टैग: क्राइम

  • लोहरदगा: सरकारी शराब दुकान से अवैध विदेशी शराब के साथ दो गिरफ्तार

    लोहरदगा: सरकारी शराब दुकान से अवैध विदेशी शराब के साथ दो गिरफ्तार

    लोहरदगा | कुडु बाजार टांड स्थित सरकारी विदेशी शराब दुकान से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद किया है. मामले में दो लोगो को गिरफ्तार कर जेल भी भेज दिया गया है. जानकारी के अनुसार कुडु बाजार टांड़ स्थित सरकारी विदेशी शराब दुकान में अवैध शराब रखने और बेचने की सूचना जिला उत्पाद विभाग को मिली थी, जिसके बाद जिला उत्पाद अधिकारी अनिल कुमार शर्मा ने टीम बनाकर छापेमारी के लिए भेजा, टीम ने जब दुकान में छापेमारी की तो 23 लीटर अवैध शराब बरामद की गई, जिसमें बी सेवन की दो पेटी अवैध शराब, और आरएस ब्रांड का 40 पिस बोतल बरामद किया गया. साथ ही दुकान में मौजूद राहुल कुमार साहू और राजन कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.

    मामले में संबंधित एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई करने की तैयारी की जा रही है. इस छापेमारी अभियान में उत्पाद इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार करमाली, राजकुमार महतो, हवलदार राजेंद्र सिंह सहित कई लोग शामिल थे. जिले में सरकारी दुकान में अवैध शराब बरामदगी का यह पहला मामला है.

  • जम्मू-कश्मीर में मिला अरबों का खजाना

    जम्मू-कश्मीर में मिला अरबों का खजाना

    देश के अलग-अलग राज्यों में गोल्ड और लिथियम समेत अन्य खनिजों का भंडार मिला है. इनमें सबसे बड़ा भंडार जम्मू-कश्मीर के रियासी में मिला है, जो कि लिथियम का है. जियोलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया (GSI) ने 51 ब्लॉकों को राज्य सरकारों और कोयला मंत्रालय को सौंप दिया है.

    देश के 11 राज्यों में गोल्ड, लिथियम समेत अन्य खनिजों का भंडार मिला है. जियोलॉजिकल सर्वे ऑफ इंडिया (GSI) ने 51 ब्लॉकों को राज्य सरकारों और कोयला मंत्रालय को सौंप दिया है. जम्मू-कश्मीर के रियासी में मिले लिथियम के इतने बड़े भंडार की यह पहली साइट है, जिसकी GSI ने पहचान की है.

    माइंस मंत्रालय के सचिव और CGPB चेयरमैन विवेक भारद्वाज ने बताया मंत्रालय की ओर से 2015 से अबतक राज्य सरकारों को 287 भूगर्भीय दस्तावेज सौंपे गए हैं. उन्होंने जोर देकर कहा कि जीएसआई इस गति को बढ़ाएगी. वहीं बीती 9 फरवरी को GSI ने लिथियम और गोल्ड के अलावा 7897 मिलियन टन के संसाधन वाले कोयला और लिग्नाइट की 17 रिपोर्टें भी कोयला मंत्रालय को सौंपी हैं.

    भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण ने पहली बार जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले के सलाल-हैमाना क्षेत्र में 5.9 मिलियन टन के लिथियम अनुमानित संसाधन स्थापित किए हैं. लिथियम का उपयोग मोबाइल फोन, लैपटॉप, डिजिटल कैमरा और इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए रिचार्बेल बैट्री में किया जाता है. इसके अलावा इसका उपयोग खिलौनों और घड़ियों के लिए भी किया जाता है. इस समय भारत लिथियम के लिए पूरी तरह दूसरे देशों पर निर्भर है.

  • भटका हाथी पहुंचा हजारीबाग… ली दो की जान

    भटका हाथी पहुंचा हजारीबाग… ली दो की जान

    दो व्यक्तियों को कुचल कर मार डाला

    हजारीबाग : ऐसे तो हाथियों के उत्पात की घटना आए दिन हमारे सामने आते रहते हैं, लेकिन हजारीबाग शहरी क्षेत्र में आज तड़के जिस तरह एक हाथी ने उत्पात मचाते हुए 2 व्यक्ति को कुचल कर मार दिया और एक अन्य युवती को घायल कर दिया है। इससे पूरे शहर में हड़कंप मच गया है।

    लोगों में उबाल इस कदर दिख रहा है कि हजारीबाग चतरा मार्ग को खिरगांव मैला टांड़ के समीप जाम कर दिया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों की माने तो दामोदर साव, धनेश्वर साव नाम का व्यक्ति आज अहले सुबह अपने  खेत में काम करने गया। जहां हाथी ने उसे अपने चपेट में ले लिया।

    वहीं पार नाला के पास की रहने वाली एक अन्य महिला 26 वर्षीय रिंकी कुमारी को भी हाथी ने घायल कर दिया है। जिसे सदर अस्पताल हजारीबाग इलाज के लिए भेजा गया है। जहां उनकी हालत की गंभीरता को देखते हुए रिम्स रेफर किया गया है। मामले की जानकारी मिलते के साथ वन विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंच चुकी है और हाथी को खदेड़ने का अभियान जारी है।

    लेकिन लोगों की भारी भीड़ और सड़क मार्ग को जाम कर देने के कारण वन विभाग के अधिकारियों को हाथी को खदेड़ने में काफी असुविधा हो रही है। वन विभाग की एसीएफ एके परमार ने बताया कि हाथी घायल है इस कारण वह उत्पात मचा रहा है घायल हाथी हजारीबाग के सरदार चौक तक पहुंचा था।

