धनबाद। धनबाद की तरह पूरे झारखंड में विधि व्यवस्था चौपट हो गई है। कानून का राज जैसे खत्म हो गया है। दिनदहाड़े हत्याएं हो रही हैं। लोगों से रंगदारी मांगी जा रही है, जबकि पुलिस प्रशासन लिखित शिकायत मांग रहा है। डर से लोग लिखित शिकायत नहीं कर रहे हैं। ऐसी स्थिति में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मिलकर धनबाद और झारखंड की स्थिति से अवगत कराएंगे। यह बातें सांसद पशुपतिनाथ सिंह ने सराय ढेला स्थित एक होटल में प्रेस वार्ता में कही।
वह केंद्र सरकार के 9 वर्ष का कार्यकाल पूरा होने के मद्देनजर महा जनसंपर्क अभियान की उपलब्धियों के बारे में बोल रहे थे। एक प्रश्न के जवाब में उन्होंने कहा कि विधि व्यवस्था को लेकर अराजक स्थिति हो गई है। कब किसी की कहा जान चली जाए यह कहा नहीं जा सकता।
प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने बताया कि झारखंड के ऑफिसर जनता के सरोकार से दूर हो गए हैं। ऐसा लग रहा है वह एक पार्टी के लिए काम कर रहे हैं, लेकिन ऐसे अफसर जान लें, हर दिन एक जैसा नहीं होता। झारखंड में भाजपा की सरकार आएगी, तब अधिकारियों को भ्रष्टाचार का हिसाब देना पड़ेगा।
उन्होंने कहा पूरी दुनिया में झारखंड सरकार ऐसी सरकार है, जब कोरोनावायरस की दूसरी लहर में लोग मर रहे थे, तब मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन खनन लीज अपने नाम पर करवा रहे थे। उनके मुख्य सलाहकार से लेकर हर कोई कार्रवाई की जद में है।
धनबाद और झारखंड की चौपाटी की व्यवस्था को लेकर जल्द राज्यपाल से भाजपा का एक प्रतिनिधिमंडल मिलेगा। प्रखंड, जिला और राज्य स्तर पर आंदोलन किए जाएंगे। मौके पर धनबाद महानगर अध्यक्ष चंद्रशेखर सिंह, जनसंपर्क अभियान के प्रभारी मानस प्रसून, संजय झा, मीडिया प्रभारी मिल्टन पार्थ सारथी, नितिन भट्ट, चंद्रशेखर मुन्ना आदि मौजूद थे।
सांसद पीएन सिंह ने कहा कि 9 वर्षो में केंद्र की मोदी सरकार ने विकास के अनेकों काम किए हैं। 30 मई से 30 जून तक महा जनसंपर्क अभियान चलाकर केंद्र की योजनाओं को आम जनता तक पहुंचा रहे हैं।
केंद्र सरकार ने सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण, नवाचार, दृढ़ इच्छाशक्ति, भ्रष्टाचार एवं आतंक पर जीरो टॉलरेंस, नीतिगत पहल, साहसिक निर्णय, सबका साथ सबका विकास जैसे कार्यों पर ध्यान दिया है।
यही वजह है कि इस बार लोकसभा में भारतीय जनता पार्टी 400 से ज्यादा सीट जीतकर आएगी। राम जन्मभूमि का मामला हो या कश्मीर में धारा 370 ये सभी सरकार के ऐतिहासिक कदम रहे हैं।
सांसद पीएम सिंह ने कहा कि आपने सांसद के कार्यकाल में धनबाद में अनेकों विकास के कार्य किए हैं। इसने आईएसएम को आईआईटी का दर्जा देने का काम किया, सिंदरी मे 9000 करोड़ के लागत से हर्ल की स्थापना की, चिरकुंडा मे फ्लाइओवर का निर्माण किया, प्रधानखंता मे फ्लाइओवर का कार्य प्रगति पर है।
इतना ही नहीं, बोकारो मे 400 करोड़ की लागत से गैस बॉटलिंग प्लांट की स्थापना की, धनबाद और बोकारो मे पासपोर्ट कार्यालय खोला गया, राजगंज से मैथन तक सिक्स लेन सड़क का निर्माण होगा, पुरुलिया, बैंक मोड, डिगवाडीह सड़क को नेशनल हाईवे का दर्जा मिला, धनबाद बोकारो और भागा स्टेशन को विश्वस्तरीय स्टेशन बनाने की घोषणा की गई, शिक्षा राज्यमंत्री से झरिया अथवा सिंदरी में केंद्रीय विश्वविद्यालय की मांग की है।

प्रातिक्रिया दे