श्रेणी: Crime

  • सूखी लकड़ी चुनने गयी महिला का आईई़डी की चपेट में आने से हुई मौत

    सूखी लकड़ी चुनने गयी महिला का आईई़डी की चपेट में आने से हुई मौत

    पश्चिमी सिंहभूम जिले के कोल्हान जंगल के इलाके में आईईडी की चपेट में आने से एक और ग्रामीण महिला की मौत हो गयी है। महिला का नाम गांगी सुरीन बताया जा रहा है। घटना आज सुबह घटी जब महिला जलावन के लिए सूखी लकड़ी चुनने जंगल की तरफ गयी थी। अचानक उसका पैर आईईडी में पड़ा और जोरदार धमाका हुआ। आईईडी बम की चपेट में ऐसे कई गांव हैं और इन गांवों में रहने वाले लोगों की जिंदगी का खतरा है।

    घटना गोईलकेरा थाना क्षेत्र के जाहेरगड़ा के पास जंगल के रास्ते में हुई। इस इलाके में नक्सलियों ने जंगल के रास्ते पर कई आईईडी बम बिछा रखे हैं। लकड़ी चुनने जा रही वृद्ध महिला पाताहातु गाँव की बतायी जा रही है। पुलिस ने विस्फोट के घटना की पुष्टि की है। पुलिस इस पूरे इलाके में अब सर्च अभियान चला रही है। इन रास्तों पर बिछे आईईडी बम की चपेट में कोई दूसरा ग्रामीण ना आए इसकी भी कोशिश की जा रही है। कोल्हान जंगल के कई गांव के घरों के 100 मीटर के दायरे में आईईडी बिछी है ऐसे में उनका घर से बाहर निकलना, जंगल में रहते हुए जलावन के लिए सूखी लकड़ी चुनना मुश्किल हो रहा है। गोईलकेरा थानाक्षेत्र के कई ऐसे गांव हैं जो इन आईईडी बम की चपेट में आ रहे हैं।

  • अमित शाह के खिलाफ FIR दर्ज, जाने पूरा मामला

    अमित शाह के खिलाफ FIR दर्ज, जाने पूरा मामला

    केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ भड़काऊ भाषण देने के आरोप में FIR दर्ज की गई है. कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला, डॉ. परमेश्वर और कर्नाटक कांग्रेस के अध्यक्ष डीके शिवकुमार ने बेंगलुरु के हाई ग्राउंड्स पुलिस स्टेशन में अमित शाह के खिलाफ ये FIR कराई है. उनका आरोप है कि अमित शाह ने एक रैली में भड़काऊ बातें कहीं और हिंसा का प्रचार किया. FIR में रैली के आयोजकों को भी शामिल किया गया है.

  • लालपुर में अपराधियों ने दिनदहाड़े 6 लाख रुपये लूटे

    रांची : लालपुर थाना क्षेत्र स्थित डिस्टलरी पुल के पास अपराधियों ने बिल्डर हितेंद्र सिंह के स्टाफ रंजीत कुमार से 6 लाख रुपये लूट लिया है। घटना करीब 3.30 बजे की है, अपराधी ने सिर और हाथ पर वार कर पैसा लूट लिया |

  • पेड़ से लटकता हुआ मिला भाजपा नेता का शव

    पेड़ से लटकता हुआ मिला भाजपा नेता का शव

    पलामू: जिले में गुरुवार को एक भाजपा नेता का शव पेड़ से लटकते हुए पाए जाने पर इलाके में सनसनी फैल गई है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी। बीजेपी अनुसूचित जनजाति मोर्चा मनातू मंडल के अध्यक्ष प्रमोद सिंह (उम्र 35 वर्ष) का शव आज सुबह पेड़ से लटकते हुए मिला। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (लेसलीगंज) आलोक कुमार टूटी ने बताया कि वह बुधवार शाम पांच बजे अपने घर से निकले थे और इसके बाद से लापता थे। उनका शव एक सूनसान इलाके में पेड़ से झूलता हुआ पाया गया।

    परिवारवालों ने एक जमीन विवाद को लेकर उनकी हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि प्रमोद को मारकर उसे खुदकुशी का रूप देने के लिए पेड़ से लटका दिया गया। नेता के परिजनों ने आरोपितों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी को लेकर स्थानीय निवासियों के साथ मिलकर सेमरी – मनातू मेड रोड पर चक्का जाम कर दिया है।

    प्रमोद सिंह के परिवारवालों ने मनातू पुलिस स्टेशन के थाना प्रभारी कमलेश कुमार पर भी इस पर कोई कार्रवाई न करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि बीती रात प्रमोद के घर न लौटने पर वे थाने रिपोर्ट दर्ज कराने गए थे। अगर पुलिस ने सही वक्त पर उचित कदम उठाया होता, तो उन्हें बचाया जा सकता था।

