बंगाल से आलू लेकर जा रहा ट्रक तोपचांची में पुल के नीचे गिरा


बांका पुल से 50 फीट गिरा चालक की मौत, खलासी गंभीर रूप से घायल

धनबाद। तोपचांची थाना क्षेत्र के दयाबांस पहाड़ गांव के समीप नेशनल हाईवे 2 के पास आज अलहे सुबह आलू लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पुल के नीचे गिर गया। हादसे में चालक की मौत हो गई, जबकि खलासी गंभीर रूप से घायल है। ट्रक बांका पुल से करीब 50 फीट नीचे जा गिरा। जानकारी के अनुसार इसमें आलू लदा था। वाहन आलू लेकर बंगाल से बिहार जा रहा था। घटना में बंगाल के बर्द्धमान जिले के हटपुकुर नापित पाड़ा मेमारी गांव निवासी चालक बबलू हाजरा की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं खलासी फूलचंद कुमार गंभीर रूप से घायल होकर ट्रक में फंस गया। उसे एनएचएआइ के कर्मियों तथा ग्रामीणों की मदद से भारी मशक्कत के बाद ट्रक से निकालकर इलाज के लिए धनबाद भेजा गया। खलासी की स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलने पर तोपचांची थाना के सब इंस्पेक्टर अनिल विद्यार्थी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और कागजी कार्रवाई के बाद चालक के शव को पोस्टमार्टम के लिए धनबाद भेज दिया। हादसे में तेज रफ्तार ट्रक पुल से नीचे गिरने के कारण पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। उसमें लदे आलू के बोरे ट्रक से से बाहर निकल पुलिया के नीचे बिखर गए। पुल के नीचे गिरे ट्रक को सबसे पहले सड़क से गुजर रहे ग्रामीणों ने देखा। ट्रक में फंसा गंभीर रूप से घायल खलासी फूलचंद दर्द से कराह रहा था। ग्रामीणों ने इसकी सूचना एनएचएआइ के कर्मी डिपलू चौबे तथा उज्ज्वल चौबे को दी थी। दोनों मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से घायल खलासी को ट्रक से निकालकर इलाज के लिए धनबाद भेजा।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top