टैग: Gandiv Live

  • हर वर्ग को आगे ले जाने वाला बजट हमारी प्राथमिकता : हेमन्त

    हर वर्ग को आगे ले जाने वाला बजट हमारी प्राथमिकता : हेमन्त

    मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन आज वित्त विभाग की ओर से आयोजित अबुआ दिशोम बजट संगोष्ठी-2026-27 में हुए शामिल

    गांडीव रिपोर्टर

    रांची। झारखंड 25 वर्षों का सफर तय कर चुका है। ऐसे में इस बार राज्य के लिए मजबूत और बहुआयामी बजट की आवश्यकता है। बजट ऐसा हो, जो इस युवा राज्य की संभावनाओं को आकार दे सके। बजट संतुलित, समावेशी और व्यापक हो, जिसमें जन आकांक्षाएं परिलक्षित हो और विकास को भी गति मिले। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन आज झारखंड मंत्रालय में अबुआ दिशोम बजट संगोष्ठी को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि बजट ऐसा होना चाहिए, जो हर वर्ग और क्षेत्र को पूरी मजबूती के साथ आगे ले जा सके।

    बजट की राशि में हो रही हर वर्ष वृद्धि, राजस्व बढ़ाने पर जोर

    मुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी बजट लगभग 1 लाख करोड़ रुपए के होने का अनुमान है। आने वाले वर्षों में बजट की राशि में और वृद्धि होगी। ऐसे में राजस्व संग्रहण बढ़ाने की दिशा में भी हमें ठोस तरीके से कार्य करना होगा ताकि विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में राशि की कमी नहीं हो।

    बजट से आम लोगों को भी जोड़ना होगा

    मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य का बजट बेहतर बने, इसके लिए आम लोगों को भी जिम्मेदारी देनी होगी। इस दिशा में हमारी सरकार आम लोगों से लगातार सुझाव ले रही है। मेरा मानना है कि लोगों की भागीदारी से ही हम एक संतुलित और विकास आधारित बजट इस राज्य का बना सकते हैं।

    विदेश दौरे में मिले अनुभव से राज्य को देंगे नई दिशा

    मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल ही में दावोस में विश्व आर्थिक मंच की बैठक और लंदन दौरे से लौटा हूं। वहां काफी करीब से उनकी नीतियों, समृद्ध अर्थव्यवस्था, लोगों की जीवन और कार्य शैली तथा परंपरा- संस्कृति देखने – समझने का मौका मिला। विदेश दौरे में हमें जो अनुभव प्राप्त हुए हैं, उसके जरिए हम राज्य को नई दिशा देने देंगे का प्रयास करेंगे।

    नई पीढ़ी नए तरीके से बढ़ रही है आगे

    मुख्यमंत्री ने कहा की नई पीढ़ी अलग सोच के साथ आगे बढ़ रही है। ये पीढ़ी पारंपरिक व्यवस्थाओं से अलग रास्ते तलाश रही है। ऐसे में नई पीढ़ी की जरूरतों तथा आवश्यकताओं के अनुरूप बजट को तैयार करना होगा ताकि उन्हें उन्हें हम बेहतर अवसर उपलब्ध करा सकें। इसके लिए जरूरी है कि हम नवीनतम प्रयोग के साथ आगे बढ़ें।

    संसाधनों और क्षमताओं की कोई कमी नहीं है

    झारखंड में किसी भी क्षेत्र में संसाधन और क्षमताओं की कोई कमी नहीं है। जल – जंगल जैसे प्राकृतिक संसाधन हैं। प्रचुर खनिज संपदा है। उद्यमी हैं। मानव संसाधन है। मेहनतकश श्रम बल है। किसान हैं। खिलाड़ी हैं। इसके साथ अनेकों और क्षेत्र हैं, जहां काफी संभावनाएं हैं। हमें इन संसाधनों और क्षमताओं का बेहतर से बेहतर इस्तेमाल करने की दिशा में कार्य करना है ।

    हर क्षेत्र में लक्ष्य के साथ बढ़ रहे हैं आगे

    मुख्यमंत्री ने कहा कि इस राज्य में प्राकृतिक, औद्योगिक और आर्थिक संसाधन प्रचुर मात्रा में उपलब्ध है । ऐसे में अपने इन संसाधनों के बलबूते शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, कृषि, खेल, प्राकृतिक, औद्योगिक, आर्थिक और आधारभूत संरचनाओं को मजबूत करने के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रहे हैं। कृषि में निरंतर नए प्रयोग हो रहे हैं। खेतों में पानी पहुंच रहा है। स्वास्थ्य सेवाओं – सुविधाओं का विस्तार हो रहा है। जल जंगल और जमीन के संरक्षण और सदुपयोग को लेकर मजबूत रूपरेखा के साथ कार्य कर रहे हैं।

    एक पिछड़ा राज्य होने के बाद भी देश की अर्थव्यवस्था में झारखंड दे रहा अहम योगदान

    मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड देश का एक छोटा और पिछड़ा राज्य है। लेकिन, देश की अर्थव्यवस्था में यह राज्य अहम योगदान देता आ रहा है। ऐसे में अपने राज्य की अर्थव्यवस्था को सशक्त करने की नई नीति, कार्ययोजना एवं बेहतर प्रबंधन के साथ आगे बढ़ रहे हैं।

    उत्पादों का वैल्यू एडिशन हो

    मुख्यमंत्री ने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों से झारखंड समृद्ध राज्य है। यहां देश का सबसे ज्यादा लाह उत्पादन होता है। तसर उत्पादन में भी झारखंड काफी आगे हैं । ऐसे और भी अनेकों संसाधन हैं, जिसका इस्तेमाल दूसरे राज्यों में हो रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमें अपने इन संसाधनों का वैल्यू एडिशन करने की जरूरत है, ताकि इसका इस्तेमाल अपने राज्य के हिसाब से कर सकें।

    आदिवासी बहुल राज्य है, पारंपरिक व्यवस्थाओं को भी आगे ले जाना है

    मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड एक आदिवासी बहुल राज्य है । यहां की जनजातीय परंपरा काफी समृद्ध है। ऐसे में जनजातीय परंपराओं को आगे भी ले जाना है। इस दिशामे हमारी सरकार लगातार कार्य कर रही है।

    विशेषज्ञों और आम लोगों ने जो विचार और सुझाव दिए हैं , बजट में रखा जाएगा ध्यान

    मुख्यमंत्री ने कहा कि बेहतर और सन्तुलित बजट को लेकर आम लोगों से विचार और सुझाव मांगे गए थे। इसके अलावा देश के विभिन्न विषयों के विशेषज्ञों के साथ चर्चा भी लगातार हुई और उनके सुझाव लिए गए। उनके द्वारा मिले बेहतर सुझावों को बजट में भी जगह देने का प्रयास किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर श्रेष्ठ सुझाव देने वाली स्वाति बंका, किशोर प्रसाद वर्मा और गोपी हांसदा को नगद पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

