जीनोम सिक्वेंसिंग खरीद में देरी पर हाईकोट नाराज, सुनवाई के दौरान कहा
रांची। जीनोम सीक्वेंसिंग मशीन की खरीददारी में देर होने पर हाईकोर्ट ने कड़ी नाराजगी जताई है। सुनवाई के दौरान आज अदालत ने मौखिक टिप्पणी करते हुए कहा है कि क्या जब पूरे राज्य में ओमिक्रॉन फैल जाएगा, तो मशीनों की खरीदारी होगी। इसके साथ ही हाईकोर्ट ने मौखिक रूप से टिप्पणी करते हुए यह भी कहा कि जब लोग श्मशान तक पहुंचने लगते हैं, तो सरकार जागती है। क्या हर काम के लिए राज्य सरकार को कोर्ट ही निर्देश देगी। कोर्ट ने इस मामले में राज्य सरकार से जवाब मांगा है कि कब मशीन खरीदने का कार्य आदेश दिया गया है। इसके अलावा अदालत में रिम्स के जन औषधि केंद्र अब तक नहीं खोले जाने को गंभीरता से लेते हुए इस पर भी कड़ी नाराजगी जताई है। अदालत ने कहा कि लोग दो-तीन माह से बाहर से दवा खरीद रहे हैं। उन्हें आर्थिक हानि उठानी पड़ रही है। लेकिन कोर्ट के आदेश के बाद भी रिम्स की ओर से अभी तक जन औषधि नहीं खोला जाना काफी दुखद है।