1.35 लाख की लूट की झूठी कहानी बनाकर बालूमाथ थाना में किया था केस
लातेहार। फाइनेंस कंपनी का पैसा हड़पने की साजिश रचने वाला कर्मचारी खुद अपने बुने हुए जाल में फंस कर जेल चला गया। फाइनेंस कंपनी में कार्यरत जालसाज कर्मचारी प्रिंस कुमार सिन्हा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। प्रिंस कुमार ने फाइनेंस कंपनी के 1 लाख 35 हजार 773 रुपये हड़पने के ख्याल से फर्जी डकैती की साजिश रची। इस बाबत थाना पहुंचकर प्राथमिकी दर्ज करवाई थी। लेकिन पुलिस ने कर्मी की साजिश का भंडाफोड़ करते हुए उसे ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। दरअसल 25 अक्टूबर को बालूमाथ प्रखंड स्थित संचालित एक फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी प्रिंस कुमार सिन्हा ने बालूमाथ आने में डकैती की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। उसका कहना था कि फाइनेंस कंपनी का पैसा कलेक्शन कर वापस बालूमाथ लौट रहा था। इसी दौरान अपराधियों ने बंदूक के बल पर पैसे और मोबाइल लूट ली है। सूचना के बाद पुलिस सक्रिय हो गई। एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ अजीत कुमार की निगरानी में जांच टीम का गठन किया गया। जांच टीम को काफी छानबीन के बावजूद कुछ साक्ष्य नहीं मिला। इसके बाद संदेह के आधार पर पुलिस ने प्रिंस कुमार से पूछताछ शुरू किया। गहन पूछताछ के बाद प्रिंस का झूठ पकड़ा गया। उसने पुलिस के समक्ष स्वीकार किया कि खुद ही पैसे हड़पने के लिए डकैती की साजिश रची थी। आरोपी चतरा जिले के गिंद्धौर का रहने वाला है।