    इस संगोष्ठी में वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर, मुख्य सचिव अविनाश कुमार, विकास आयुक्त अजय कुमार सिंह, वित्त सचिव प्रशांत कुमार, सचिव (संसाधन) वित्त अमित कुमार, राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष अमरेंद्र प्रताप सिंह और सदस्य डॉ हरिश्वर दयाल तथा देश के प्रतिष्ठित संस्थानों से आए विशेषज्ञों में डॉ एन.कार्तिकेयन, डॉ मनीषा प्रियम, डॉ डी. राय और डॉ सुधा राय उपस्थित थे।

  • हमारे गुरूजी होंगे पद्म भूषण

    हमारे गुरूजी होंगे पद्म भूषण

    गांडीव ब्रेकिंग: गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य में केंद्र ने दिया झारखंड को तोहफा

    रांची। गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर पद्म पुरस्कारों की घोषणा की गई है. हमारे दिशोम गुरु शिबू सोरेन को मरणोपरांत पद्म भूषण सम्मान दिया जा रहा है।

    भाजपा के कुछ नेताओं को भी सार्वजनिक जीवन में उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए पद्म सम्मान से नवाजा गया है. केरल के पूर्व मुख्यमंत्री वीएस अच्युतानंदन लेफ्ट पार्टी के बड़े नेता रहे हैं. जबकि उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यपाल रहे भगत सिंह कोश्यारी को भी उनकी सेवाओं के लिए यह सम्मान दिया गया है.

    पद्म विभूषण 

    केरल के दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्री वीएस अच्युतानंदन
    केटी थॉमस -केरल

    पद्म भूषण
    उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी
    झारखंड के पूर्व सीएम शिबू सोरेन को भी मरणोपरांत 

    पद्म भूषण
    दिल्ली के पूर्व सांसद और बीजेपी नेता वीके मल्होत्रा को भी मरणोपरांत पद्म भूषण
    वेल्लापल्ली नतेशन का भी केरल से यह सम्मान मिला है।

  • मुख्यमंत्री हेमन्त दुनिया के देशों को देंगे झारखण्ड में निवेश का न्यौता

    मुख्यमंत्री हेमन्त दुनिया के देशों को देंगे झारखण्ड में निवेश का न्यौता

    दावोस में सीएम कई ग्लोबल कंपनियों के प्रमुखों से करेंगे मुलाकात

    रांची/दावोस। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के नेतृत्व में झारखण्ड का प्रतिनिधिमंडल वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम की वार्षिक बैठक के दौरान दावोस में एक मजबूत और स्पष्ट उद्देश्य के साथ शामिल होगा। इस मंच के जरिए झारखण्ड खुद को स्थिरता, ऊर्जा बदलाव, समावेशी विकास और औद्योगिक प्रगति जैसे वैश्विक मुद्दों पर एक जिम्मेदार और भविष्य के लिए तैयार राज्य के रूप में खुद को प्रस्तुत करेगा। वर्ल्ड फोरम पर उच्च-स्तरीय बैठकों, विचार-विमर्श सत्रों और द्विपक्षीय चर्चाओं के माध्यम से वैश्विक उद्योग जगत के नेताओं, नीति निर्माताओं, बहुपक्षीय संस्थानों और निवेशकों से संवाद करेगा।

    प्रकृति के साथ संतुलन में विकास है मूल दृष्टि

    झारखण्ड इस बैठक में “प्रकृति के साथ संतुलन में विकास” के दृष्टिकोण के साथ शामिल हो रहा है। यह सोच आर्थिक विकास को पर्यावरण की रक्षा, लोगों के कल्याण और लंबे समय तक टिकाऊ विकास के साथ जोड़ती है। अपने गठन के 25 वर्ष पूरे कर चुके युवा राज्य के रूप में झारखण्ड खुद को केवल खनिज संसाधनों वाला राज्य नहीं, बल्कि बेहतर शासन और भविष्य की जरूरतों के अनुसार विकास का रास्ता बनाने वाले राज्य के तौर पर पेश होगा।

    वैश्विक कंपनियों और संस्थानों के प्रमुखों के साथ संवाद

    वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम के दौरान मुख्यमंत्री टाटा स्टील, हिताची, श्नाइडर इलेक्ट्रिक, इंफोसिस, वेलस्पन, एबी इनबेव, ब्लूमबर्ग, टेक महिंद्रा, अल्फानार, रामकी ग्रुप, एवरस्टोन ग्रुप सहित स्वीडन, अमेरिका और यूरोप की वैश्विक व्यापार परिषदों और संस्थानों के प्रमुख के साथ बैठक करेंगे। इन बैठकों में टिकाऊ उद्योग, हरित ऊर्जा, महत्वपूर्ण खनिज, आधुनिक बुनियादी ढाँचा, डिजिटल तकनीक और जलवायु के अनुकूल औद्योगिक विकास में निवेश के अवसरों पर चर्चा होगी। मुख्यमंत्री ऊर्जा बदलाव, क्षेत्रीय नेतृत्व, बड़े पैमाने पर स्थिरता, महत्वपूर्ण खनिजों और मजबूत आपूर्ति श्रृंखलाओं में भारत की भूमिका से जुड़े उच्च-स्तरीय मंत्रिस्तरीय संवाद और पैनल चर्चाओं में भी भाग लेंगे। इन मंचों पर झारखण्ड यह बात सामने रखेगा कि भूमि, श्रम, संसाधन और जलवायु परिवर्तन के प्रबंधन में राज्य सरकार की भूमिका कितनी अहम है और कैसे राज्य स्तर से वैश्विक समाधान निकलते हैं।

    झारखण्ड मंडप का उद्घाटन होना रहेगा महत्वपूर्ण

    झारखण्ड प्रतिनिधिमंडल की मौजूदगी का एक महत्वपूर्ण हिस्सा झारखण्ड पेवेलियन का उद्घाटन है। पेवेलियन का उद्घाटन 20 जनवरी को होगा। यह पेवेलियन राज्य की निवेश संभावनाओं, नीतिगत सुधारों और दीर्घकालिक विकास योजना को प्रस्तुत करने का एक समर्पित मंच होगा। इसके माध्यम से झारखण्ड अपनी खनन और औद्योगिक पहचान से आगे बढ़कर हरित विकास, मूल्यवर्धित उत्पादन, जिम्मेदार संसाधन प्रबंधन और समावेशी रोजगार की दिशा में अपनी यात्रा को दिखाने की कोशिश करेगा।

