रांची में पेट्रोल बम हमले की जांच एनआईए के हाथ में
रांची के आरएसएस प्रांतीय कार्यालय पर 16 जून की रात हुए पेट्रोल बम हमले की जांच अब राष्ट्रीय अन्वेषण एजेंसी (एनआईए) द्वारा की जा रही है। केंद्रीय गृह मंत्रालय के निर्देश पर चुटिया थाना में दर्ज केस संख्या 85/26 को टेकओवर करते हुए एनआईए ने इसे आरसी-01/2026/एनआईए/आरएनसी के तहत दोबारा रजिस्टर किया है। इस जांच के प्रारंभिक चरण में चुटिया थाना पुलिस ने सभी संबंधित दस्तावेज, केस डायरी और अन्य महत्वपूर्ण अभिलेख एनआईए को सौंप दिए हैं।
दुबई यात्रा और विदेशी संपर्कों की जांच
प्रारंभिक जांच के दौरान मुख्य आरोपी अमन अंसारी की दुबई यात्रा से जुड़े कुछ तथ्य सामने आए हैं। उसने पूछताछ के दौरान बताया कि उसकी दुबई में कुछ संदिग्ध पाकिस्तानी व्यक्तियों से मुलाकात हुई थी। जांच एजेंसियां अब इस दावे की गहराई से समीक्षा कर रही हैं और यह पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि क्या इस घटना के पीछे किसी अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क या साजिश का संबंध है। एनआईए इस मामले में दुबई और संभावित पाकिस्तान कनेक्शन की भी विस्तृत जांच करेगी।