21 जनवरी से लेकर 26 जनवरी तक प्रतिरोध दिवस
रांची। नक्सली संगठन भाकपा माओवादी ने 27 जनवरी को बिहार झारखंड बंद का एलान किया है। बंद का एलान बिहार-झारखंड स्पेशल एरिया कमेटी के द्वारा किया गया है। प्रशांत बोस और उनकी पत्नी शीला मरांडी को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मुहैया नहीं कराने के विरोध में यह बंद बुलाई गई है। भाकपा माओवादी संगठन द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि पोलित ब्यूरो सदस्य प्रशांत बोस और केंद्रीय कमेटी सदस्य उनकी पत्नी शीला मरांडी, दोनों जीवन साथी हैं। ये दोनों कई गंभीर बीमारी से पीड़ित हैं। दोनों की गिरफ्तारी हुए करीब दो महीने हो गये हैं। तब से ही जेल में यातनाएं झेल रहे हैं, लेकिन सरकार की तरफ से दोनों को अब तक कोई बेहतर स्वास्थ्य सेवा सुविधा मुहैया नहीं करायी गयी है। इसके विरोध में 21 जनवरी से लेकर 26 जनवरी तक प्रतिरोध दिवस और 27 जनवरी को एकदिवसीय बिहार झारखंड बंद को सफल करें।