वर्ल्ड हार्ट डे पर रिम्स के डॉक्टरों ने मैराथन दौड़ कर लोगों को किया जागरूक

हार्ट रोग से बचाव के उपायों पर लोगों को ज्यादा ध्यान देना चाहिए : बन्ना गुप्ता

रांची। आज वर्ल्ड हार्ट डे मनाया जा रहा है। इस अवसर पर जगह जगह कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को हार्ट से संबंधित बीमारी और बचाव के प्रति जागरूक करने का काम किया जा रहा है। रिम्स के डॉक्टरों ने वर्ल्ड हार्ट डे पर लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से मैराथन दौड़ का आयोजन किया। इस मैराथन दौड़ की शुरूआत राज्य के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने डॉक्टरों के साथ दौड़ कर किया। रिम्स परिसर में स्थित राजेंद्र पार्क से शुरू हुए मैराथन को स्वास्थ्य मंत्री ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मौके पर मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि हार्ट रोग सबसे खतरनाक रोगों में से एक है। हार्ट अटैक से सबसे ज्यादा मौतें होती है। इसलिए हर लोगों को इस रोग से बचाव के उपायों पर ज्यादा ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि हृदय रोगों से बचने के लिए हमें अपने खान पान पर विशेष ध्यान देना होगा। नियमित व्यायाम भी हार्ट रोगों से बचाव के सबसे अच्छा उपाय है। कार्डियोलॉजी डिपार्टमेंट के एचओडी डॉ प्रकाश कुमार ने कहा कि आज तनाव भरा माहौल और जीवनशैली हार्ट डिजीज का एक बड़ा कारण है। जो सबसे ज्यादा युवाओं को प्रभावित कर रहा है। इसलिए सभी लोगों को हार्ट के बीमारी के प्रति जागरूक होना होगा और अपने दिल का ख्याल रखना होगा। मौके पर सीटीवीएस डिपार्टमेंट के एचओडी डॉ विनीत महाजन ने कहा कि दिल को स्वस्थ रखने के लिए लोगों को तम्बाकू, धूम्रपान एवं नशीले पदार्थों से दूर रहना चाहिए। मौके पर डॉ विवेक कश्यप प्रभीरी निदेशक ने कहा कि वर्ल्ड हार्ट डे पर मैराथन दौड़ का उद्देश्य लोगों को अपने हार्ट के प्रति अलर्ट करने का है। डॉक्टरों ने कहा कि हार्ट अटैक आज के दौर में मृत्यु का सबसे बड़ा कारण बन चुका है। इसलिए यह दिन हार्ट डिजीज के जोखिम को कम करने के उपायों को जागरूक करने का है। मैराथन में सुपरिटेंडेंट डॉ हीरेन्द्र बिरुआ, डिप्टी मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ शैलेश त्रिपाठी समेत अन्य डॉक्टर मौजूद थे। मैराथन में लगभग 100 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इसके आयोजन में कार्डियोलॉजी विभाग, सीटीवीएक विभाग, रिम्स इकोलॉजिकल सोसाइटी व एसओटीटीओ विभाग की अहम भूमिका रही।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top