    जहां से वापस खीरगांव की ओर आया उन्होंने यह भी बताया कि हाथियों का यह बेहद पुराना रूट है जिस कारण हाथी रिहायशी इलाके में घुस आते हैं। मृतक के परिजनों ने सरकार से मुआवजे एवं सरकारी नौकरी की मांग रखी है। हजारीबाग के रेलवे स्टेशन के करीब कचरा डंप करने के मैदान यानी मैला टांड़ में अभी हाथी के होने की खबर आ रही है।

  • पूर्व विधायक कुशवाहा शिवपूजन मेहता को मिली दो साल की सजा 6 साल तक चुनाव लड़ने पर रोक

    पूर्व विधायक कुशवाहा शिवपूजन मेहता को मिली दो साल की सजा 6 साल तक चुनाव लड़ने पर रोक

    पलामू। एमपी-एमएलए कोर्ट पलामू के स्पेशल मजिस्ट्रेट सतीश कुमार मुंडा की अदालत में आज सुनवाई हुई। सुनवाई को दौरान कोर्ट ने आजसू के केंद्रीय उपाध्यक्ष सह हुसैनाबाद के पूर्व विधायक कुशवाहा शिवपूजन मेहता सहित सात लोगों को दोषी पाया। इन सभी को सात साल की सजा और दो- दो हजार रुपये का जुमार्ना भी लगाया गया है। इन सभी पर बिना अनुमति के सभा करने और सरकारी काम में बाधा डालने का आरोप है। बता दें कि एक सितंबर 2014 को जेपी चौक जपला, हुसैनाबाद में कुशवाहा शिवपूजन मेहता ने बहुजन समाज पार्टी के अन्य सदस्यों के साथ बिना अनुमति के सभा का आयोजन किया था। सड़क पर टायर जलाकर जाम किया गया था। जाम हटाने पहुंचे पुलिस पदाधिकारियों के साथ अभद्र व्यवहार किया और सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न की। दिसंबर 2014 के झारखंड विधानसभा चुनाव में बसपा प्रत्याशी के रूप में हुसैनाबाद विधानसभा क्षेत्र से कुशवाहा शिवपूजन मेहता विधायक निर्वाचित हुए थे। इसके बाद मामले को एमपी-एमएलए कोर्ट में ट्रांसफर कर दिया गया। अदालत ने साक्ष्य के आधार पर दोषी पाते हुए पूर्व विधायक कुशवाहा शिवपूजन मेहता, अजय कुमार भारती, हरि यादव ,बसपा जिलाध्यक्ष संतोष कुमार गुप्ता, विजय प्रसाद, रंजीत वर्मा व जितेंद्र कुमार पासवान को दो-दो वर्ष की सजा सुनायी है।

  • बेरहम पिता ने 6 वर्षीय पुत्री को जंजीर से बांध कर पीटा, गर्म सलाखों से दागा व कान तक उखाड़ लिया

    बेरहम पिता ने 6 वर्षीय पुत्री को जंजीर से बांध कर पीटा, गर्म सलाखों से दागा व कान तक उखाड़ लिया

    समस्तीपुर। जिले के शाहपुर पटोरी थाना क्षेत्र में एक बेरहम पिता ने 6 साल की बेटी की बेरहमी से पिटाई कर दी और उसका कान उखाड़ लिया। बेटी दर्द के मारे चीखती रही, लेकिन फिर भी उसका दिल नहीं पसीजा। निर्दयी बाप ने उसे जंजीर से बांधकर टांग दिया और गर्म सलाखों से कई जगह दागा। इसके बाद भी उसका मन नहीं भरा तो बेरहमी से पिटाई कर दी। यहां तक कि उसका पैर भी मरोड़ डाला। हालांकि, घटना के बाद पिता खुद जख्मी बच्ची को लेकर समस्तीपुर सदर अस्पताल पहुंचा। सदर अस्पताल के चिकित्सक डा. उत्सव ने बताया कि बच्ची की हालत गंभीर है। उसके चेहरे और शरीर पर कई जगह दागने के निशान है। उसके सिर में काफी चोट है और शरीर में भी कई जगहों पर काफी सूजन आई है। बेरहम बाप ने बच्ची का कान तक उखाड़ डाला है। नगर थानाध्यक्ष चंद्रकांत गौरी ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है और इसकी जांच की जा रही है। फिलहाल पिता को हिरासत में रखा गया है।

  • अवैध तरीके से कोयला निकालने के दौरान चाल धंसा, युवक की मौत

    अवैध तरीके से कोयला निकालने के दौरान चाल धंसा, युवक की मौत

    गिरिडीह। गिरिडीह जिले के सीसीएल कोलियरी क्षेत्र के ओपन कास्ट कोलियरी में अवैध खनन के दौरान चाल धंस गई। इस दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई है। मृतक की पहचान 26 वर्षीय प्रकाश पासवान के रूप में की गयी है। वह मुफस्सिल थाना इलाके के महेशलुण्डी पंचायत स्थित महुआटांड का बताया जा रहा है। बताया जाता है कि सीसीएल ओपेन कास्ट माइंस के ठीक पीछे कुछ लोगों द्वारा अवैध कोयला खदान का संचालन किया जा रहा था। इसी खदान से लगातार अवैध कोयला की निकासी की जा रही है। इसी दौरान चाल धंस गई और प्रकाश पासवान दब गया। दुर्घटना के बाद साथ गए मजदूर वहां से भाग निकले। वहीं अवैध खनन करा रहा व्यक्ति भी फरार हो गया। मामले की सूचना पर स्थानीय मुखिया शिवनाथ साव, वार्ड सदस्य जगदीश दास एवं मृतक का भाई राजू पासवान पहुंचे और पुलिस को सूचित किया। मौके पर उसके भाई राजू ने हिम्मत जुटाया और अवैध खान में घुस कर अपने भाई प्रकाश पासवान की मृत्यु की पुष्टि की। दूसरी तरफ इस घटना के बाद पूरे इलाके में सन्नाटा पसर गया है। क्षेत्र में संचालित अवैध खान संचालन में संलिप्त लोग फरार हो गए हैं। वहीं मृतक के घर के लोगों का रो – रोकर बुरा हाल है। गिरिडीह जिले में इन दिनों अवैध माइनिंग जोरों पर है। आलम यह है कि बंद पड़े खदानों में एक तय पैटर्न के तहत अवैध माइनिंग हो रही है।
    अहले सुबह से ही संगठित तरीके से कोयला निकाला जा रहा है। इसके लिए बजाप्ता मजदूर रखे जाते हैं। अवैध माइनिंग करते-करते स्थिति ऐसी हो गयी है कि गिरिडीह को लोग आने वाले दिनों का झरिया बोलना शुरू कर दिए हैं। ऐसा नहीं है कि अवैध माइनिंग कोई नयी है। गिरिडीह में लंबे समय से अवैध माइनिंग हो रही है। जिसमें सैकड़ों लोगों ने अपनी जान गंवाई है।