  • प्रेमी के पिता के साथ भागी प्रेमिका

    प्रेमी के पिता के साथ भागी प्रेमिका

    कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर में एक मामला चौकाने वाला आया है। एक प्रेमिका अपने प्रेमी के पिता के साथ भाग गई। पुलिस 20 वर्षीय प्रेमिका युवती को बरामद कर वापस लाई है। पुलिस ने यह जानकारी दी।

    महिला एक साल पहले अपने प्रेमी के पिता कमलेश से मिलने के बाद घर से भाग गई थी। कमलेश और महिला मार्च 2022 में कमलेश के 20 वर्षीय बेटे अमित को छोड़कर भाग गए। महिला के परिजनों ने चकेरी थाने में अपहरण की शिकायत दर्ज कराई थी। एक साल की तलाश के बाद पुलिस ने कमलेश और महिला को दिल्ली में ढूंढ निकाला और उन्हें। वापस ले आई। कमलेश पुलिस हिरासत में है। महिला का जल्द ही मेडिकल परीक्षण कराया |

  • खेलने के दौरान गिरने से स्कूल में 4 वर्षीय बच्चे की मौत

    रांची: मांडर थाना के बुढ़ा खुखरा गांव स्थित प्राइवेट स्कूल में प्ले क्लास के दौरान गिरने से चार वर्षीय बच्चे की मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही मृतक के मां व परिजन स्कूल पहुंचे. वहीं मांडर पुलिस भी मौके पर पहुंच कर शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दी है.

    बताया जा रहा है कि मृतक अर्पण कुमार पहले से बीमार था. बच्चे का रिम्स में भी इलाज हुआ था. मांडर के बुढ़ा खुखरा गांव स्थित प्राइवेट स्कूल में खेलने के दौरान गिरने से अर्पण कुमार की मौत हो गई. घटना की जानकारी मिलने पर मृतक की मां स्कूल पहुंचे. वहीं पुलिस भी मौके पर पहुंच कर शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दी है.

  • सिरम टोली सरना स्थल का सौंदर्यीकरण करने पहुंची टीम के विरोध में उतरे लोग

    सिरम टोली सरना स्थल का सौंदर्यीकरण करने पहुंची टीम के विरोध में उतरे लोग

    रांची |   मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने 7 अप्रैल 2022 को मुख्य सरना स्थल सिरम टोली का सौंदर्यीकरण को लेकर शिलान्यास किया था. लेकिन विवाद के कारण एक साल तक काम शुरू नहीं किया जा सका. विरोध के कारण बुधवार को सिरम टोली के सौंदर्यीकरण का काम शुरू नहीं हो सका. रांची जिला प्रशासन के आदेश पर आज गुरुवार को फिर से टीम काम करने पहुंची है. लेकिन लोग सौंदर्यीकरण का विरोध पर उतर आये हैं. सरना स्थल के बाहर भारी संख्या में आदिवासी सरना के लोग जुटे हैं. इनको रोकने के लिए प्रशासन ने भारी संख्या में पुलिस बल और मजिस्ट्रेट की प्रतिनियुक्ति की है. मजिस्ट्रेट रांची शिव अमित भगत और पुलिस पदाधिकारी ममता कुमारी पुलिस बल के साथ मौके पर तैनात हैं |

  • नक्सलियों की IED ब्लास्ट में 10 पुलिसकर्मी शहीद हुए

    छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड (DRG) जवानों की गाड़ी को उड़ाने की तैयारी नक्सली पिछले 4 दिनों से कर रहे थे। नक्सलियों ने बुधवार दोपहर 1:30 से 2:00 बजे के बीच अरनपुर-समेली में 50 किलो की IED में ब्लास्ट किया गया। इसमें 10 पुलिसकर्मी शहीद हुए और एक वाहन चालक की मौत हो गई।

    धमाके की आवाज करीब डेढ़ किमी तक सुनाई दी। जवानों और गाड़ी के चिथड़े उड़कर 60-70 मीटर दूर तक पहुंच गए। सुरक्षाबलों के 2 अलग-अलग कैंप के बीच नक्सलियों की स्मॉल एक्शन टीम ने यह हमला किया।

    नक्सलियों ने जिन DRG की प्लाटून नंबर 1 को अपना टारगेट बनाया, ये दंतेवाड़ा की सबसे मजबूत टीम थी। इसमें सरेंडर कर चुके नक्सली भी थे और इसलिए ऐसी टीमों से ही नक्सलियों को सबसे ज्यादा खतरा है।

    नक्सलियों का DVCM (डिविजनल कमेटी मेंबर) जगदीश पिछले 4 दिन से ककाड़ी, नहाड़ी, गोंडेरास के जंगलों में माओवादियों की बैठक ले रहा था। जगदीश के साथ करीब 30 से 35 की संख्या में कई हथियारबंद माओवादी भी मौजूद थे। जो TCOC के दौरान किसी बड़ी घटना को अंजाम देने के लिए रणनीति बना रहे थे। दंतेवाड़ा पुलिस को इंटेलिजेंस से नक्सलियों के मौजूदगी की खबर मिली थी।

