सात घंटे से CM से ईडी कर रही पूछताछ

ईडी ऑफिस में ही खाया दोपहर का खाना
रांची। 1000 करोड़ के खनन घोटाले में पूछताछ के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन आज दोपहर करीब 11.50 बजे हिनू एयरपोर्ट रोड स्थित ईडी आफिस पहुंचे। सीएम के अंदर जाते ही ईडी आफिस का गेट बंद कर दिया गया। अंदर कार्यालय में ईडी के अफसरों ने उनसे पूछताछ शुरु कर दी। जानकारी के अनुसार श्री सोरेन से साहेबगंज में हुए खनन घोटाले में उनके विधायक प्रतिनिधि की संलिप्तता से लेकर कोलकाता के व्यवसायी अमित अग्रवाल के साथ उनके व्यवसायिक रिश्ते से जुड़े दर्जनों प्रश्न हेमंत सोरेन से किये गये। पूछताछ के बीच में वहीं सीएम हाऊस से खाना मंगवाकर हेमंत सोरेन ने दोपहर का भोजन भी लिया। इस दौरान हिनू चौक से लेकर सीएम हाऊस तक झामुमो कार्यकर्ता जुटे रहें। सीएम के पहुंचने के पहले ईडी आफिस की सुरक्षा बढ़ा दी गई थी। ईडी गेट से हिनू चौक तक सुरक्षा बेहद कड़ी कर दी गई है।

अवैध खनन और मनी लॉन्ड्रिंग केस में हो रही पूछताछ
हेमंत सोरेन के तार अवैध खनन और मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़ने का आरोप है। 8 जुलाई को ईडी ने हेमंत सोरेन के करीबी पंकज मिश्रा के घर पर छापेमारी की थी। यहां से एजेंसी को हेमंत सोरेन की बैंक पासबुक, साइन किए हुए दो चेक और चेक बुक मिली है। सितंबर में चार्जशीट दाखिल करते हुए एऊ ने बताया था कि जांच में उसे अवैध खनन में एक हजार करोड़ रुपए से ज्यादा की हेराफेरी होने के सबूत मिले हैं।

राजधानी में सुरक्षा के किये गये पुख्ता इंतजाम, निषेधाज्ञा लागू
रांची। ईडी आॅफिस में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पेशी को देखते हुए राजधानी में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये हैं। ईडी आॅफिस के आसपास एयरपोर्ट रोड में निषेधाज्ञा लगा दिया गया है। ईडी आॅफिस के बाहर जिला पुलिस के अलावा सीआरपीएफ की टीम ने भी सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभाल रखा है। रांची पुलिस के 200 जवानों को तैनात किया गया है। वहीं सीआरपीएफ की एक टीम ईडी दफ्तर में तैनात है। रांची एसडीओ दीपक दूबे ने एयरपोर्ट रोड व उसके आसपास 100 मीटर के दायरे में निषेधाज्ञा लागू कर वहां किसी तरह की भीड़ लगाना प्रतिबंधित कर दिया है। झामुमो कार्यकर्ताओं द्वारा रैली निकाले जाने की संभावना के मद्देनजर राजधानी के चौक चौराहों पर सुरक्षा बढा दी गयी है। रांची एसएसपी खुद सड़क पर उतरकर सुरक्षा व्यवस्था में लगे हैं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top