  • रांची पुलिस पर हमला, दो अफसर घायल

    रांची पुलिस पर हमला, दो अफसर घायल


    रांची। जिले के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र स्थित कचनार टोली में पुलिस पेट्रोलिंग गाड़ी पर हमला हुआ है। जिसमें दो पुलिस पदाधिकारी घायल हो गये है। कुछ लोगों ने पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट की हैं। घायलों में दारोगा संजय कुमार और एएसआई ललन कुमार शामिल हैं। घायलों को इलाज के लिए हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है ।वहीं घटना की जानकारी मिलने के बाद आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीम जुटी हुई है। संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

  • राजधानी में नाबालिग से सामुहिक दुष्कर्म, दो अरेस्ट

    राजधानी में नाबालिग से सामुहिक दुष्कर्म, दो अरेस्ट

    राजधानी के कांटाटोली स्थ्ति मंगल टावर का मामला


    रांची। राजधानी के व्यस्ततम इलाके कांटाटोली स्थ्ति मंगल टावर में सामुहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर लोअर बाजार पुलिस ने दो युवकों भोलू कुमार और मनीष तिर्की को तमाड़ से गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार मंगल टावर में लिफ्ट मैन के रूप में काम करने वाले दो युवक डंगरा टोली की रहने वाली एक नाबालिग लड़की से दोस्ती कर उसको अपने जाल में फंसा लिया।

    कल रात युवकों ने साजिशन नाबालिग लड़की को मंगल टावर स्थित अपने कमरे पर लाए और रात्रि में दोनों ने उसके साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया। सुबह में नाबालिग लड़की को कमरे से बाहर निकालकर दोनों युवक फरार हो गये। लड़की को रोता देखकर आसपास के लोगों ने पूरे मामले की जानकारी ली और फिर इसकी सूचना पुलिस को दी।

    पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तमाड़ से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि, इस मामले में पुलिस खबर लिखे जाने तक कुछ भी बताने से कतराती रही है।

  • जिस घर से उठनी थी बहन की डोली, वहां से निकली भाई की अर्थी…

    जिस घर से उठनी थी बहन की डोली, वहां से निकली भाई की अर्थी…

    सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची तो पता चला कि इलाज के दौरान मोहन की मौत हो गई है। इस मामले में कालकाजी पुलिस थाने में हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है।

    दिल्ली के दक्षिण पूर्वी जिला के कालकाजी थानाक्षेत्र से एक दर्दनाक घटना सामने आई है जिसमें एक 12वीं के छात्र को चाकू से गोद-गोदकर मौत के घाट उतार दिया गया। जानकारी के अनुसार सोमवार की दोपहर छात्रों के दो गुटों में झगड़े ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें एक छात्र पर ताबड़तोड़ चाकू से जानलेवा हमला किया गया।

    इस हमले में वह छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए उसे नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, मृत छात्र की पहचान, 18 वर्षीय मोहन उर्फ मनिया के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि कुछ समय में मोहन के बहन की शादी होनी थी लेकिन अब भाई की मौत से शादी वाले घर में मातम पसर गया है।

    मोहन अपने परिवार के साथ ओखला फेज-2 की झुग्गियों में रहता था। मोहन कालकाजी स्थित सह शिक्षा माध्यमिक स्कूल में 12वीं का छात्र था। पुलिस ने बताया कि सोमवार दोपहर करीब ढाई बजे पुलिस को सूचना मिली कि छात्रों के गुटों के बीच चाकूबाजी में एक छात्र मोहन को गंभीर चोटें आई हैं। जिसे उपचार के लिए नजदीकी पूर्णिमा सेठी अस्पताल लाया गया है।

    सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची तो पता चला कि इलाज के दौरान मोहन की मौत हो गई है। इस मामले में कालकाजी पुलिस थाने में हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर आरोपियों की तलाश कर रही है। बताया जा रहा है कि आरोपियों की पहचान हो चुकी है, जल्द ही उनकी गिरफ्तारी कर ली जाएगी।

    पुलिस सूत्रों का कहना है कि छात्रों के बीच विवाद किसी लड़की से बात करने को लेकर हुआ था और खूनी वारदात में बदल गया।

  • दानापुर में मालगाड़ी बेपटरी हाईटेंशन तार से टकरायी

    दानापुर में मालगाड़ी बेपटरी हाईटेंशन तार से टकरायी

    पटना। बिहार की राजधानी पटना के दानापुर के सरारी गुमटी स्थित जमालुदीन चक गांव के पास मालगाड़ी बेपटरी हो गई है। मालगाड़ी बेपटरी होने के साथ ही हाईटेंशन तार से सट गया। जिससे एक बड़ा धमाका हुआ। हालांकि किसी जान का नुकसान नहीं हुआ है। हादसे के बाद लोग काफी डर गये थे।

