जामताड़ा (राजीव झा) : जामताड़ा जिले के मिहिजाम में पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ एक महत्वपूर्ण कार्रवाई की है। गश्त के दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में विदेशी शराब के साथ पांच तस्करों को गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार, यह शराब की खेप बिहार भेजने की तैयारी में थी, लेकिन पुलिस ने समय रहते इस योजना को नाकाम कर दिया। गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मिहिजाम थाना प्रभारी प्रदीप राणा ने बताया कि पुलिस नियमित गश्त पर थी, तभी हटिया रोड पर कुछ संदिग्ध गतिविधियां दिखाई दीं। जांच के दौरान भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब बरामद की गई और मौके पर मौजूद पांच व्यक्तियों को तुरंत हिरासत में ले लिया गया। प्रारंभिक जांच से पता चला है कि यह शराब बिहार ले जाने के लिए तैयार की गई थी, जहां अवैध शराब की तस्करी का एक सक्रिय नेटवर्क है। पुलिस ने जिन पांच तस्करों को पकड़ा है, उनमें सेविक्की साव, मिथिलेश पासवान, संजय मालाकार, गोविंद मालाकार और राहुल कुमार शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, सभी आरोपियों का संबंध इस अवैध शराब कारोबार से है।
पुलिस नेटवर्क की जांच कर रही है
पुलिस अब यह पता लगाने में लगी हुई है कि यह शराब की खेप कहां से आई थी और इसे बिहार में किसके पास पहुंचाया जाना था। इसके साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि क्या इस गिरोह के पीछे कोई बड़ा नेटवर्क सक्रिय है। मिहिजाम पुलिस का कहना है कि इलाके में अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान जारी रहेगा और किसी भी स्थिति में ऐसे धंधों को बढ़ावा नहीं दिया जाएगा। इस कार्रवाई के बाद इलाके में शराब तस्करों के बीच हड़कंप मच गया है। पुलिस की सख्ती से यह स्पष्ट है कि अवैध शराब के कारोबार में शामिल व्यक्तियों पर निगरानी रखी जा रही है।