वैभव सूर्यवंशी को स्वास्थ्य विभाग का ब्रांड एंबेसडर नियुक्त किया, मंत्री इरफान अंसारी का ऐलान

रांची: युवा क्रिकेट के सितारे वैभव सूर्यवंशी को एक नई जिम्मेदारी मिलने जा रही है। झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने घोषणा की है कि वैभव को स्वास्थ्य विभाग का ब्रांड एंबेसडर नियुक्त किया जाएगा। इसके साथ ही उन्हें सम्मानित किया जाएगा।

कम उम्र में जीता देश भर का दिल

स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि वैभव सूर्यवंशी ने अपनी कम उम्र में ही अपनी प्रतिभा और आक्रामक बल्लेबाजी से देश का ध्यान आकर्षित किया है। उन्होंने यह भी कहा कि भले ही वैभव की टीम मैच नहीं जीत सकी, लेकिन उनके अद्वितीय प्रदर्शन ने करोड़ों लोगों के दिलों में जगह बना ली है। मंत्री ने यह माना कि इतने छोटे उम्र में अनुभवी गेंदबाजों का सामना करना आसान नहीं होता, लेकिन वैभव ने अपने खेल से यह साबित कर दिया है कि उनमें खास प्रतिभा है। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग वैभव के साथ मिलकर युवाओं के बीच स्वास्थ्य, फिटनेस, अनुशासन और सकारात्मक जीवनशैली को बढ़ावा देगा। उनका मानना है कि वैभव की लोकप्रियता का लाभ स्वास्थ्य जागरूकता अभियान में मिलेगा और युवा उन्हें प्रेरणास्त्रोत मानेंगे।

जल्द झारखंड बुलाकर किया जाएगा सम्मानित

मंत्री ने यह भी बताया कि वैभव को जल्द ही झारखंड बुलाकर सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वैभव ने न केवल अपने परिवार बल्कि बिहार और पूरे देश का नाम भी रोशन किया है। उनकी उपलब्धियां युवाओं के लिए एक प्रेरणा बन गई हैं। इरफान अंसारी ने कहा कि महज 15 साल की उम्र में वैभव ने मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास का एक ऐसा उदाहरण पेश किया है, जिससे लाखों युवा प्रेरित हो रहे हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि आने वाले वर्षों में वैभव भारतीय क्रिकेट को नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे और देश को उन पर गर्व होगा। वैभव सूर्यवंशी की लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है। इससे पहले उन्हें पोषण पेय ब्रांड ने भी अपना ब्रांड एंबेसडर बनाया था। उनकी सफलता और युवा पहचान को देखते हुए कई संस्थाएं और कंपनियां उनसे जुड़ रही हैं।

Leave a Comment

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Scroll to Top