर दी गयी है। प्रवक्ता डॉ पीके पाणी ने बताया कि सरकार का निर्देश प्राप्त होते ही विश्वविद्यालय में पीजी में सीटें बढ़ाई जाएंगी। इसके लिए कॉलेजों से प्रस्ताव मांगा गया है। पहले से भेजे गए सभी प्रस्ताव स्वीकृत हो चुके हैं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top