वाराणसी-रांची इंटरसिटी एक्सप्रेस का शुरू हुआ लातेहार में ठहराव


लोगों में खुशी की लहर, कोरोना काल के बाद से बंद कर दिया गया था स्टॉपेज

लातेहार। लंबी मांग के बाद लातेहार रेलवे स्टेशन में रांची-वाराणसी इंटरसिटी एक्सप्रेस (18611 व 18612) का ठहराव हुआ। मंगलवार देर रात करीब 10:44 बजे ट्रेन (18612) वाराणसी से लातेहार रेलवे स्टेशन पहुंची। इसके बाद ट्रेन के चालक व गार्ड का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। इसके बाद पूर्व विधायक प्रकाश राम, जिला परिषद अध्यक्ष पूनम देवी, भाजपा जिला उपाध्यक्ष राकेश दुबे और भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला अध्यक्ष मो महताब आलम ने संयुक्त रूप से ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर पूर्व विधायक प्रकाश राम ने कहा कि सांसद सुनील सिंह के अथक प्रयास से इस ट्रेन का लातेहार में ठहराव संभव हो सका है। इस ट्रेन का फिर से लातेहार में ठहराव होने से स्थानीय लोगों को वाराणसी जाने-आने में काफी सहुलियत होगी। ट्रेन का ठहराव नहीं होने से लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। मो महताब आलम ने कहा कि कोरोना काल के बाद इस ट्रेन का लातेहार में ठहराव बंद हो गया था। इसके बाद से लोग काफी परेशान थे। लोगों ने इस समस्या से सांसद सुनील सिंह को भी अवगत कराया था। उनके प्रयास से एक बार फिर इस ट्रेन का ठहराव लातेहार मे संभव हो सका। बता दें रांची-वाराणसी इंटरसिटी एक्सप्रेस (18611) रांची से रात 8 : 45 में चलकर लातेहार रेलवे स्टेशन पर रात्रि 12 : 34 बजे पहुंचेगी।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top