    बताया जा रहा है कि हाई टेंशन तार में शॉर्ट लगाने के साथ ही बिजली आॅफ हो गई जिससे बड़ा नुकसान होने से बच गया। घटना की जानकारी मिलते ही आरपीएफ समेत रेलवे के बड़े अधिकारी मौके पर पहुंच कर मालगाड़ी को पटरी पर लाने में जुटे हैं ।हालांकि इस मामले में कोई भी रेलवे के अधिकारी कुछ भी बोलने से बच रहे हैं।

    इमरजेंसी टीमें घटना के तुरंत बाद पहुंच गई और अपने कार्य में लग गई। बता दें कि जमालुदीन चक के पास और सारारी रैक प्वाइंट पर यह पहला हादसा नहीं है। यहां पहले भी मालगाड़ी डीरेल हो चुका है।

  • अबु धाबी से मुंबई आ रही फ्लाइट में महिला ने उतारे कपड़े, क्रू मेंबर को मारा मुक्का; गिरफ्तार

    अबु धाबी से मुंबई आ रही फ्लाइट में महिला ने उतारे कपड़े, क्रू मेंबर को मारा मुक्का; गिरफ्तार

    पुलिस ने बताया, इटली की रहने वाली महिला फ्लाइट के दौरान बिजनेस क्लास में जाकर बैठ गई, जबकि उसके पास इकोनॉमी क्लास का टिकट था। जब क्रू मेंबर ने उसे अपनी सीट पर जाने को कहा, तो महिला उनसे बत्तमीजी करने लगी।

    अबु धाबी से मुंबई आ रही विस्तारा एयरलाइन की फ्लाइट(यूके-256) में उस समय हंगामा मच गया, जब इटली की रहने वाली एक महिला ने फ्लाइट में कपड़े उतार दिए और इधर-उधर घूमने लगी। रोकने पर महिला ने क्रू मेंबर्स से बदसलूकी की और हाथापाई पर भी उतारू हो गई। मुंबई में फ्लाइट लैंड होते ही क्रू मेंबर की शिकायत पर महिला को गिरफ्तार कर लिया गया। 

    पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इटली रहने वाली महिला की पहचान पाओला पेरुशियो के रूप में हुई है। फ्लाइट में वह नशे में थी। उन्होंने बताया, आरोपी महिला के खिलाफ जांच पूरी करने के बाद चार्जशीट दाखिल की गई है। उस पर 25 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है, जिसके बाद महिला को जमानत दे दी गई है। 

    बिजनेस क्लास में बैठ गई थी महिला 
    पुलिस ने बताया, इटली की रहने वाली महिला फ्लाइट के दौरान बिजनेस क्लास में जाकर बैठ गई, जबकि उसके पास इकोनॉमी क्लास का टिकट था। जब क्रू मेंबर ने उसे अपनी सीट पर जाने को कहा, तो महिला उनसे बत्तमीजी करने लगी। उसने एक क्रू मेंबर को मुक्का मारा तो एक पर थूका भी। इसके बाद महिला ने कपड़े उतार दिए और इधर-उधर घूमने लगी। 

    महिला को सीट से बांधा गया
    महिला के इस तरह के व्यवहार से फ्लाइट में हंगामा मच गया। इसके बाद कैप्टन के निर्देश पर क्रू मेंबर ने महिला को पकड़ा और उसे कपड़े पहनाए। महिला को एक सीट से बांध दिया गया और फ्लाइट के लैंड होने पर उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। इस मामले में विस्तारा एयरलाइंस की ओर से भी बयान जारी किया है। विस्तारा के प्रवक्ता ने कहा, पायलट ने अन्य यात्रियों की सुरक्षा को लेकर नियमित घोषणाएं कीं। हालांकि, महिला के न मानने पर सुरक्षा एजेंसियों को फ्लाइट लैंड होने पर तत्काल कार्रवाई करने के लिए सूचित किया गया। उन्होंने कहा, एसओपी के अनुसार घटना की सूचना संबंधित अधिकारियों को दे दी गई है। विस्तारा अपने यात्रियों और कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर जीरो टॉलरेंस की नीति पर दृढ़ है। 

  • एक महीने में चुरा लीं 20 कारें… हकीकत जान हो जाएंगे हैरान

    एक महीने में चुरा लीं 20 कारें… हकीकत जान हो जाएंगे हैरान

    गैंग दिल्ली-एनसीआर से कारों को चुराता था. चोरों ने कबूल किया है कि उन्होंने पिछले 1 महीने में 20 कारों को चुराया. दक्षिण पश्चिम दिल्ली की एएटीएस ने रंगे हाथों उत्तम नगर निवासी लकी, रायबरेली यूपी निवासी सफीक, मजीम अली और राम संजीवन को गिरफ्तार किया. आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि उन्हें गैंग के लीडर की कीमोथेरेपी के लिए 10 लाख रुपए चाहिए थे. गैंग का लीडर दिल्ली के एक प्राइवेट अस्पताल में आईसीयू में भर्ती है.

    दिल्ली पुलिस ने कार चोरों के गैंग का खुलासा किया है. यह गैंग महंगी कारों को चुराता था. गैंग ने एक महीने में 20 कार की चोरी की बात कबूली है. इस पूरे गैंग का मास्टर माइंड आशीष है, वह ब्लड कैंसर की बीमारी से जूझ रहा है और इस समय दिल्ली के प्राइवेट अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है. पुलिस के मुताबिक, गैंग के सदस्यों ने मास्टरमाइंड की कीमोथेरेपी के लिए पैसा जुटाने के लिए कारों को चोरी करने की घटना को अंजाम दिया.

