चालान जमा करने के लिए दिन भर परेशान रहे इंटरमीडिएट के विद्यार्थी

खूंटी। बिरसा कालेज खूंटी में बैंक का काउंटर नहीं रहने के कारण विद्यार्थी कालेज और बैंक के बीच चक्कर काटते हुए परेशान है। कालेज में इंटरमीडिएट के विद्यार्थियों का पंजीयन के लिए चालान भरने का काम चल रहा है। वहीं स्नातक सेमेस्टर तीन के विद्यार्थियों का एडमीशन व रजिस्ट्रेशन दोनों चल रहा है। बिरसा कालेज में इंटरमीडिएट के कला बालक, बालिका, विज्ञान व वाणिज्य संकाय में प्रति में 512 सीट है। ऐसे में कुल 2060 विद्यार्थी और स्नातक सेमेस्टर तीन में करीब साढ़े तीन हजार विद्यार्थियों को अपने काम के लिए बैंक में चालान जमा करना पड़ेगा। इंटरमीडिएट के विद्यार्थियों के लिए पंजीयन शुल्क जमा करने के लिए आज अंतिम दिन है। इसके लिए मेन रोड में बैंक आफ इंडिया के नीचे बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं की हुजूम दिन भर उमड़ी रही। बैंक में दस-दस की टोली में विद्यार्थियों को अंदर जाने दिया जा रहा था। बैंक के बाहर विद्यार्थियों ने बताया कि वे सभी दस बजे से ही बैंक के बाहर मेन रोड के किनारे खड़े है। बिरसा कालेज में व्यवस्था के अभाव के कारण छात्र-छात्राओं को काफी दिक्कतों का सामना हमेशा ही करना पड़ता है। इस संबंध में कालेज के प्रभारी प्राचार्या जे कुल्लू किड़ो ने बताया कि पंजीयन शुल्क जमा करने की तिथि कालेज द्वारा निर्धारित है। विद्यार्थियों की परेशानी को देखते हुए इसे आगे बढ़ाया जा सकता है। उन्होंने बताया कि पूर्व में भी बैंक प्रबंधन से विद्यार्थियों की सुविधा के लिए कालेज में काउंटर खोलने का आग्रह किया गया था। कर्मी की कमी बताते हुए बैंक कालेज में काउंटर नहीं खोलने की बात कहती है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top