    (और ज्यादा…)
  • धुर्वा डैम बनेगा टूरिस्ट डेस्टिनेशन : हेमन्त सोरेन

    धुर्वा डैम बनेगा टूरिस्ट डेस्टिनेशन : हेमन्त सोरेन

    मुख्यमंत्री ने नव वर्ष के अवसर पर किया रांची शहर का भ्रमण

    रांची: नये साल के आगाज पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने आज रांची शहर का दौरा करते हुए धुर्वा डैम एवं अन्य पिकनिक स्पॉट का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वहां की भौगोलिक स्थिति, सुरक्षा व्यवस्था तथा क्षेत्र में पर्यटन विकास की संभावनाओं का विस्तारपूर्वक अवलोकन किया। मुख्यमंत्री ने चाय की चुस्की के साथ रांची की हरियाली और प्राकृतिक सौंदर्य का भी आनंद लिया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि धुर्वा डैम क्षेत्र में पर्यटन को व्यवस्थित रूप से विकसित करने हेतु ठोस कार्ययोजना तैयार की जाए। इससे स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे तथा यह क्षेत्र रांची शहर के पर्यटन नक्शे का प्रमुख आकर्षण बनेगा।

    निरीक्षण के दौरान श्री सोरेन ने स्थानीय दुकानदारों एवं नागरिकों से उनकी समस्याएं सुनीं तथा सुझाव लिए।उन्होंने आश्वासन दिया कि सरकार जनसहभागिता के माध्यम से क्षेत्र के समग्र विकास को प्राथमिकता देगी। मुख्यमंत्री ने कहा, “धुर्वा डैम केवल रांची का महत्वपूर्ण जल स्रोत है, बल्कि यहां पर्यटन की अपार संभावनाएं भी हैं। सरकार इन संभावनाओं को चरणबद्ध तरीके से विकसित करेगी।

    इसके उपरांत श्री सोरेन ने धुर्वा स्थित ज्यूडिशियल अकादमी, झारखंड का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संस्थान की अधोसंरचना एवं प्रशिक्षण व्यवस्थाओं की प्रगति की समीक्षा की तथा आवश्यक निर्देश दिए।इस मौके पर मुख्य सचिव अविनाश कुमार, पर्यटन, कला, संस्कृति सचिव मनोज कुमार, रांची डीसी मंजूनाथ भजंत्री सहित वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, रांची जिला प्रशासन के पदाधिकारी, पर्यटन विभाग के प्रतिनिधि एवं अन्य संबंधित अधिकारीगण मौजूद थे।

  • विहिप प्रांत कार्यसमिति की तीन दिवसीय बैठक संपन्न

    विहिप प्रांत कार्यसमिति की तीन दिवसीय बैठक संपन्न


    धनबाद: कतरास बाजार स्थित राजस्थानी धर्मशाला में विश्व हिंदू परिषद झारखंड प्रांत कार्यसमिति की तीन दिवसीय बैठक का समापन विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय मंत्री माननीय अम्बरीष जी के उद्बोधन के साथ समाप्त हुआ।समापन समारोह में उपस्थित विश्व हिंदू परिषद के प्रांत, विभाग एवं जिला के पदाधिकारी को संबोधित करते हुए श्री अंबरीश सिंह ने कहा- स्वाधीन देश में स्व का अभिमान करने वालों की कमी के कारण हमारी संस्कृति को नष्ट करने का कुचक्र चलता रहा। सनातन मानबिंदु, आचार पद्धति, संस्कृति को सुरक्षित रखने के विचार से ही विश्व हिंदू परिषद की स्थापना की गई थी। मंदिर सनातन परंपरा के श्रद्धा एवं भक्ति- शक्ति का केंद्र होता था जिसे आक्रांताओं ने निरंतर क्षति पहुंचाने पहुंचाने की चेष्टा की। परिवारों में परंपरागत संस्कार का अभाव देखने को मिल रहा है परिवार में संस्कारों का जिस तरह क्षरण हो रहा है उसके रक्षण की आवश्यकता है । गोरक्षा, सेवा, धर्म प्रसार, सामाजिक समरसता, जैसे आयामों पर विशेष कार्य करने की आवश्यकता है।
    इस अवसर पर प्रांत मंत्री मिथिलेश्वर मिश्र ने बताया 12 से 18 जनवरी तक मकर संक्रांति उत्सव समरसता दिवस के रूप में, माघ पूर्णिमा के दिन श्री रविदास जयंती, वर्ष प्रतिपदा से हनुमान जन्मोत्सव तक सभी समितियों के माध्यम से श्री रामोत्सव, एवं 14 जनवरी को बाबा साहब अंबेडकर जयंती प्रत्येक प्रखंड केन्द्रों में मनाया जाएगा। इसके साथ ही समिति का दृढिकरण एवं आयामों के कार्यों का विस्तार करने का निर्णय लिया गया।
    प्रांत अध्यक्ष चंद्रकांत रायपत ने विभिन्न जिलों से आए समस्त प्रतिनिधियों एवं वहां के स्थानीय कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने हजारीबाग के डेमोटांड़ में परिषद द्वारा चल रहे आवासीय विद्यालय एवं अन्य सेवा कार्यों की जानकारी देते हुए झारखंड के सभी जिलों में सेवा कार्य सुचारू रूप से चलाने का आग्रह किया।इस अवसर पर क्षेत्र मंत्री डॉ वीरेंद्र साहू जी द्वारा प्रांत के नवीन दायित्व एवं प्रांत मंत्री मिथिलेश्वर मिश्र द्वारा जिलों के नवीन दायित्वों की घोषणा की गई।
    श्रीमती कीर्ति गौरव दुर्गा वाहिनी प्रांत संयोजिका, गंगा कच्छप प्रांत सहसंयोजिका, श्रीमती शशि शर्मा एवं श्रीमती अनिमा पांडे को प्रांत मातृशक्ति सहसंयोजिका, श्रीमती सविता सिंह संस्कार केंद्र प्रांत प्रमुख मातृशक्ति, एवं सुश्री कीर्ति सुमन मोदी को प्रांत साप्ताहिक मिलन केंद्र एवं संस्कार केंद्र प्रमुख दुर्गावाहिनी का दायित्व दिया गया।
    बैठक का समापन बजरंग दल प्रांत संयोजक श्री रंगनाथ महतो ने पूर्णता मंत्र एवं जयघोष के साथ कराया।बैठक में क्षेत्र संगठन मंत्री माननीय आनंद पांडे, क्षेत्र गोरक्षा टोली के पालक त्रिलोकी नाथ बागी, प्रांत उपाध्यक्ष गंगा प्रसाद यादव, प्रांत संगठन मंत्री चितरंजन कुमार, देवी सिंह प्रांत सह मंत्री राम नरेश सिंह, मनोज पोद्दार, मार्गदर्शक मंडल के प्रांत संयोजक स्वामी कृष्ण चैतन्य ब्रह्मचारी, प्रांत धर्माचार्य संपर्क प्रमुख जुगल किशोर प्रसाद, प्रांत सत्संग प्रमुख रंजन कुमार सिन्हा, विशेष संपर्क प्रांत प्रमुख अरविंद सिंह, गोरक्षा प्रांत प्रमुख कमलेश सिंह, प्रांत प्रचार प्रसार प्रमुख प्रकाश रंजन, सामाजिक समरसता प्रांत सह प्रमुख मनोज चंद्रवंशी, सेवा सहप्रमुख विनय कुमार, अमरेन्द्र विष्णुपुरी, धनबाद विभाग मंत्री राजेश दुबे, महानगर अध्यक्ष अशोक चौरसिया, महानगर मंत्री आनंद कुमार, बजरंग दल सहसंयोजक तापस कुमार डे सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।