    दंतेवाड़ा पुलिस के अफसर बड़े अधिकारियों से जवानों को ऑपरेशन पर भेजने की इजाजत मांग रहे थे। हालांकि, मंजूरी मिलने में 2 दिन का वक्त लग गया था। फिर मंगलवार को जवानों को ऑपरेशन पर भेजने का ग्रीन सिग्नल मिल गया। जिसके बाद 25 अप्रैल को दंतेवाड़ा DRG की पूरी 6 टीमों को नक्सल ऑपरेशन पर भेजा गया था। इसमें करीब 300 से ज्यादा जवान शामिल थे।

    25 अप्रैल की शाम करीब 6 से 7 बजे के बीच जवानों को बड़ी गाड़ियों से अलग-अलग लोकेशन में ड्रॉप किया गया था, ताकि चारों तरफ से नक्सलियों को घेरा जा सके। इनमें DRG की प्लाटून नंबर 1 को अरनपुर के जंगल में छोड़ा गया था। यहीं से जवान नक्सली कमांडर जगदीश को घेरने के लिए रात में ही जंगल में घुसे थे। जवानों को बड़ी गाड़ी के जरिए जंगल में छोड़े जाने की खबर नक्सलियों को मिल गई थी। नक्सली पहले से ही अलर्ट थे।

    जैसे ही जवान 26 अप्रैल की सुबह नक्सलियों के ठिकाने पर पहुंचे तो दोनों तरफ से गोलीबारी हुई थी। हालांकि, नक्सली कमांडर जगदीश को पुलिस घेर नहीं पाई और वह भाग निकला। अफसरों के निर्देश के बाद सभी जवान जंगल से जिला मुख्यालय लौटने निकल गए थे। इनमें DRG की प्लाटून नंबर 1 अरनपुर पहुंची। जवानों को लेने कई गाड़ियां गई हैं, यह खबर नक्सलियों को मिल गई थी।

    नक्सलियों को मालूम था कि जवान बड़ी गाड़ी से आए हैं, तो जाएंगे भी उसी में, इसलिए जवानों से भरी गाड़ी को निशाना बनाने की रणनीति बनाई गई। नक्सलियों की स्मॉल एक्शन टीम को वारदात करने की जिम्मेदारी सौंपी गई। भास्कर के सूत्रों के मुताबिक, नक्सलियों ने अरनपुर-समेली कैंप के बीच जब सड़क निर्माण का काम चल रहा था, उसी समय कमांड IED प्लांट कर रखी हुई थी। सड़क से करीब 70 से 80 मीटर लंबा तार जंगल की तरफ बिछा रखा था।

    ऐसा बताया जा रहा है, बुधवार को जवानों से भरी एक गाड़ी पहले उसी इलाके से गुजर गई। हालांकि, नक्सली उसे निशाना नहीं बना सके। कुछ देर बाद माओवादियों ने दूसरी गाड़ी को अपना निशाना बनाया। इस गाड़ी में 10 जवान सवार थे। यह गाड़ी किसी सिविलियन की थी, जो बुकिंग के तौर पर जवानों को लेने गई हुई थी। दोपहर करीब 1:30 से 2 बजे के बीच जैसे ही गाड़ी IED के ऊपर आई वैसे ही नक्सलियों ने ब्लास्ट कर दिया।

    गाड़ी में सवार 10 जवान और एक वाहन चालक के शरीर के चिथड़े उड़ गए। करीब 60 से 70 मीटर दूर तक गाड़ी के पार्ट्स और जवानों के शरीर के अंग बिखर गए। सड़क पर करीब 7 फीट गहरा गड्ढा हो गया। नक्सलियों ने इस घटना के लिए करीब 50 किलो की IED का इस्तेमाल किया था। धमाका इतना जोरदार था कि करीब डेढ़ किलोमीटर दूर तक इसकी आवाज सुनाई दी। वारदात के बाद नक्सलियों की स्मॉल एक्शन टीम जंगल की तरफ भाग गई।

    दंतेवाड़ा-अरनपुर-जगरगुंडा सड़क निर्माण का काम पिछले कई सालों से चल रहा है। हालांकि, अरनपुर से आगे कमारगुड़ा तक काम पूरा हो चुका है। जब उस इलाके में काम चल था तो निर्माणाधीन सड़क में ही नक्सलियों ने सैकड़ों IED प्लांट कर रखी हुई थीं। पिछले कुछ सालों में करीब 150 से ज्यादा IED बरामद की जा चुकी हैं। इसी सड़क पर नक्सलियों ने कई बारूदी सुरंग भी बिछा रखी थीं, जिसे जवानों ने ध्वस्त किया था। नक्सलियों ने बुधवार को जिस IED को ब्लास्ट किया इसे कुछ साल पहले सड़क निर्माण के दौरान ही प्लांट किया गया था। यह काफी खतरनाक सड़क मानी जाती है।

