कक्षा 6 के लिए 23 को होने वाली नेतरहाट प्रवेश परीक्षा स्थगित

कोरोना के कारण परीक्षा हुआ रद्द, विभिन्न कारणों से 803 छात्रों के आवेदन निरस्त

रांची। कोरोना संक्रमण को देखते हुए 23 जनवरी को आयोजित होनेवाली नेतरहाट प्रवेश परीक्षा अगले आदेश तक के लिए स्थगित कर दी गई है। लातेहार स्थित नेतरहाट आवासीय विद्यालय में कक्षा छह में नामांकन के लिए यह प्रवेश परीक्षा 23 को सभी प्रमंडल मुख्यालयों में आयोजित होनेवाली थी। विद्यालय के प्राचार्य डा. संतोष कुमार सिंह ने परीक्षा स्थगित किए जाने की सूचना जारी करते हुए कहा है कि परीक्षा संबंधित अपडेट सूचनाएं विद्यालय की वेबसाइट या अखबारों के माध्यम से बाद में दी जाएगी। कोरोना के कारण इस बार भी कक्षा 6 में नामांकन के लिए एक ही परीक्षा आयोजित होनी थी। इसके लिए पांचों प्रमंडल मुख्यालयों में केंद्र बनाए गए थे। उन्होंने बताया कि इस आवासीय विद्यालय में नामांकन के लिए आवेदन देनेवाले छात्रों में 803 छात्रों के आवेदन विभिन्न कारणों से रद्द कर दिए गए हैं। इन छात्रों की सूची पहले ही जारी कर दी गई है। इससे पहले छात्रों से इसपर आपत्तियां मंगाई गई थी, जिसकी विशेषज्ञों द्वारा समीक्षा के बाद इतने आवेदन अंतिम रूप से रद्द किए गए। इस परीक्षा के माध्यम से कक्षा 6 में सौ सीटों पर नामांकन होता है। नामांकन के लिए विद्यार्थियों के अभिभावकों का झारखंड का स्थायी निवासी होना अनिवार्य है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top