रांची। साइबर अपराधियों ने मानगो निवासी सैयद सफीउल्लाह को झांसे में लेते हुए उनके बैंक खाते का डिटेल जाना और खाते से 3.49 लाख रुपए की निकासी कर ली। पीड़ित ने मामले की लिखित शिकायत साइबर थाने में दर्ज कराई है। दर्ज शिकायत में सैयद सफीउल्लाह ने कहा कि इंडसैंड बैंक के मानगो शाखा में उनका खाता है। उसमें एलआईसी का पेमेंट नहीं आने पर उन्होंने बैंक का कस्टमर केयर नंबर गूगल पर सर्च किया। गूगल में मिले नंबर 180041204155 पर फोन किया। इस पर फोन रिसीव करने वाले ने उन्हें दूसरे नंबर से कॉल करने की बात कही। कुछ देर बाद 89275566972 नंबर से उनके मोबाइल नंबर पर कॉल आया। कॉल करने वाले ने उनके खाते में तुरंत पैसे मंगवा देने की बात कही। फिर उसी बहाने उसने सैयद सफीउल्लाह के एटीएम कार्ड का नंबर, सीवीवी और एक्सपेरी डेट मांग लिया। उसके बाद सैयद सफीउल्लाह के मोबाइल पर पांच बार ओटीपी आया। उन्होंने पूछने पर कॉल करने वाले को ओटीपी बता दिया। फिर क्या था, उनके खाते से कुल 3.49 लाख रुपए कट गए। जब सैयद सफीउल्लाह जानकारी लेने बैंक गये तो उन्हें पता चल गया कि वे साइबर ठगी के शिकार हो गये हैं। ठगों ने उनके एफडी को भी तोड़कर सारे रुपए ट्रांसफर कर लिया। तब मामला साइबर थाना पहुंचा। साइबर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
प्रातिक्रिया दे