  • शादी से एक दिन पहले युवक की हत्या

    शादी से एक दिन पहले युवक की हत्या

    गुमला। जिले के घाघरा थाना क्षेत्र के पलमा ग्राम निवासी लगभग 30 वर्षीय रवि कुमार गोप की हत्या बीते बुधवार की रात्रि अज्ञात अपराधियों ने कर दी। गला घोंटने के बाद लात घूसों से भी उसे मारा गया। मृतक के भाई अरविंद गोप ने बताया कि बीते बुधवार की रात्रि लगभग 8:30 बजे रवि घर पर सबके साथ में खाना खाया। इसके बाद घर से बाहर निकला।

    देर तक घर नही लौटने पर लगभग 9 बजे मृतक का छोटा भाई अरविंद फोन कर घर आने की बात कही। रवि ने कहा थोड़ी देर में घर आ जाएंगे। इसके बाद घर वाले सो गए। सबको लगा कि रवि समय से घर आ जाएगा। परंतु रवि घर नहीं पहुंचा।

    गुरुवार की सुबह घर से लगभग 300 मीटर दूर पुआल गांज के समीप रवि का शव ग्रामीणों ने देखा। इसके बाद इसकी सूचना घरवालों को दी। एसडीपीओ मनीष चंद्र लाल, थानेदार अमित कुमार चौधरी, एसआई अभिषेक कुमार, सिसई थाना प्रभारी आदित्य कुमार चौधरी दल बल के साथ घटनास्थल पहुंचे और छानबीन में जुट गए। हर पहलू पर जांच किया जा रहा है।

    मृतक रवि कुमार गोप का शुक्रवार को लगन पान का रस्म था, जिसके बाद 8 मई को शादी थी। घर में रिश्तेदार पहुंचे चुके थे। लगन पान रस्म के लिए सारी तैयारियां पूरी हो चुकी थीं। टेंट का सारा सामान घर पर आ गया था मिठाई बनाने के लिए सभी तैयारी हो चुकी थी। सुबह-सुबह टेंट वाला भी अपना टेंट लेकर आया और दबे पांव लौट गया।

    जिला परिषद अध्यक्ष किरण माला बाड़ा, उपाध्यक्ष संयुक्ता देवी, सांसद प्रतिनिधि भोला चौधरी घटनास्थल पहुंच परिजनों से मिले। अध्यक्ष ने कहा कि हर हाल में अपराधियों की गिरफ्तारी हो और कड़ी से कड़ी सजा मिले इसके लिए पुलिस तत्परता से कार्रवाई करें। यहां बता दें कि मृतक रवि महावीर यादव पलमा ठेकेदार का छोटा भाई था।

    शादी समारोह को लेकर पूरा परिवार उत्साहित था। खुद रवि अपनी शादी को लेकर पूरी तैयारी में लगा हुआ था।हत्या की रात वह बगल के घर में हो रहे शादी समारोह के लिए आए टैंकर को बुक करने के लिए घर से निकला, जिसके बाद घर ही नहीं लौटा। घर के सारे सदस्य शादी की तैयारी से उत्साहित थे। दूर-दूर से रिश्तेदार भी आ चुके थे, लेकिन जैसे ही रवि की हत्या हुई पूरा माहौल गमगीन हो गया ।

  • पंकज यादव की हाईकोर्ट ने PIL खारिज की साथ ही 5000 का लगाया जुर्माना

    झारखंड स्टेट टूरिज्म डेवलपमेंट कॉपोरेशन के अध्यक्ष की नियुक्ति को चुनौती देने वाली याचिका पर झारखंड हाईकोर्ट में सुनवाई हुई. हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस संजय कुमार मिश्र की बेंच ने इस मामले की सुनवाई के बाद याचिका खारिज कर दी. साथ ही जनहित याचिका दाखिल करने वाले प्रार्थी पर पांच हजार का जुर्माना लगाया. अदालत ने कहा कि यह जनहित याचिका सुनवाई के योग्य नहीं है. इस संबंध में पंकज यादव ने हाईकोर्ट में जनहित याचिका दाखिल की थी.

  • राजधानी में आज फिर चार जगह ईडी के छापे


    चेशायर होम रोड में 4.83 एकड़ ज़मीन फर्जी दस्तावेज से बेचने का मामला

    रांची। आज बुधवार की सुबह से फिर चार अलग-अलग जगहों पर ईडी की टीम छापेमारी कर रही है। यह छापेमारी मोरहाबादी, अशोक नगर, बूटी मोड़ और खेलगांव में हो रही है। चेशायर होम रोड स्थित 4 एकड़ 83 डिसमिल जमीन को फर्जी दस्तावेज बनाकर बेचने के मामले में यह कार्रवाई हो रही है।
    खेलगांव के पास गाड़ी गांव में जमीन दलाल शेखर कुशवाहा के घर पर ईडी छापेमारी कर रही है।

