अगले चार दिनों में तापमान में आएगा बड़ा बदलाव, बढ़ेगी कनकनी


न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरेगा, रात को गिरेगी ओस

रांची। आज राजधानी की सुबह हल्का कोहरा के बीच हुआ। शहरी क्षेत्र में हल्का कोहरा दिखा, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में घना कोहरा देखने को मिला। इस दौरान ठंड का अहसास भी होता रहा। मौसम विभाग के अनुसार शहर में आज सुबह छह बजे का तापमान 16 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। वहीं आद्रता का स्तर 88 प्रतिशत के आसपास है। सुबह दक्षिण पूर्व से हल्की हवा चल रही है जो दिन में अधिकतम 10 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार तक पहुंच सकती है। मौसम विभाग के द्वारा जारी मौसम पूवार्नुमान में बताया गया है कि आने वाले तीन दिनों में राज्य के लगभग सभी जिलों के न्यूनतम तापमान में चार डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट देखने को मिल सकती है। इससे लोगों को ठंड के साथ-साथ कनकनी का सामना करना पड़ेगा। मौसम विभाग के अनुसार अगले चार दिनों तक रांची में मौसम सामान्य रूप से शुष्क बना रहेगा। इसके बाद शनिवार को राजधानी सहित राज्य के अन्य जिलों में हल्के से मध्यम दर्जे के बादल देखने को मिल सकता है। इस दौरान रात में ओस गिरने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा। सुबह और शाम में कनकनी बढ़ेगी। शनिवार तक शहर का न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंचने की संभावना है। हालांकि दिन में हल्की धूप निकलने से लोगों को राहत मिलेगी।

किसानों को फसल काट कर सूखे में रखने की सलाह
कृषि मौसम विभाग के द्वारा लोगों को सलाह दी गयी है कि वो इन चार दिनों के दौरान अपने खेत में पड़े धान की फसल को काटकर सूखे स्थान पर रख लें। इसके साथ ही ठंड के दिनों में लगने वाली सब्जियों की हल्की सिंचाई करते रहें। वहीं पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में मौसम सामान्य रूप से शुष्क रहा। राज्य में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान मेदिनीनगर में 32 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान गोड्डा में 15.5डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। वर्तमान में राज्य में किसी प्रकार के सिनौप्टिक फीचर का असर होता हुआ नहीं दिख रहा है।

Leave a Comment

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Scroll to Top