    पुलिस के मुताबिक, गैंग ने दिल्ली के बाहरी इलाके में गोदाम बना रखा था. दिल्ली-एनसीआर से चोरी हुईं कारों को वहां लाया जाता था. यहां कारों के पार्ट्स को अलग अलग किया जाता था. फिर इन्हें बेच दिया जाता था. पुलिस ने इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया. चोरों के पास से करीब 50 कारों के पार्ट्स बरामद हुए हैं. 

    पुलिस ने बताया कि चोरों ने कबूल किया है कि उन्होंने पिछले 1 महीने में 20 कारों को चुराया. दक्षिण पश्चिम दिल्ली की एएटीएस ने रंगे हाथों उत्तम नगर निवासी लकी, रायबरेली यूपी निवासी सफीक, मजीम अली और राम संजीवन को गिरफ्तार किया. आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि उन्हें गैंग के लीडर की कीमोथेरेपी के लिए 10 लाख रुपए चाहिए थे. गैंग का लीडर दिल्ली के एक प्राइवेट अस्पताल में आईसीयू में भर्ती है. गैंगलीडर आशीष के भाई का लकी का गोदाम था. इसमें पुलिस ने इनोवा और फॉर्च्यूनर कार जैसी करीब 50 कारों के पार्ट्स बरामद किए हैं. पुलिस के मुताबिक, आशीष अभी तक किसी भी केस में गिरफ्तार नहीं हुआ है.

    कैसे खुला राज?

    8 जनवरी को आनंद निकेतन से स्वपन रॉय ने अपनी इनोवा कार की चोरी होने की सूचना पुलिस को दी थी. कारों की चोरी की बढ़ती घटनाओं को देखते AATS लगातार जांच कर रही थी. पुलिस सीसीटीवी के आधार पर अलीपुर पहुंची. यहां पुलिस ने आसपास पूछताछ करके एक गोदाम के बारे में जानकारी इकट्ठा की. इसके बाद पुलिस ने यहां छापा मारकर चार लोगों को गिरफ्तार किया और यहां चारों एक क्रेटा कार को काट रहे थे. यह कार राजौरी गार्डन से चुराई गई थी.

  • पाकिस्तान के पेशावर में मस्जिद में ब्लास्ट, 50 लोग हुए घायल

    पाकिस्तान के पेशावर में मस्जिद में ब्लास्ट, 50 लोग हुए घायल

    पाकिस्तान के पेशावर में पुलिस लाइन मस्जिद में जोरदार धमाका हुआ है। समाचार एजेंसी एएनआई ने पाकिस्तान मीडिया जियो न्यूज के हवाले से इस खबर की पुष्टि की है। फिलहाल मामले में अधिक जानकारी की प्रतिक्षा है।

    पेशावर (पाकिस्तान), एजेंसी। पाकिस्तान के पेशावर में पुलिस लाइन मस्जिद में जोरदार धमाका हुआ है। समाचार एजेंसी एएनआई ने पाकिस्तान मीडिया जियो न्यूज के हवाले से इस खबर की पुष्टि की है। फिलहाल मामले में अधिक जानकारी की प्रतिक्षा है।

    मस्जिद में हुआ ब्लास्ट, 50 लोग घायल

    पाकिस्तान अखबार डॉन के मुताबिक, पेशावर के पुलिस लाइन इलाके में सोमवार दोपहर ये ब्लास्ट हुआ है। ये ब्लास्ट एक मस्जिद में हुआ है, जिसमें कम से कम 50 लोगों के घायल होने की खबर है।

    खबर अपडेट हो रही है।

  • Kailash Kher पर लाइव परफॉर्मेंस के दौरान हमला…

    Kailash Kher पर लाइव परफॉर्मेंस के दौरान हमला…

    Kailash Kher: बॉलीवुड के मशहूर सिंगर कैलाश खेर पर हाल ही में तब हमला हुआ जब वो कर्नाटक के हम्पी महोत्सव में गाना गा रहे थे। स्टेज में परफॉर्म कर रहे कैलाश खेर पर दो लड़कों ने बोतल फेंककर हमला किया।

    कर्नाटक में चल रहे 3 दिन के हम्पी महोत्सव में कई बड़े सिंगर्स ने हिस्सा लिया और अपनी गायकी से लोगों को मंत्रमुग्ध किया। इस उत्सव में बॉलीवुड के मशहूर सिंगर कैलाश खेर भी शामिल हुए, मगर लाइव परफॉर्म के दौरान उन पर दो लड़कों ने हमला कर दिया, और पानी की बोतल फेंककर उन्हें मारा।

    दोनों आरोपी लड़कों को पुलिस ने हिरासत में लिया

    खबरों के मुताबिक सिंगर स्टेज पर लाइव परफॉर्म कर रहे थे, इस दौरान 2 लड़के सिंगर से कन्नड़ गाने की मांग करने लगे, और मांग करते हुए स्टेज पर परफॉर्म कर रहे कैलाश खेर के नजदीक आ गए और उनपर पानी की बोतल फेंककर हमला कर दिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।

    27 जनवरी से शुरू हुआ हम्पी महोत्सव

    आपको बता दें, 3 दिन का हम्पी महोत्सव 27 जनवरी को शुरू हुआ था और 29 जनवरी को इसका समापन हुआ। मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने इस उत्सव का उद्घाटन किया था।

    इस इवेंट में कई कन्नड़ सिंगर शामिल हुए, जिसमें विजय प्रकाश, अर्जुन, अनन्या भात, रघु दीक्षित आदि शामिल हैं। बॉलीवुड से सिंगर कैलाश खेर और सिंगर अरमान मलिक इस उत्सव में शामिल हुए।

    कैलाश खेर ने बॉलीवुड में कई हिट गाने दिए हैं। उनके एल्बम भी काफी लोकप्रिय हुए हैं।

  • ‘दोनों किडनी चोरी, बुरे समय में पति भी भाग गया… मेरे बच्चों का क्या होगा?’