    जानकारी के अनुसार कांट्रेक्टर बिपिन को ईडी ने नोएडा में ट्रैक किया था। इसके बाद ईडी टीम उसके रांची स्थित घर पहुंची, लेकिन टीम के पहुंचने से पहले ही पूरा परिवार बुधवार सुबह सभी सामान के साथ निकल गया था। ईडी ने फ्लैट 402 के मालिक प्रभात पांडेय को बुलाया और फ्लैट को सील कर दिया है। इधर बिपिन को आज सुबह 10:30 बजे तक दिल्ली ईडी कार्यालय में आत्मसमर्पण करने और उनके परिवार को रांची ईडी कार्यालय में रिपोर्ट करने के लिए कहा गया है।

  • सीपी सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा मझे हनी ट्रैप में फंसाने की कोशिश की जा रही है

    सीपी सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा मझे हनी ट्रैप में फंसाने की कोशिश की जा रही है

    रांची के भाजपा विधायक और पूर्व मंत्री  सीपी सिंह को हनी ट्रैप में फंसाने की कोशिश की गयी है.  सीपी सिंह ने  एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर यह जानकारी दी. उन्होंने कहा कि 24 अप्रैल, सोमवार की रात एक अज्ञात महिला के द्वारा फोन नंबर 7408335243 से व्हाट्सएप कॉल कर अश्लील बात करने की कोशिश की गयी.

    यह फोन रात के 1:15 बजे आया जब वह सोने गये और फोन की घंटी बजी और उन्होंने फोन उठाया तो उधर से किसी महिला के द्वारा अश्लील बातें सुनाई दी, उन्होंने बताया कि महिला बिल्कुल आपत्तिजनक स्थिति में थी. उन्होंने फोन काटने की कोशिश की लेकिन जब फोन नहीं कटा तो उन्होंने स्विच ऑफ कर दिया.

    सीपी सिंह ने कहा कि उनकी आदत है कि वह 24 घंटे फोन खुद उठाते हैं चाहे वह किसी अज्ञात व्यक्ति का ही क्यों न हो इस बात को पूरी रांची की जनता भी जानती है. उन्होंने इसकी सूचना लालपुर थाना को दे दी है और इस घटना की अविलंब जांच कर दोषी को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की है जिससे भविष्य में कोई ऐसी हरकत करने की कोशिश ना करे.

  • मंत्री बना गुप्ता के वायरल वीडियो में जिस महिला के साथ चैट करते मंत्री को दिखाया गया, वह महिला का वीडियो बयान मंत्री के कार्यालय ने किया जारी

    जमशेदपुर : जमशेदपुर पश्चिम के विधायक और मंत्री बना गुप्ता के एक महिला के साथ अश्लील बातें करते हुए वायरल वीडियो को लेकर मंगलवार को एक नया मोड़ आ गया. इस मामले को लेकर एक लड़की का वीडियो मंत्री बत्रा गुप्ता के कार्यालय से जारी कराया क्या है, जिसमें उक्त लड़की ने बताया है कि वह वीडियो उसका नहीं है. 

    अपने पति के साथ कभी वीडियो चैट की थी, जिसमें उसका फोटो बदलकर मंत्री का फोटो और वीडियो बना दिया गया है. उक्त महिला ने बताया है कि वह अपने बच्चों की देखभाल भी नहीं कर पा रही है, वह और उसका पूरा परिवार इस मामले को लेकर डिस्टर्ब हो गया है. उसने मांग की है कि इस मामले के दोषियों पर कार्रवाई की जाए |

  • ईडी कार्यालय पहुंचे आईएएस छवि रंजन, पूछताछ शुरू

    ईडी कार्यालय पहुंचे आईएएस छवि रंजन, पूछताछ शुरू

    रांची | के पूर्व उपायुक्त आईएएस छवि रंजन प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के तीसरे समन के बाद पूछताछ के लिए सोमवार (Monday) को यहां हिनू स्थित क्षेत्रीय कार्यालय पहुंच गए.

    आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि आईएएस छवि रंजन से सेना के जमीन घोटाले सहित अन्य मामले में पूछताछ शुरू कर दी गई है. ईडी ने छवि रंजन को तीसरा समन जारी कर पूछताछ के लिए बुलाया है. हालांकि दो बार समन जारी करने के बावजूद आईएएस छवि रंजन ईडी कार्यालय नहीं पहुंचे थे. ईडी ने इससे पहले 13 अप्रैल को छवि रंजन सहित 18 लोगों के 22 ठिकानों पर छापेमारी की थी. ईडी को बड़गाई के राजस्व उप निरीक्षक भानु प्रताप के ठिकाने से बड़ी मात्रा में सरकारी जमीन के दस्तावेज मिले थे. भानु प्रताप पर रिकार्ड में छेड़छाड़ कर जमीन की अवैध तरीके से म्यूटेशन करने का आरोप है. इससे पहले ईडी ने छवि रंजन को समन कर 21 अप्रैल को पूछताछ के लिए बुलाया था, लेकिन वे कार्यालय नहीं गए और उन्होंने दो सप्ताह का समय देने की मांग की थी. इसके बाद ईडी ने तीसरी बार समन कर छवि रंजन को सोमवार (Monday) को हाजिर होने को कहा था. छवि रंजन फिलहाल समाज कल्याण निदेशक के पद पर पदस्थापित हैं.