  • कांके रोड जतरा स्थल जाकर डीसी ने की तैयारियों की समीक्षा

    कांके रोड जतरा स्थल जाकर डीसी ने की तैयारियों की समीक्षा

    संबंधित अधिकारियों को दिया आवश्यक दिशा निर्देश

    रांची: कांके रोड स्थित जतरा टांड़ में होने वाले जतरा आयोजन को लेकर का आज रांची डीसी मंजूनाथ भजंत्री और वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन ने संयुक्त रूप से भ्रमण किया। स्थल पर की जा रही तैयारियों का जायजा लिया एवं आयोजन समिति के सदस्यों से विस्तृत चर्चा की।

    भ्रमण के क्रम में उपायुक्त श्री भजंत्री ने आयोजन स्थल पर सफाई व्यवस्था, विद्युत व्यवस्था, पेयजल की उपलब्धता, यातायात नियंत्रण, पार्किंग स्थल, चिकित्सा सुविधा, सुरक्षा व्यवस्था एवं अग्निशमन की तैयारी आदि बिंदुओं की समीक्षा की। संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि जतरा में आने वाले श्रद्धालुओं एवं आगंतुकों की सुविधा के लिए सभी व्यवस्थाएं ससमय सुनिश्चित की जाएं।

    उन्होंने समिति के सदस्यों से समन्वय बनाकर कार्य करने की अपील की तथा जिला प्रशासन की ओर से हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। एसएसपी राकेश रंजन ने कहा कि जतरा के दौरान कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा की दृष्टि से पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। भीड़ प्रबंधन के लिए पुलिस एवं प्रशासनिक पदाधिकारियों को चिन्हित स्थानों पर दायित्व सौंपे जाएंगे। आयोजन समिति के सदस्यों ने जिला प्रशासन को जतरा की पारंपरिक एवं सांस्कृतिक महत्ता से अवगत कराया तथा सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।

  • सांसद आदित्य साहू बने भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष

    सांसद आदित्य साहू बने भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष

    📌 गांडीव लाइव डेस्क:

    झारखंड: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के केंद्रीय नेतृत्व ने आदित्य प्रसाद साहू को झारखंड प्रदेश का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त करने का फैसला किया है। यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है और साहू की नियुक्ति रवींद्र राय के स्थान पर की गई है, जिन्हें विधानसभा चुनाव के दौरान कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया था।

    आदित्य साहू की राजनीतिक पृष्ठभूमि

    सांसद आदित्य साहू पहले प्रदेश भाजपा में महामंत्री की जिम्मेदारी निभा रहे थे। रांची के ओरमांझी क्षेत्र से ताल्लुक रखते हुए, साहू कोल्हान प्रमंडल के प्रभारी रहे हैं। उन्हें पार्टी में पूर्णकालिक अध्यक्ष बनाए जाने तक, कार्यकारी अध्यक्ष का दायित्व सौंपा गया है। इस संबंध में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अरूण सिंह द्वारा आदेश जारी किया गया है।

    भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का बयान

    भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्‌डा ने घोषणा की है कि आदित्य साहू को झारखंड भाजपा का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। यह निर्णय राजनीति में स्थिरता बनाए रखने के लिए किया गया है।

  • राजधानी सहित 11 ज़िलों में आज मूसलधार बारिश की चेतावनी!

    राजधानी सहित 11 ज़िलों में आज मूसलधार बारिश की चेतावनी!

    📌 गांडीव लाइव डेस्क:

    झारखंड में बारिश का दौर जारी, वज्रपात और तेज हवाओं की चेतावनी ⚡🌧️

    झारखंड में मौसम ने एक बार फिर से करवट ली है, जहां आगामी दिनों में बारिश की गतिविधियों में वृद्धि की संभावना जताई जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार, 9 और 10 जुलाई को भी बारिश होने की उम्मीद है, जिससे किसानों और आम जनता को राहत मिलेगी।

    बारिश के आंकड़े 📊

    सोमवार को डालटनगंज में सबसे अधिक 27.6 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि रांची में 5.8 मिमी बारिश हुई। इस वर्ष अब तक पूर्वी सिंहभूम में 726.2 मिमी बारिश हो चुकी है, जो सामान्य से 138% अधिक है। वहीं, रांची में भी बारिश का आंकड़ा सामान्य से 160% ज्यादा, यानी 683.5 मिमी तक पहुंच गया है।

    मौसम की चेतावनी 🌪️

    मौसम विभाग ने वज्रपात और तेज हवाओं की संभावना के बारे में भी चेतावनी जारी की है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। विशेषकर, ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई है।

    किसानों के लिए राहत

    बारिश की यह स्थिति किसानों के लिए फायदेमंद साबित हो सकती है, जो इस समय अपनी फसल की बुवाई कर रहे हैं। हालांकि, वज्रपात की चेतावनी को देखते हुए सावधानी बरतना आवश्यक है। इस प्रकार, झारखंड में मौसम की गतिविधियों पर नजर रखना आवश्यक है, ताकि सभी लोग सुरक्षित रह सकें और कृषि कार्य में भी कोई बाधा न आए।

  • जब आसमान में बना दिल और लहराया तिरंगा… तस्वीरों में देखें Ranchi Air Show

    जब आसमान में बना दिल और लहराया तिरंगा… तस्वीरों में देखें Ranchi Air Show

    रांची: आज रांची का आसमान कुछ खास था। रांची एयर शो 2025 का आखिरी दिन जबरदस्त रोमांच और देशभक्ति से भरपूर रहा। भारतीय वायुसेना की मशहूर सूर्य किरण ऐरोबैटिक्स टीम ने 9 हॉक विमानों के साथ ऐसा रोमांचक प्रदर्शन किया जिसे देखकर हर कोई दंग रह गया।


    ✈️ आसमान में तिरंगा और दिल ❤️ – भावनाओं से भरा हर पल!

