शहर में आ गई हथिनी को भगाने के लिए पूरा बाजार के लोगों ने घंटों किया शोर

रामगढ़। गोला डीवीसी चौक पर अचानक एक हथिनी के आ जाने से अफरा-तफरी मच गई। दहशत में लोगों को समझ नहीं आ रहा था कि क्या करे। इसके बाद हथिनी को शहर से जंगल की ओर ले जाने के लिए लोग हाथी के पीछे पीछे घंटों शोर मचाते रहे। बाद में वन विभाग की टीम उसे वन क्षेत्र की ओर ले गई। वन विभाग सूत्रों के अनुसार हथिनी गर्भवती है। गोला प्रखंड में रामगढ़ बोकारो मुख्य मार्ग मठवाताड़, हेमंतपुर, धमनाताड़ एवं कुम्हारदगा होते हुए शहरी क्षेत्र में एक जंगली हथिनी पहुंच गई। हाथी देख वहां अफरा-तफरी मच गई। एनएच 23 पर चलने वाले सभी वाहन और राहगीर जो जहां थे, वहीं थम गए। इसके अलावा स्थानीय लोग अपने अपने घरों की छतों पर चढ़कर तमाशा देखने लगे। सूचना पर लगभग 40 मिनट बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और डीवीसी चौक बाजार से हथिनी को जंगल की ओर ले गई। हाथी भगाओ दल की टीम काफी मशक्कत के बाद हथिनी को पूरबडीह जंगल की ओर ले गई। जिसके बाद आवागमन सामान्य हुआ। स्थानीय लोगों और वन विभाग की टीम ने हाथी को सही सलामत आबादी वाले इलाके से जंगल की ओर भगाने के लिए आग जलाई और उसे बस्ती से दूर ले गए। वहीं सभी लोग शोर मचाते रहे। स्थानीय लोगों ने बताया कि विगत एक पखवाड़े से गोला के तिरला जंगल में हाथियों का दल विचरण कर रहा है। इसी झुंड से हथिनी भटक गई थी।

Leave a Comment

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Scroll to Top