    उल्लेखनीय है कि सेना के कब्जेवाली और चेशायर होम रोड स्थित जमीन बेचने के मामले में रिमांड पर लिए गए सात आरोपितों ने कई अहम जानकारी दी है. बड़गाई अंचल के राजस्व उप निरीक्षक भानु प्रताप प्रसाद, अफसर अली, इम्तियाज अहमद, प्रदीप बागची, मोहम्मद सद्दाम हुसैनतल्हा खान और फैयाज खान ने ईडी को बताया कि जमीन के मूल दस्तावेज में छेड़छाड़ की गई है. दस्तावेजों में छेड़छाड़ करने का आरोप तत्कालीन डीसी छवि रंजन पर लगा है.

  • अतीक अहमद के दफ्तर में चाकू-खून के धब्बे, जांच शुरू

    अतीक अहमद के दफ्तर में चाकू-खून के धब्बे, जांच शुरू

    प्रयागराज के चकिया में माफिया अतीक अहमद के खंडहर हो चुके दफ्तर में सोमवार को जगह-जगह खून फैला मिला। सीढ़ियों पर खून के ताजे धब्बे हैं। फर्स्ट फ्लोर पर एक महिला की साड़ी और कुछ अंडर गारमेंट्स मिले हैं। पुलिस को आशंका है कि किसी महिला की यहां हत्या करने के बाद उसकी लाश बाहर ले जाकर फेंकी गई है।

    अतीक का यह वही दफ्तर है, जहां पुलिस ने छापा मारकर 74 लाख 72 हजार रुपए और 10 पिस्टलें बरामद की थीं। प्रयागराज प्राधिकरण ऑथोरिटी (PDA) ने 21 सितंबर 2020 को अतीक अहमद के चकिया कर्बला स्थित आलीशान दफ्तर को गिरा दिया था। तब से खाली पड़ा था।

  • स्वास्थ्य मंत्री बन्ना का अश्लील वीडियो वायरल… देखें वीडियो

    झारखंड में सत्ता के गलियारे में मचा हड़कंप

    स्वास्थ्य मंत्री ने दी सफाई, कहा वीडियो झूठा

    रांची : झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री और जमशेदपुर के कांग्रेसी विधायक बन्ना गुप्ता का एक अश्लील वीडियो आज शाम सोशल प्लेटफॉर्म पर वायरल हो गया है। इस वीडियो में बन्ना गुप्ता किसी महिला से बात कर रहे हैं और महिला का ऊपरी हिस्सा पूरी तरह से निर्वस्त्र है। वीडियो में मंत्री और निर्वस्त्र महिला आपस में बात कर रहे हैं। हालांकि, मंत्री का चेहरा तो स्पष्ट दिख रहा है लेकिन महिला का चेहरा वीडियो में नहीं दिखाया गया है। स्वास्थ्य मंत्री का यह वीडियो भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने सोशल मीडिया पर ट्वीट किया है। इस वीडियो के वायरल होने के बाद झारखंड में सत्ता के गलियारे में हड़कंप मची हुई है। कांग्रेस के पदाधिकारी भी बैकफुट पर नजर आ रहे हैं। गांडीव इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।

    स्वास्थ्य मंत्री ने दी सफाई

    वीडियो वायरल होने के बाद स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने इस पर अपनी सफाई देते हुए कहा कि आज सोशल मीडिया में मेरी छवि को धूमिल करने और राजनीतिक विद्वेष भावना के साथ राज्य के कुछ प्रमुख राजनीतिक विरोधियों ने एक सोची समझी साजिश के तहत, एक फेक और एडिट वीडियो को जानबूझ कर वायरल किया है। उन्होंने कहा कि वीडियो में स्पष्ट दिख रहा है कि फोटो शॉप या अन्य किसी एडिटिंग एप्प के माध्यम से यह कुकृत्य किया गया है जिसके विरुद्ध मैंने FIR करवा दिया है, जल्द ही इस मामले में पुलिस जाँच के बाद दूध का दूध और पानी का पानी हो जायेगा। श्री गुप्ता ने कहा कि जिन लोगों ने इस फर्जी और एडिटेड वीडियो के माध्यम से मुझे फंसाने का कार्य किया है उन सभी के खिलाफ भी कानूनी कार्यवाई करूंगा।

  • डिब्रूगढ़ जेल पहुंचा अमृतपाल, केजरीवाल ने भगवंत मान सरकार को दी बधाई

    डिब्रूगढ़ जेल पहुंचा अमृतपाल, केजरीवाल ने भगवंत मान सरकार को दी बधाई

    खालिस्तान समर्थक और वारिस पंजाब दे प्रमुख अमृतपाल सिंह को आखिरकार करीब 36 दिन बाद मोगा पुलिस ने पकड़ लिया। रविवार सुबह पुलिस ने अमृतपाल सिंह को मोगा के गांव रोड़े के गुरुद्वारा से सरेंडर के बाद गिरफ्तार किया है। पुलिस कई दिनों से देश के कई हिस्सों में उसकी तलाश कर रही थी। सुबह पहले उसने गुरुद्वारा साहिब से संबोधित किया था। यह जरनैल सिंह भिंडरावाला का गांव है।

