धनबाद। कोरोना के बढ़ते संक्रमण के कारण आईआईटी प्रबंधन ने छात्रों के घर वापसी की सुविधा प्रदान कर दी है। कैंपस में मौजूद छात्र छात्राएं या छुट्टी के बाद कैंपस पहुंचने वाले छात्र छात्राएं यदि अपने घर वापस जाना चाहते हैं, तो वह अपने घर वापस जा सकते हैं। लगातार कोविड के बढ़ते मामलों को देखते हुए आईआईटी प्रबंधन की ओर से कैंपस में नए प्रतिबंध लगाए गए हैं। कैंपस में लगाए गए प्रतिबंध के बारे में छात्रों ने संस्थान के निदेशक प्रोफेसर राजीव शेखर से मेल के माध्यम से पूछा कि क्या छात्र-छात्राएं अपने घर वापस जा सकते हैं। जिस पर निदेशक ने उत्तर दिया कि जो छात्र घर जाने के इच्छुक हैं वे अपने घर जा सकते हैं। उनके लिए आॅनलाइन मोड में कक्षाएं चलेंगी। निदेशक ने कहा कि फिर कैंपस वापसी की तिथि के लिए छात्रों से संवाद किया जाएगा। ज्ञात हो कि 27 अक्टूबर से 2020 बैच के छात्रों को कैंपस बुलाया गया था 2 जनवरी तक छात्रों को संस्थान में रिपोर्टिंग करनी थी। इसी बीच कोविड-19 मामलों में लगातार वृद्धि होने लगी। जिसको देखते हुए प्रबंधन ने छात्रों को मेल के माध्यम से यह कहा कि जिन छात्रों ने यात्रा शुरू नहीं की है। वह अभी घर पर ही रहे। हालांकि इस बीच 1050 छात्र छात्राएं 2 जनवरी तक कैंपस पहुंच चुके हैं। सभी छात्र छात्राओं के स्वास्थ्य जांच के बाद उन्हें एक सप्ताह के क्वारंटाइन पर हॉस्टल में रखा गया है।
प्रातिक्रिया दे