    जैसे ही सूर्या किरण की टीम ने एक साथ उड़ान भरी, लोगों के दिलों की धड़कनें तेज हो गईं।
    👉 भारतीय तिरंगा जब विमानों के धुएं से बना तो पूरा मैदान तालियों की गूंज से भर गया।
    👉 उसके बाद आसमान में बना दिल का निशान (Heart Formation) देखने वालों की आंखें नम कर गया।


    🔥 रोमांचक करतब और पल भर के लिए रुकी सांसें

    • 9 Hawk विमानों ने एक साथ फॉर्मेशन फ्लाइंग, क्रॉसिंग स्टंट, और स्पाइरल मूव्स किए।
    • कुछ मूवमेंट्स इतने करीब थे कि लगा जैसे विमान टकरा जाएंगे!
    • पूरा माहौल देशभक्ति और जोश से भर गया।

    📸 देखिए कुछ शानदार झलकियाँ


    🎤 लोगों की प्रतिक्रिया

    शो में मौजूद हर दर्शक के चेहरे पर रोमांच साफ दिख रहा था:

    यह भी पढ़े : Air Show Ranchi: नामकुम में मांस-मछली की दुकानों पर प्रतिबंध!
    यह भी पढ़े : रांची में ऐसा नज़ारा पहले कभी नहीं देखा! वायुसेना का Air Show उड़ा देगा होश
    यह भी पढ़े : Air Show Ranchi: DC की इमरजेंसी मीटिंग, क्या होने वाला है?
    यह भी पढ़े : आज रांची में दिखा देश की ताकत का दमदार नज़ारा, देखे Air Show लाइव…

    “ऐसा शो मैंने पहले कभी नहीं देखा, गर्व से सीना चौड़ा हो गया।”
    “Indian Air Force is the real hero!”
    “Asli रील तो आज रांची के आसमान में बनी।”


    🔚 अंतिम दिन बना यादगार

    आज का दिन रांचीवासियों के लिए इतिहास में दर्ज हो गया। भारत की वायु शक्ति का यह प्रदर्शन न केवल रोमांचक था, बल्कि देशभक्ति की भावना से भी भरपूर था। जिन्होंने यह शो देखा, उनके लिए यह पल जीवन भर की याद बन गया।

  • शादी में शामिल होने निकली महिला धनबाद में हुई लापता, ढाई साल का बच्चा भी साथ

    शादी में शामिल होने निकली महिला धनबाद में हुई लापता, ढाई साल का बच्चा भी साथ

    📍 कोकर से निकली थी शादी में शामिल होने, लेकिन अब तक नहीं मिला कोई सुराग

    रांची: झारखंड की राजधानी रांची के कोकर इलाके से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। वर्षा देवी, जो कि 17 अप्रैल को अपने ढाई साल के बेटे के साथ घर से एक दोस्त की शादी में शामिल होने निकली थीं, रहस्यमय ढंग से गायब हो गईं

    🚌 बगोदर की बजाय चढ़ीं धनबाद जाने वाली बस

    परिवार के अनुसार, वर्षा को बगोदर जाना था, लेकिन शादी में देर होने के डर से उन्होंने धनबाद जाने वाली बस पकड़ ली। बस कंडक्टर ने बताया कि वर्षा धनबाद बस स्टैंड पर बेटे के साथ उतरी थीं

    📞 आखिरी बार रात 8 बजे हुई थी बात

    पति आकाश राम ने बताया कि दो बार फोन पर बातचीत हुई, जिसमें अंतिम कॉल रात 8 बजे था। इसके बाद से फोन बंद आ रहा है और कोई संपर्क नहीं हो पाया है।

    🚓 पुलिस थाने में नहीं हुई रिपोर्ट दर्ज

    वर्षा के पति और अन्य परिजन धनबाद पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने यह कहकर मना कर दिया कि रिपोर्ट रांची में ही दर्ज करानी होगी, क्योंकि वही महिला का स्थायी पता है।


    📸 सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है अपील

    परिजन और मित्रों ने सोशल मीडिया पर अपील करते हुए फोटो शेयर की है ताकि कोई भी जानकारी मिलने पर संपर्क किया जा सके। अब तक महिला और बच्चे का कोई सुराग नहीं मिला है।


    🔍 मामले की जांच की मांग

    परिजनों ने स्थानीय प्रशासन से इस मामले को गंभीरता से लेने की मांग की है और आशंका जताई है कि महिला के साथ कुछ अनहोनी भी हो सकती है।


    📝 निष्कर्ष:

    इस घटना ने एक बार फिर यात्रा के दौरान सुरक्षा और पुलिस की निष्क्रियता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। आमजन इस तरह की घटनाओं से डरे हुए हैं और अब पूरे झारखंड में यह मामला चर्चा का विषय बन चुका है।

  • सुदिव्य को मिला नगर विकास तो इरफ़ान बनें स्वास्थ्य मंत्री

    सुदिव्य को मिला नगर विकास तो इरफ़ान बनें स्वास्थ्य मंत्री

    सीएम ने मंत्रियों के बीच किया विभागों का बँटवारा

    गांडीव रिपोर्टर

    रांची। मुख्यमंत्री और हेमंत सोरेन ने आज अपने मंत्रियों के बीच विभागों का बँटवारा कर दिया है। इरफ़ान अंसारी को जहाँ स्वास्थ्य मंत्री बनाने के साथ खाद्य आपूर्ति एवं आपदा प्रबंधन विभाग दिया गया है, वहीं दीपिका पांडेय सिंह को ग्रामीण विकास एवं ग्रामीण कार्य, पंचायती राज विभाग का मंत्री बनाया गया है।

    मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने अपने पास कार्मिक और गृह मंत्रालय के अलावा पथ निर्माण, भवन निर्माण, मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी विभाग के अलावा अन्य वैसे विभागों को रखा है, जो दूसरे मंत्रियों को आवंटित नहीं है।

    मुख्यमंत्री के क़रीबी माने जाने वाले सुदिव्य सोनू को नगर विकास विभाग, उच्च शिक्षा और खेलकूद मंत्रालय का मंत्री बनाया गया है, जबकि चमड़ा लिंडा को SC/ST आदिवासी कल्याण मंत्रालय का ज़िम्मा सौंपा गया है।