    अरविंद केजरीवाल ने अमृतपाल सिंह की गिरफ्तारी पर प्रतिक्रिया दी है। केजरीवाल ने कहा कि पंजाब के अमन चैन और सुरक्षा के लिए हम वचनबद्ध हैं। इसके लिए कठोर निर्णय लेने को भी हम तैयार हैं। सीएम भगवंत मान ने इस मिशन को परिपक्वता और साहस से पूरा किया। बिना किसी रक्तपात और गोली चलाए पंजाब पुलिस ने कामयाबी हासिल की। इस दौरान शांति बनाए रखने और पंजाब सरकार का साथ देने के लिए जनता का बहुत बहुत शुक्रिया।

    अमृतपाल की गिरफ्तारी के बाद लुधियाना के सांसद रवनीत सिंह बिट्टू ने उन पर जमकर जुबानी हमला बोला है। उन्होंने कहा कि ऐसे लोग पंजाबी नहीं हो सकते हैं। बल्कि पंजाबी तो वह हैं जो कि देश की रक्षा करते हुए बार्डरों पर शहीद हो रहे हैं। उनकी शहादत पर फौज सलाम करती है। उनके गांवों व चौराहों में बुत लगते हैं। युवाओं को नई सीख मिलती है। दूसरी तरफ अमृतपाल जैसे लोग देश के दुश्मनों से फंड लेते हैं। साथ ही सभी लग्जरी सुविधाओं का आनंद उठाते हैं। 

    अमृतपाल सिंह ने अपनी गिरफ्तारी देने से पहले अपने मोबाइल में वीडियो रिकॉर्ड किया था। इसमें वह कह रहा है कि आज 23 अप्रैल का दिन है और उसने खुद ही फैसला किया है कि जिस जगह से उसने सिर पर पगड़ी सजाकर वारिस पंजाब नाम की संस्था की शुरुआत की थी वहां पर ही वह आत्मसमर्पण करेगा। वह देश छोड़कर भी भाग सकता था मगर उसने लोगों के साथ वादा किया था। 

  • IAS छवि रंजन को 4 बजे पहुँचाना होगा ED कार्यालय

    IAS छवि रंजन को 4 बजे पहुँचाना होगा ED कार्यालय

    रांची | आर्मी लैंड स्कैम मामले में पूछताछ के लिए आइएएस अधिकारी छवि रंजन को ईडी मोहलत देने के मूड में नहीं है. सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार ईडी ने छवि रंजन के दो हफ्ते का समय देने की गुजारिश को ठुकरा दिया गया है. ईडी छवि रंजन से शुक्रवार 4 बजे पूछताछ के लिए उपस्थित होने के लिए कहा है. उपस्थित नहीं होने पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है. ईडी आईएएस छवि रंजन को समन जारी कर 21 अप्रैल को ईडी के क्षेत्रीय कार्यालय हिनू बुलाया था, 20 अप्रैल को छवि रंजन ईडी से दो हफ्ते का समय देने की मांग की थी. जिसे ईडी ने अस्वीकार कर दिया.

    बता दें कि आर्मी लैंड स्कैम मामले में ईडी ने बीते 13 अप्रैल को रेड किया था. यह रेड तीन राज्यों में 21 जगहों पर की गयी थी. इस रेड के दायरे में आइएएस छवि रंजन भी थे. ईडी ने उनके रांची और जमशेदपुर आवास पर भी रेड मारा था. इस लैंड स्कैम मामले में ईडी ने सात अन्य लोगों को गिरफ्तार भी किया था. जिसके बाद सभी गिरफ्तार किए गए आरोपियों से पूछताछ की जा रही है. इसी संदर्भ में छवि रंजन से भी पूछताछ किया जाना है

  • बनने वाली पत्नी के प्रेमी ने दी धमकी तो होने वाले पति ने लगा ली फांसी

    बेमेतरा। बेमेतरा जिले के नवागढ़ थाना के ग्राम ढनढ़नी में युवक ने शादी के एक दिन पहले फांसी लगाकर आत्महत्या कर लिया। इस घटना से परिवार की खुशियां मातम में बदल गई। बेटे की बारात की जगह पिता अर्थी तैयार कर रहा है। विवाह अक्ति पर्व पर 22 अप्रैल को होना था। जानकारी के अनुसार मृतक सुरेंद्र साहू का विवाह कल अक्षय तृतीया को कवर्धा की लड़की के साथ होना था। परिवार के लोग रिश्तेदारों को निमंत्रण देने के बाद घर में विवाह की रस्म शुरू हो गई थी। इसी बीच मृतक सुरेंद्र साहू को उसकी होने वाली पत्नी के प्रेमी ने फोन कर शादी नहीं करने की धमकी दिया। फोन पर मिली धमकी से सुरेंद्र सहम गया और उसने इस घटना को अंजाम देने कदम उठा लिया। परिजनों का कहना है कि सुरेंद्र रिश्ता पक्का होने के बाद काफी खुश था। वह परिवार के साथ शादी की तैयारी में जुट गया और अपने रिश्तेदारों को पत्रिका देने भी उनके घर तक पहुंचा, लेकिन किसे मालूम था कि सुरेंद्र को कोई इस तरह की धमकी दे सकता है। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