    ‘दोनों किडनी चोरी, बुरे समय में पति भी भाग गया… मेरे बच्चों का क्या होगा?’

    बिहार के मुजफ्फरपुर में एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसमें पहले तो एक गरीब महिला की दोनों किडनी निकाल ली गई और अब पति भी उन्हें छोड़कर फरार हो गया है. महिला का कहना है कि वह अपनी मौत के दिन गिन रही है. लेकिन उसे अपने 3 बच्चों की चिंता है, जो उसके साथ हैं.

    भरोसे पर जिस नर्सिंग होम में इलाज कराया, वहां दोनों किडनी चोरी कर ली गईं. जिस पति ने सुख-दुख में साथ रहने का वादा किया वह बीच मंझधार में छोड़कर चला गया. तीन बच्चे हैं. पति उन्हें मेरे पास छोड़ गया. मजदूरी करके इन्हें पाल रही थी. अब अस्पताल में भर्ती हूं. मौत के दिन गिन रही हूं. पता नहीं कितने दिन की जिंदगी बची है. लेकिन मेरी गलती क्या थी, मेरे बाद इन बच्चों का क्या होगा, ये कैसे जिंदा रहेंगे?

    बिहार के मुजफ्फरपुर के अस्पताल में भर्ती सुनीता ये चुभते हुए सवाल पूछते-पूछते रो पड़ती हैं. यूटरस में इंफेक्शन होने पर सुनीता एक नर्सिंग होम में इलाज कराने गई थीं. वहां डॉक्टर ने उनकी दोनों किडनी निकाल लीं और फरार हो गया. अब सुनीता का इलाज मुजफ्फरपुर के SK मेडिकल कॉलेज (SKMCH) में चल रहा है. हालत दिन ब दिन खराब होती जा रही है. हर दो दिन में उनका डायलिसिस करना पड़ता है. कई लोग किडनी देने आगे आए, लेकिन मैच न होने के चलते ट्रांसप्लांट नहीं हो सका है.

    मेरे बाद इन बच्चों का क्या होगा?

    सुनीता के तीन बच्चे भी मासूम निगाहों से अपनी मां की हालत देखते रहते हैं. जब कोई सुनीता को देखने आता है तो वह उनसे यही सवाल पूछती है कि इन मासूमों का क्या कसूर है, मेरे बाद इनका क्या होगा? कुछ दिनों पहले तक सुनीता का पति अकलू राम भी उसके साथ था. वह किडनी देने के लिए भी तैयार था, लेकिन उसकी किडनी भी मैच नहीं हुई. किसी बात को लेकर अकलू राम की सुनीता से लड़ाई हो गई और वो तीनों बच्चों को उसके पास छोड़कर रफूचक्कर हो गया. जाते-जाते उसकी कही बात सुनीता के जख्मों को और हरा कर गई.

    …तुमसे मेरी जिंदगी नहीं चल पाएगी

    अकलू राम ने जाते समय सुनीता से कहा कि अब तुमसे मेरी जिंदगी नहीं चल पाएगी, इसलिए मैं जा रहा हूं. पति से हुई लड़ाई का जिक्र करते समय सुनीता फफक-फफक कर रोने लगती है. वह कहती है कि जब अच्छी हालत में थी तो खुद भी मजदूरी करती थी. बच्चों को कोई कमी न आए इसका पूरा खयाल रखती थी. पति के आखिरी शब्द याद करते हुए वह कहती है, ‘जाते समय उन्होंने कहा था- तुम्हारे साथ जिंदगी चलाना अब मुश्किल है. तुम जियो या मरो मुझे इससे कोई मतलब नहीं है.’सुनीत को इस बात का भी डर है कि पति उसे छोड़कर अब दूसरी शादी कर लेगा. 

    मैच नहीं हुई किसी डोनर की किडनी 

    अस्पताल में सुनीता की मां उनकी देखरेख कर रही हैं. मां का कहना है कि पति-पत्नी के बीच क्या विवाद हुआ, इस पर वो कुछ नहीं बोलेंगी. उन्होंने बताया कि एक महीने पहले तक अकलू राम सुनीता को राजी-खुशी किडनी देने के लिए तैयार था. लेकिन मैच नहीं होने के कारण संभव नहीं हो पाया. अस्पताल प्रबंधन भी सुनीता की मदद के लिए कोशिशें कर रहा है, लेकिन अब तक जो भी डोनर मिले हैं, किसी की भी किडनी मैच नहीं हो पाई. 

    सुनीता की ये हालत कैसे हुई?

    मुजफ्फरपुर के बरियारपुर चौक के निकट निजी शुभकान्त क्लिनिक में 3 सितंबर को सुनीता देवी के यूटरस के ऑपरेशन के बजाय फर्जी डॉक्टरों ने उसकी दोनों किडनी निकाल ली थीं. जब महिला की स्थिति बिगड़ी तब डॉक्टर और क्लिनिक संचालक पवन उसे पटना के नर्सिंग होम में भर्ती कराकर फरार हो गया. आरोप है कि डॉक्टरों ने धोखे से इस घटना को अंजाम दिया. पुलिस पवन को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है.

  • पीएम मोदी पर BBC की डॉक्यूमेंट्री पर सुप्रीम कोर्ट अगले हफ्ते करेगा सुनवाई

    पीएम मोदी पर BBC की डॉक्यूमेंट्री पर सुप्रीम कोर्ट अगले हफ्ते करेगा सुनवाई

    याचिकाकर्ता ने BBC की डॉक्यूमेंट्री पर भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय की ओर से 21 जनवरी, 2023 को जारी आदेश को मनमाना, दुर्भाग्यपूर्ण और असंवैधानिक बताते हुए रद्द करने का निर्देश देने की मांग की है. 