    कांग्रेस कोटे के मंत्री राधाकृष्ण किशोर को वित् विभाग, वाणिज्य कर विभाग एवं संसदीय कार्य का ज़िम्मा सौंपा गया है, वहीं शिल्पी नेहा तिर्की को कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग का ज़िम्मा दिया गया है। हफीजुल हसन अंसारी को जल संसाधन और अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री बनाया गया है वहीं योगेन्द्र प्रसाद को पेयजल स्वच्छता एवं उत्पाद मद्य निषेध मंत्रालय मिला है।

  • इंटरव्यू लेने गई महिला पत्रकार की गोद में बैठ गए नेताजी… जाने पूरा मामला

    इंटरव्यू लेने गई महिला पत्रकार की गोद में बैठ गए नेताजी… जाने पूरा मामला

    West Bengal Journalist Sexual Harassment | पश्चिम बंगाल में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर लगातार विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं. आरजी कर मेडिकल कॉलेज ( R G Kar Medical College and Hospital ) में डॉक्टर से रेप के बाद हत्या की घटना ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया. इस बीच प्रदेश में एक महिला पत्रकार के साथ सेक्सुअल हैरेसमेंट का मामला सामने आया है. महिला पत्रकार के साथ यह घटना तब हुई जब वह उसका इंटरव्यू करने गई थीं.

    महिला पत्रकार ने कहा वह एक सीपीएम नेता का इंटरव्यू लेने गई थीं तब उसने उसका यौन उत्पीड़न किया. सीपीएम नेता का नाम तन्मय भट्टाचार्य है. महिला पत्रकार ने इस घटना का जिक्र फेसबुक लाइव में किया. उन्होंने कहा कि वह सीपीएम नेता का इंटरव्यू लेने के लिए पहुंची थीं इसके बाद वह नेता इंटरव्यू देने के बहाने उसकी गोद में आकर बैठ गया.

    इतना ही नहीं पत्रकार ने कहा कि उसे पहले भी भट्टाचार्य के घर उत्पीड़न का सामना करना पड़ा था. उसे लोगों को छूने की आदत है. वह मेरा हाथ छूता था लेकिन उसने परिणाम के डर से कभी इसकी शिकायत नहीं की. महिला पत्रकार ने कहा कि इस बार जो हुआ वह बहुत ज्यादा था.

    यह भी पढ़े : युवक को तालिबानी सजा, बंधक बनाया रात भर की मारपीट, चेहरे पर थूका, सिर मुंडवाकर छोड़ा

    कुछ लोगों को समस्या होती है

    महिला पत्रकार ने आगे कहा कि उसे यकीन नहीं है कि सीपीएम अपने नेता पर कोई कार्रवाई करेगा. ( West Bengal Journalist Sexual Harassment )इसका राजनीति से कोई लेना-देना नहीं है. कुछ लोगों को इस प्रकार की समस्या होती है.

    महिला पत्रकार ने कहा कि उसने इस मामले की एफआईआर बारानगर थाने में दर्ज कराई है. वहीं मामले का खुलासा होने के बाद सीपीएम ने तन्मय भट्टाचार्य को सस्पेंड कर दिया है. पार्टी ने कहा कि वह इस मामले की इंटरनल जांच भी कराएगी .

  • Dhanteras कल, संध्या काल में होगी कुबेर की पूजा

    Dhanteras कल, संध्या काल में होगी कुबेर की पूजा

    रांची। कार्तिक माह के कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी तिथि 29 अक्टूबर को Dhanteras मनाया जाएगा। इसे धन त्रयोदशी के नाम से भी जाना जाता है। 29 अक्टूबर को बुध के गोचर से धनतेरस पर लक्ष्मी नारायण योग बनेगा, जिसे बहुत ही शुभ माना जा रहा है।

    मंगलवार को सुबह से देर रात तक खरीदारी का मुहूर्त है। इस दिन सोना, चांदी, वाहन, जमीन, घर इलेक्ट्रॉनिक्स आदि खरीदना सुख और समृद्धि का कारक माना गया है। पंडित मनोज पांडेय ने सोमवार को बताया कि अथर्ववेद में बताया गया है कि धन्वन्तरि भगवान विष्णु के तेरहवें अवतार हैं। ऋषिकेश पंचांग के अनुसार धनतेरस के दिन अभिजीत मुहूर्त दिन के 11.42 बजे से 12.27 बजे तक है। विजय मुहूर्त दोपहर 1.56 से 2.41 तक है। कुंभ लग्न दोपहर 1.29 बजे से 3 बजे तक है। वहीं, वृष लग्न शाम 6.07 बजे से 8.04 बजे तक है। दोपहर से प्रदोष काल 12.36 बजे से शाम 5.33 बजे तक में वाहन जैसे चलायमान सामग्री लेने का शुभ मुहूर्त है। उन्होंने ने बताया कि संध्या काल में धन के देवता कुबेर की पूजा होगी।
    Dhanteras के दिन ऐश्वर्य में वृद्धि की कामना से भगवान गणेश, माता लक्ष्मी और धन के देवता कुबेर की विधिवत पूजा की जाएगी। यह पूजा संध्या काल स्थिर वृष लग्न में 6.19 से रात 8.15 बजे के बीच की जाएगी।

    यह भी पढ़े: Doranda में हुई भव्य गंगा आरती

    राशि के अनुसार करें Dhanteras की खरीदारी

    मेष : सोने और पीतल के बर्तन के साथ मिट्टी का दीपक और लड्डू लेना शुभ है। वस्तुएं खरीदना शुभ।
    वृषभ : चांदी, हीरा और बर्तन खरीदना चाहिए।
    वृश्चिक : आभूषण, मिट्टी- तांबे के बर्तन, लोहे की बनी वस्तु
    मकर :चांदी के सिक्के , झाडू, बर्तन और गोमती चक्र खरीदना चाहिए।
    सिंह : जमीन, फ्लैट, सोना-चांदी, इलेक्ट्रॉनिक सामग्री खरीदना शुभ रहेगा।
    कुंभ : धनतेरस में चांदी और स्टील से निर्मित बर्तन लेने चहिए।
    कन्या: कांसे से निर्मित ह्यबर्तन, हाथी-दांत से बनी वस्तुएं आदि।
    तुला : श्रृंगार और साज सज्जा की वस्तुएं खरीदना शुभ।
    मीन : धनतेरस चांदी के बर्तन और सिक्के, तांबे के बर्तन और झाडू लेना चहिए।

  • पंकज मिश्र को मिली ज़मानत

    पंकज मिश्र को मिली ज़मानत

    Gandiv Reporter

    Ranchi : साहिबगंज में अवैध खनन के जरिए मनी लॉउंड्रिंग के आरोपी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के विधायक प्रतिनिधि पंकज मिश्रा को बड़ी राहत मिली है। झारखंड हाईकोर्ट ने उनकी जमानत याचिका को स्वीकार कर लिया है। शुक्रवार को याचिका पर सुनवाई के बाद आदेश सुरक्षित रख लिया गया था, जिसे सोमवार को अदालत ने सुनाई है।