  • मनीष कश्यप के खिलाफ NSA क्यों; सुप्रीम कोर्ट ने जताई हैरानी

    नई दिल्ली। बिहार के यूट्यूबर मनीष कश्यप के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (एनएसए) लगाने को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने तमिलनाडु और बिहार सरकार से जवाब मांगा है। मुख्य न्यायाधीश डीवाई चंद्रचूड़ और न्यायमूर्ति पीएस नरसिम्हा की पीठ ने मनीष कश्यप की एनएसए के तहत हिरासत को चुनौती देने वाली याचिका पर सुनवाई करते हुए दोनों राज्यों को नोटिस जारी किया।

    पीठ ने शुक्रवार को सुनवाई के दौरान कहा, “याचिकाकर्ता अनुच्छेद 32 के तहत मांगी गई राहत के अलावा एनएसए के तहत हिरासत के आदेश को चुनौती देना चाहता है। याचिकाकर्ता को याचिका में संशोधन करने की अनुमति है। हम निर्देश देते हैं कि याचिकाकर्ता को मदुरै सेंट्रल जेल से स्थानांतरित नहीं किया जाए।” मामले की अगली सुनवाई 28 अप्रैल को होगी।

    मनीष कश्यप की ओर से पेश हुए वरिष्ठ अधिवक्ता सिद्धार्थ दवे ने कहा गिरफ्तार यूट्यूबर पर तमिलनाडु में छह और बिहार में तीन एफआईआर दर्ज हैं। उनके खिलाफ एनएसए लगाया गया है। इस पर मुख्य न्यायाधीश ने हैरानी जताते हुए कहा, “मनीष कश्यप के खिलाफ एनएसए? इसके खिलाफ यह प्रतिशोध क्यों?”

    वही, तमिलनाडु सरकार की ओर से कपिल सिब्बल ने दलील पेश की। सिब्बल ने कहा कि मनीष कश्यप ने फर्जी वीडियो बनाकर दावा किया कि तमिलनाडु में बिहार के प्रवासी मजदूरों पर हमले हो रहे हैं। सिब्बल ने कहा कि मनीष कश्यप के 60 लाख फॉलोवर्स हैं। वह एक राजनेता हैं। उन्होंने चुनाव लड़ा है। वह पत्रकार नहीं हैं।

    मनीष कश्यप ने अपनी याचिका में सभी एफआईआर को एक साथ जोड़ने की भी मांग की है। मनीष के वकील ने एफआईआर को रद्द करने की भी मांग की है। उन्होंने शीर्ष अदालत को बताया था कि उनके मुवक्किल पर अब एनएसए के तहत मामला दर्ज किया गया है।

  • तोपचांची में होटल में लगी भीषण आग, आग बुझने के बाद पहुंची फायर ब्रिगेड

    तोपचांची में होटल में लगी भीषण आग, आग बुझने के बाद पहुंची फायर ब्रिगेड

    धनबाद। तोपचांची के वाटर बोर्ड के शान ए पंजाब होटल की किचन में अचानक आग लगने से लाखों की नुकसान हुई है। आग गुरूवार रात करीब 10:45 लगी। देखते ही देखते आग ने भयावह रूप ले लिया। आग के कारण होटल में खाना खा रहे ग्राहकों के बीच अफरा तफरी मच गई। शोरगुल के साथ लोग जान बचाने के लिए इधर उधर भागने लगे। होटल में खाना खा रहे लोगों ने बताया कि होटल के किचन में गैस लीक होने से आग लगी है। आग लगने के बाद हवा चलने के कारण आग की लपटें काफी तेज उठ रही थी।

    हालांकि आग लगने से किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। लेकिन इस आगलगी से लाखों की संपत्ति जलकर राख हुआ है। सूचना मिलते ही आस पड़ोस के ग्रामीणों की भीड़ घटनास्थल पर उमड़ पड़ी। ग्रामीणों और होटल कर्मियों की सूझबूझ और कड़ी मशक्कत के बाद आग काबू पा लिया गया। होटल में लगी आग की सूचना के बाद ग्रामीणों ने फायर ब्रिगेड से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन फायर ब्रिगेड की गाड़ी घटनास्थल पर नहीं पहुंच पाई। आग पर काबू पा लेने के बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची।