अडानी की कंपनी को आवंटित गोंदलपुरा कोल ब्लॉक का विरोध

बड़कागांव। उद्योगपति गौतम अडानी की कंपनी को आवंटित गोंदलपुरा कोल ब्लॉक के लिए ग्रामीण स्वीकृति नहीं दे रहे है। इसकी स्वीकृति के लिए बलोदर गांव में बुलाई गई आमसभा स्थगित हो गई। गोंदलपुरा कोल ब्लॉक की स्वीकृति के लिए उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय बलोदर के प्रांगण में आमसभा बुलाई गई। जहां अंचल निरीक्षक अनोज कुमार, राजस्व कर्मचारी अशोक कुमार पांडे, अंचल अमीन ब्रह्मदेव रबानी और अडानी कंपनी की ओर से राजेंद्र कुमार, संजीव कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे। आमसभा में कंपनी के अधिकारियों ने ग्रामीणों को कंपनी की पॉलिसी बताई। इधर जमीन अधिग्रहण एवं मुआवजे की पॉलिसी सुनते ही आमसभा में हंगामा हो गया। कंपनी के अधिकारियों का कहना था कि वन भूमि एवं गैरमजरुआ बंदोबस्त जमीन का मुआवजा पर कंपनी सरकार से बात करेगी। इसका मुआवजा ग्रामीणों को नहीं मिलेगा। जबकि ग्रामीणों का कहना था कि चाहे किसी प्रकार की भूमि हो, यदि रैयत के दखल कब्जे में है तो उसका मुआवजा देना होगा। ग्रामीणों का कहना था कि चाहे हम लोगों को जान ही क्यों न गंवानी पड़े। आखिरकार ग्रामीणों ने राजस्व कर्मचारी को लिखित बयान दिया और हंगामे को देखते हुए आम सभा स्थगित कर दी गई।

Leave a Comment

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Scroll to Top