    पंकज को ईडी ने 18 जुलाई 2022 को पूछताछ के लिए बुलाया था, पूछताछ के दौरान ही उसे ईडी ने गिरफ्तार किया था। तब से वह जेल में ही था। उसकी जमानत याचिका सुप्रीम कोर्ट से खारिज थी। उसने दूसरी बार ईडी कोर्ट के बाद हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की थी। जहां से उसे जेल में कटे अवधि को देखते हुए जमानत की सुविधा प्रदान की है।

  • ट्रेन से कटा हाथी का बच्चा

    ट्रेन से कटा हाथी का बच्चा

    मालगाड़ी में फँसने के कारण रात में आवागमन बाधित

    आज शनिवार को वन विभाग की टीम ने निकाला शव

    Gandiv Reporter: लातेहार जिले के चंदवा थाना क्षेत्र के माल्हन केकराही गांव के निकट शुक्रवार की देर रात मालगाड़ी की चपेट में आने से एक हाथी के बच्चे की मौत हो गई।मृत हाथी का बच्चा मालगाड़ी के नीचे फंसा रहने के कारण रेलवे का परिचालन भी प्रभावित रहा।

    शनिवार को वन विभाग और रेलवे विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंची और मृत हाथी के बच्चे को मालगाड़ी के नीचे से बाहर निकाला गया। दरअसल, बरकाकाना-बरवाडीह रेलखंड अंतर्गत चंदवा थाना क्षेत्र के केकराही गांव के समीप बीती रात हाथियों का झुंड रेल पटरी को पार कर रहा था। इसी दौरान अचानक डाउन लाइन पर मालगाड़ी आ गई, जिसके चपेट में एक जंगली हाथी का बच्चा आ गया और उसकी मौत हो गई।

    हाथी का बच्चा मालगाड़ी में फंसे होने के कारण गाड़ी को घटनास्थल पर ही रोकना पड़ गया। इधर, घटना की जानकारी होने के बाद रेलवे विभाग के द्वारा वन विभाग को इसकी सूचना दी गई। शनिवार की सुबह वन विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंची और रेलवे की टीम की मदद से हाथी के बच्चे को रेलवे के पटरी से हटाया गया।

    इस संबंध में रेंजर नंदकुमार महतो ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम के द्वारा तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर मृत हाथी के बच्चे को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

    डाउन लाइन पर यातायात रहा प्रभावित

    इधर, डाउन लाइन पर मालगाड़ी के खड़े रहने के कारण यातायात प्रभावित हुआ। हालांकि रेलवे विभाग के द्वारा वैकल्पिक व्यवस्था के तहत अप लाइन के माध्यम से ही रेलवे परिचालन को कराया गया।शनिवार को पटरी से हाथी के बच्चे के शव को हटाने के बाद डाउन लाइन पर भी यातायात सामान्य हो गया।

  • आज रद्द रहेगी ये दोनों ट्रेन (Train)…

    आज रद्द रहेगी ये दोनों ट्रेन (Train)…

    रेलवे बोर्ड ने दी यह जानकारी

    Gandiv. Reporter: राउरकेला से हटिया आने वाली और टाटा से हटिया आने वाली ट्रेन आज रद्द कर दी गई है। रेलवे बोर्ड से मिली जानकारी के अनुसार लिंक रेक अनुपलब्ध होने की वजह से इन ट्रेनों को रद्द किया गया है।

    रेलवे सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक़ ट्रेन संख्या 08150 राउरकेला – हटिया पैसेंजर यात्रा प्रारंभ दिनांक 19/10/2024 को रद्द रहेगी।वहीं, ट्रेन संख्या 08195 टाटानगर – हटिया मेमू पैसेंजर यात्रा प्रारंभ दिनांक 19/10/2024 को रद्द रहेगी।

  • एक नवंबर से शुरू होगी Ranchi-Gorakhpur साप्ताहिक ट्रेन (Train)

    एक नवंबर से शुरू होगी Ranchi-Gorakhpur साप्ताहिक ट्रेन (Train)

    पटना-छपरा के रास्ते जाएगी गोरखपुर

    Gandiv. Ranchi: रांची से पूर्वांचल आने जाने वाले यात्रियों के लिए ख़ुशख़बरी है। रेल मंत्रालय ने यात्रियों की सुविधा के लिए यह सुनिश्चित किया है कि ट्रेन संख्या 18629/18630 रांची–गोरखपुर–रांची साप्ताहिक एक्सप्रेस शुरू किया जायेगा।

    रेलवे सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार ट्रेन संख्या 18629 रांची – गोरखपुर साप्ताहिक एक्सप्रेस एक नवंबर से प्रत्येक शुक्रवार को रांची से प्रस्थान करेगी |

    इस ट्रेन का रांची प्रस्थान 16:50 बजे, मूरी आगमन 18:28 बजे प्रस्थान 18:30 बजे, बोकारो स्टील सिटी आगमन 19:43 बजे प्रस्थान 19:48 बजे, धनबाद आगमन 21:40 बजे प्रस्थान 21:45 बजे, जसीडीह आगमन 00:32 बजे प्रस्थान 00:34 बजे, पटना साहब आगमन 04:25 बजे प्रस्थान 04:27 बजे, पटना आगमन 04:55 बजे प्रस्थान 05:05 बजे एवं गोरखपुर आगमन 11:30 बजे होगा |

    ट्रेन संख्या 18630 गोरखपुर – रांची साप्ताहिक एक्सप्रेस, यात्रा प्रारंभ दिनांक 02/11/2024 से प्रत्येक शनिवार को गोरखपुर से प्रस्थान करेगी |

    इस ट्रेन का गोरखपुर प्रस्थान 15:30 बजे, पटना आगमन 22:00 बजे प्रस्थान 22:10 बजे, पटना साहब आगमन 22:28 बजे प्रस्थान 22:30 बजे, जसीडीह आगमन 02:17 बजे प्रस्थान 02:19 बजे, धनबाद आगमन 05:00 बजे प्रस्थान 05:05 बजे, बोकारो स्टील सिटी आगमन 07:00 बजे प्रस्थान 07:05 बजे, मूरी आगमन 07:58 बजे प्रस्थान 08:00 बजे एवं रांची आगमन 09:25 बजे होगा |

    इन ट्रेनों में जनरेटर यान का 01 कोच, एसएलआरडी का 01 कोच, सामान्य श्रेणी के 04 कोच, द्वितीय श्रेणी स्लीपर के 06 कोच, वातानुकूलित 3-टियर के 07 कोच, वातानुकूलित प्रथम श्रेणी सह 2-टियर संयुक्त कोच का 01 कोच, वातानुकूलित 2-टियर के 02 कोच, कुल 22 कोच होंगे।

