जितेंद्र उरांव की गयी जान, घटना के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन समेत फरार
लोहरदगा। सदर थाना क्षेत्र के बक्सी नदी में बालू के अवैध खनन के दौरान ट्रैक्टर के नीचे दबने से एक मजदूर की मौत हो गयी। बालू के अवैध खनन के दौरान युवक जितेंद्र उरांव की मौत हो गई। घटना सदर थाना क्षेत्र के बक्सी नदी के पास की है। युवक जितेंद्र उरांव की पहचान लोहरदगा जिले के सदर थाना क्षेत्र के बंजार किस्को गांव निवासी के रूप में हुई है। बताया गया कि जितेंद्र लोहरदगा जिला के किस्को थाना अंतर्गत बांध टोली में फुटबाल मैच देखने के लिए गया हुआ था। फुटबॉल मैच देखने के बाद वह वहीं से ट्रैक्टर चालक आलोक भगत के साथ बालू उठाव करने के लिए सदर थाना क्षेत्र के बक्सी नदी में चला गया। जहां पर ट्रैक्टर में बालू उठाव के दौरान अचानक से ट्रैक्टर को आगे-पीछे करने के क्रम में जितेंद्र ट्रैक्टर के पहिए के नीचे आ गया। जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद ट्रैक्टर चालक गाड़ी लेकर फरार हो गया। घर वालों को काफी देर बाद इसकी जानकारी हुई। जिसके बाद मामले की सूचना सदर थाना पुलिस को दी गई। सदर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया और पोस्टमार्टम के लिए लोहरदगा सदर अस्पताल भेज दिया।

प्रातिक्रिया दे