    नई दिल्‍ली: बीबीसी की डॉक्‍यूमेंटी पर पाबंदी लगाने का मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंच गया है. सुप्रीम कोर्ट में बीबीसी (BBC) की  डॉक्यूमेंट्री पर पाबंदी लगाने के खिलाफ याचिका दायर की गई हैं. वकील मनोहर लाल शर्मा द्वारा दायर की गई इस याचिका में डॉक्‍यूमेंट्री पर पाबंदी लगाने के केंद्र सरकार के फैसले को चुनौती दी गई है. सुप्रीम कोर्ट 6 फरवरी को इस मामले पर सुनवाई करेगा.

    याचिकाकर्ता वकील एमएल शर्मा ने जल्द सुनवाई की मांग की थी, लेकिन सीजेआई डी वाई चंद्रचूड़ ने कहा कि 6 फरवरी को सुनवाई होगी. इस याचिका में वर्ष 2002 में गुजरात में हुए सांप्रदायिक दंगों और उसके पहले बाद बनी परिस्थितियों पर बीबीसी की बनाई दो भागों वाली इस विवादास्पद डॉक्यूमेंट्री ‘इण्डिया: द मोदी क्वेश्चन’ पर कथित पाबंदी लगाने के केंद्र सरकार के आदेश को चुनौती दी गई है. याचिकाकर्ता ने इस डॉक्यूमेंट्री पर भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय की ओर से 21 जनवरी, 2023 को जारी आदेश को मनमाना, दुर्भाग्यपूर्ण और असंवैधानिक बताते हुए रद्द करने का निर्देश देने की मांग की है. 

    याचिका में कोर्ट से गुहार लगाई गई है कि देशभर में विवाद की जड़ बनी बीबीसी की इस डॉक्यूमेंट्री के दोनों पार्ट, कोर्ट में मंगाकर उनमें मौजूद सामग्री की तथ्य आधारित गहन जांच पड़ताल हो. इसके बाद कोर्ट उन लोगों के खिलाफ कार्रवाई का आदेश दे, जो 2002 के गुजरात दंगों के लिए प्रत्यक्ष या परोक्ष तौर पर जिम्मेदार थे.

    कोर्ट यह तय कर दे कि क्या देश के नागरिकों को संविधान के अनुच्छेद 19 (1) (2) के तहत दिए गए अभिव्यक्ति के अधिकार के तहत 2002 के गुजरात दंगों पर समाचार, तथ्य और रिपोर्ट देखने का अधिकार है? क्या केंद्र सरकार प्रेस की स्वतंत्रता और अभिव्यक्ति के मौलिक अधिकार पर अंकुश लगा सकती है? क्या राष्ट्रपति संविधान के अनुच्छेद 352 का प्रयोग करते हुए आपातकाल घोषित किए बिना, केंद्र सरकार द्वारा आपातकालीन प्रावधानों को लागू कर सकते हैं? अर्जी में दावा किया गया है कि बीबीसी की डॉक्यूमेंट्री में ऐसे रिकॉर्डेड तथ्य और सबूत हैं, जिनका उपयोग पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए किया जा सकता है.

  • बीजेपी नेता सुमित केसरी हत्याकांड का खुलासा

    बीजेपी नेता सुमित केसरी हत्याकांड का खुलासा

    गुमला | पालकोट में पिछले दिनों हुए बीजेपी नेता समित केसरी हत्याकांड का खुलासा करते हुए गुमला एसपी ऐहतेशाम वकारीब ने बताया गिरफ्तार बदमाश पहले पीएलएफआई संगठन के सदस्य थे और फिलहाल एक गिरोह बनाकर वारदातों को अंजाम दे रहे थे। दो लाख रुपए की लेवी के लिए बीजेपी नेता सुमित केसर को अगवा किया गया था और लेवे के पैसे नहीं मिलने पर अपराधियों ने गोली मारकर बीजेपी नेता की हत्या कर दी थी। जिसे चुनौती मानते हुए पुलिस टीम ने महज 17 दिनों के भीतर हत्याकांड का खुलासा कर दिया।

    बीजेपी नेता हत्याकांड में शामिल गिरफ्तार अपराधियों की पहचान निनई बसिया के पारस राम, सारुबेड़ा पालकोट के मोहन गोप, टेंगरिया तेतरटोली के बासिल इंदवार और सुअरगुड़ा पालकोट के नारायण सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से तीन देसी कट्टा और 6 कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस ने चारों बदमाशों को जेल भेज दिया है वहीं फरार दो अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी में जुटी है। एसपी ने दोनों को जल्द ही गिरफ्तार कर लेने का भरोसा दिलाया है।

  • मुगल गार्डन बना अमृत उद्यान

    मुगल गार्डन बना अमृत उद्यान

    नई दिल्ली : दिल्ली में राष्ट्रपति भवन के खूबसूरत मुगल गार्डन का नाम बदल गया है। अब इसे अमृत गार्डन के नाम से जाना जाएगा। इस बार अमृत गार्डन सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक खुलेगा। गार्डन को देखने के लिए ऑनलाइन ही बुकिंग हो सकेगी। पहली बार वॉक इन विजिटर्स को भी गार्डन घूमने दिया जायेगा। इस बार उद्यान सबसे ज्यादा अवधि 31 जनवरी से 26 मार्च तक 2 महीने के लिए खुलेगा। इस साल मानसून सीजन में भी गार्डन खुलेगा। इस तरह अमृत उद्यान अब साल में दो बार खुलेगा। इस बार गार्डन में ट्यूलिप और गुलाब के फूल खास आकर्षण रहेंगे।