  • झारखंड चुनाव का ऐलान आज

    झारखंड चुनाव का ऐलान आज

    निर्वाचन आयोग के प्रेस कॉन्फ़्रेंस में 3.30 बजे होगी घोषणा

    झारखंड के साथ महाराष्ट्र में भी चुनाव का होगा ऐलान

    गांडीव रिपोर्टर

    रांची। निर्वाचन आयोग ने आज दोपहर साढ़े तीन बजे झारखंड और महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों की घोषणा के लिए प्रेस कॉन्फ़्रेन्स बुलायी है। आयोग द्वारा जारी चिट्ठी के अनुसार प्रेस कॉन्फ़्रेन्स में दोनों राज्यों के विधानसभा चुनावों को लेकर शेड्यूल जारी किया जाएगा। इसके साथ ही झारखंड और महाराष्ट्र दोनों राज्यों में आचार संहिता आज से ही लागू हो जाएगी।

    पाँच चरणों में हो सकते हैं चुनाव

    इलेक्शन कमिशन सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार झारखंड में विधानसभा चुनाव पाँच चरणों में होंगे, जबकि महाराष्ट्र में एक चरण में चुनाव संपन्न कराया जाना है। आयोग द्वारा बुलायी गई संवाददाता सम्मेलन में आज इसकी घोषणा कर दी जाएगी। ग़ौरतलब है कि पिछले दो महीनों से निर्वाचन आयोग लगातार इन दोनों राज्यों में विधानसभा चुनाव करवाने को लेकर विभिन्न बैठकों और राज्यों का दौरा कर तैयारी में जुटी हुई थी।

  • मंत्री मिथिलेश ठाकुर के भाई और आईएएस मनीष रंजन पर ईडी का छापा

    मंत्री मिथिलेश ठाकुर के भाई और आईएएस मनीष रंजन पर ईडी का छापा

    पीएस और कई इंजीनियर के घर भी पहुँची ईडी की टीम

    गांडीव रिपोर्टर

    राँची। ईडी ने आज फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए राज्य के मंत्री मिथलेश ठाकुर के भाई विनय ठाकुर, उनके पीएस हरेंद्र सिंह और आईएएस मनीष रंजन के घर समेत कई ठिकानों पर छापेमारी की है। राजधानी रांची से लेकर चाईबासा तक एक बार फिर सोमवार की सुबह कई ठिकानों पर ईडी की टीम की दबिश से हड़कंप मचा है। एजेंसी आईएएस मनीष रंजन, मंत्री मिथलेश ठाकुर के पीएस हरेंद्र सिंह, मंत्री के भाई विनय ठाकुर समेत कई विभागीय इंजीनियर्स से जुड़े 20 ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

    जानकारी के अनुसार पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के जल जीवन मिशन में अनियमितता से जुड़े मामले को लेकर ईडी की टीम यह छापेमारी कर रही है। जिन जगहों पर ईडी की टीम छापेमारी कर रही है उसमें रातू रोड स्थित इंद्रपुरी रोड में विजय अग्रवाल के आवास के अलावा हरमू और मोरहाबादी में भी छापेमारी चल रही है।सोमवार की सुबह एक साथ ईडी की टीम एयरपोर्ट रोड स्थित ईडी ऑफिस से निकलकर अलग-अलग ठिकानों पर पहुंचकर तलाशी में जुटी हुई है।

  • देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में भी होगा अपना झारखंड भवन

    देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में भी होगा अपना झारखंड भवन

    कल मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन प्रोजेक्ट भवन में करेंगे ऑनलाइन शिलान्यास

    गांडीव रिपोर्टर:
    रांची। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन कल 14 अक्टूबर को मुंबई में निर्माण होने वाले झारखंड भवन का प्रोजेक्ट भवन से ऑनलाइन शिलान्यास करेंगे।इस तरह देश की राजधानी दिल्ली के बाद देश की आर्थिक राजधानी के रूप में मशहूर मुंबई में भी झारखंड का दूसरा झारखंड भवन होगा ।

    नवी मुंबई में बनेगा झारखंड भवन

    मुख्यमंत्री श्री सोरेन मुंबई में जिस नये झारखंड भवन की आधारशिला रखेंगे, वह मुंबई में सेक्टर 30A, वाशी, नवी मुंबई, महाराष्ट्र में बनेगा। प्रोजेक्ट भवन में आयोजित इस शिलान्यास समारोह में मंत्री रामेश्वर उराँव एवं मंत्री सत्यानंद भोक्ता भी उपस्थित रहेंगे।

  • सुबोधकांत हुए असहाय, राम के खिलाफ हुए रामटहल!

    सुबोधकांत हुए असहाय, राम के खिलाफ हुए रामटहल!

    गांडीव रिपोर्टर

    राँची। लोकसभा चुनाव में राजधानी राँची सीट हॉटशीट बनती जा रही है। आज गुरुवार को भाजपा के पूर्व सांसद रह चुके रामटहल चौधरी ने दिल्ली में कांग्रेस का हाथ थाम लिया। कांग्रेस प्रदेश प्रभारी अब्दुल मीर गनी ने उनको कांग्रेस का तिरंगा दुपट्टा पहना कर पार्टी में शामिल कराया, जबकि सुबोध कांत सहाय ने बुके देकर उनका स्वागत किया।

    राँची सीट से लड़ेंगे चुनाव

    कार्यक्रम में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर और मंत्री आलमगीर आलम भी मौजूद थे।पार्टी सूत्रों की मानें तो कांग्रेस रामटहल चौधरी को अब सुबोधकांत सहाय की जगह राँची सीट से उतारेगी।हाल तक जय श्रीराम का नारा लगाते हुए चुनावी वैतरणी पार करने वाले रामटहल इस बार राम और भाजपा के खिलाफ आग उगलेंगे।

    सुबोधकांत को दिखाया ठेंगा

    महतो वोट के लालच में कांग्रेस ने तीन बार राँची सीट से जीत हासिल कर लोकसभा पहुँचे सुबोधकांत सहाय को असहाय बना दिया। कार्यक्रम में बुके देते सुबोधकांत सहाय के चेहरे पर पार्टी द्वारा ठेंगा दिखाने की बेबसी साफ़ दिख रही थी। देखना यह है कि पिछले चुनाव में भाजपा प्रत्याशी संजय सेठ के खिलाफ बाग़ी उम्मीदवार के रूप में मैदान में उतरे रामटहल, जो अपनी ज़मानत भी नहीं बचा पाए थे, इस बार क्या गुल खिलाते हैं।