रामनवमी पर जुलूस में डीजे व अस्त्र-शस्त्र पर लगी रोक का विरोध जारी

तुगलकी आदेशों के विरोध में कोई अनहोनी हुई तो प्रशासन जिम्मेदार : अंबा

हजारीबाग। रामनवमी शोभायात्रा के दौरान जिला प्रशासन डीजे बजाने और अस्त्र शस्त्र के साथ शामिल होने पर रोक लगा दिया है। जिला प्रशासन के इस निर्णय का पहले तो धार्मिक संगठनों ने विरोध शुरू किया। लेकिन अब इसमें राजनीतिक दल भी उतर आये है। भाजपा के साथ कांगेस भी जिला प्रशासन के विरोध में उतर गयी है। हजारीबाग में रामनवमी उत्सव को लेकर प्रशासन द्वारा लगाई गई रोक को लेकर वहां तनाव की स्थिति बन गई है। प्रशासन ने यहां रामनवमी पर किसी तरह का डीजे बजाने पर रोक लगा दी है। इसके साथ ही रामनवमी पर शस्त्र पूजन व प्रदर्शन के साथ उत्सव में आयोजित होने वाले पारंपरिक नाटकों में लाठी डंडे या अन्य हथियारों के प्रदर्शन पर भी रोक लगा दी है। अब तक इस फरमान के विरोध में भाजपा के नेता ही आगे आ रहे थे। परंतु अब इसके विरोध में सत्ता में सहयोगी कांग्रेस पार्टी ने भी बिगुल फूंक दिया है। कांग्रेस विधायक अंबा प्रसाद ने भी प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। अंबा ने इस फैसले को प्रशासन की तानाशाही करार दिया है। विधायक अंबा प्रसाद ने कहा कि हिन्दू समाज के लोग अपने त्यौहारों को पूरी शिद्दत के साथ मनाते हैं। ऐसे में प्रशासन को इन त्यौहारों के प्रति संवेदनशील होना चाहिए। परंतु इसके उलट यहां प्रशासन का रवैया सामाजिक ताने बाने को बिखेरने वाला है। विधायक ने प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि भविष्य में प्रशासन के इन तुगलकी आदेशों के विरोध में कहीं भी हिंसा होती है या कोई अनहोनी घटती है तो इसके लिए प्रशासन ही जिम्मेदार होगा।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top