    12 किस्म के ट्यूलिप्स होंगे खास आकर्षण
    गार्डन में इस बार 12 किस्म की ट्यूलिप्स देखने को मिलेगी। फूलों के सामने QR कोड लगे होंगे, जिसको स्कैन करके आपको फूलो के बारे में जानकरी मिलेगी। गार्डन में सेल्फी पॉइंट्स भी बनाये गए है। इसके अलावा 140 किस्म के गुलाब भी होंगे। इस दौरान 12 छात्र जो संबंधित विषय पर पीएचडी कर रहे है, वो भी मौजूद रहेंगे। इस बार गार्डन में स्पेशल कैटेगरी के लिए भी अलग से दिन निर्धारित किए गए हैं। स्पेशल कैटेगरी के लिए 28 मार्च से 31 मार्च तक का दिन निर्धारित किया गया है। इस कैटेगरी में किसान, दिव्यांग, महिलाओं समेत अन्य के लिए एक-एक दिन निर्धारित किया गया है। गार्डन 28 मार्च को किसानों के लिए, 29 को दिव्यागों और 20 को पुलिस और सेना के लिए खुलेगा। 31 मार्च का दिन महिलाओं के लिए निर्धारित किया गया है। इसमें जनजातीय महिलाओं और सेल्फ हेल्प ग्रुप भी शामिल हैं।

    कहां से करें ऑनलाइन बुकिंग
    अधिक से अधिक लोग अमृत गार्डन में घूम पाएं इसके लिए नई व्यवस्था की गई है। लोग सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक गार्डन में घूम सकेंगे। वीक डे में सुबह के 10 बजे से शाम 4 बजे तक के स्लॉट में 7500 विजिटर्स को अनुमति दी जाएगी। वहीं वीकेंड में 10 हजार लोगों को गार्डन घूमने की अनुमति मिलेगी।ऐसे में लोग ऑनलाइन एडवांस बुकिंग करा सकते हैं।

  • महिला ने पांचवें तल्ले से लगाई छलांग ,मौत

    महिला ने पांचवें तल्ले से लगाई छलांग ,मौत

    जमशेदपुर – 45 वर्षीय गिनिश्री पूर्ति ने फ्लैट के पांचवें तल्ले से कूदकर आत्महत्या कर ली. घटना की जानकारी मिलने पर परिजनों ने उसे तत्काल इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटना देर रात 2 बजे की बताई जा रही है. इधर सूचना पाकर उलीडीह पुलिस भी एमजीएम अस्पताल पहुंची और जांच में जुट गई. इस मामले मृतिका के पति गंगाधर पूर्ति के बयान पर अस्वाभाविक मौत का मामला दर्ज कराया गया है. गंगाधर पूर्ति बिजली विभाग में कार्यरत है. उन्होंने पुलिस को बताया कि गिनिश्री की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी. दो माह से उसका इलाज ब्रह्मानंद अस्पताल में चल रहा था. देर रात अचानक वह फ्लैट के बालकनी में गई और वहां से छलांग लगा दिया. फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कार्रवाई में जुट गई है.

  • सुखोई 30-मिराज 2000 क्रैश

    सुखोई 30-मिराज 2000 क्रैश

    मुरैना में भारतीय वायुसेना के दो फाइटर जेट क्रैश हो गए हैं। दोनों विमान वायुसेना के टॉप फाइटर जेट में शुमार होते हैं और यह हादसा वायुसेना के लिए बड़ा नुकसान है।

    मध्य प्रदेश के मुरैना में हुए भीषण हादसे में वायुसेना के दो फाइटर प्लेन सुखोई 30 और मिराज 2000 क्रैश हो गए हैं। दोनों विमानों ने ग्वालियर एयरबेस से उड़ान भरी थी और दोनों विमान अभ्यास उड़ान पर थे। अभी हादसे की वजह पता नहीं चल सकी है, जो जांच के बाद ही पता चल सकेगी। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, हादसे के वक्त सुखोई 30 में दो पायलट और मिराज 2000 में एक पायलट सवार था। रिपोर्ट्स के अनुसार, दो पायलट सुरक्षित हैं और तीसरे पायलट के लिए बचाव अभियान चलाया जा रहा है। एयरफोर्स ने हादसे की जांच के लिए कोर्ट ऑफ इंक्वायरी के आदेश दिए हैं। यह हादसा भारतीय वायुसेना के लिए बड़ा नुकसान माना जा रहा है।

    Mirage-2000: फ्रांस की कंपनी दसॉल्ट द्वारा निर्मित मिराज 2000 फाइटर जेट भारतीय वायुसेना के टॉप फाइटर जेट में से एक है। यह विमान पहली बार साल 1985 में भारतीय वायुसेना का हिस्सा बना था। भारतीय वायुसेना के पास 50 मिराज 2000 फाइटर जेट हैं। सिंगल शाफ्ट इंजन SNECMA M53 से लैस यह विमान सिंगल सीटर है। मिराज 2000 की लंबाई 14.36 मीटर, पंखों समेत चौड़ाई 91.3 मीटर है। इस प्लेन का कुल वजन 7500 किलोग्राम है, जो कुल 17 हजार किलोग्राम वजन को लेकर उड़ान भर सकता है। मिराज 2000 फाइटर जेट की टॉप स्पीड 2336 किलोमीटर प्रतिघंटा है और यह एक बार में अधिकतम 1550 किलोमीटर की दूरी तय कर सकता है। बता दें कि मिराज 2000, रूस में बने सुखोई 30 से भी तेजी से उड़ान भर सकता है। मिराज अधिकतर 59 हजार फीट की ऊंचाई पर उड़ान भरने में सक्षम है। 

    मिराज 2000 लेजर गाइडेड बम, एयर टू एयर और हवा से सतह पर मार करने वाली मिसाइलों से लैस है। मिराज में थॉमसन सीएसएफ आरडीवाई रडार सिस्टम लगा है और फ्लाइ बाय वायर फ्लाइट कंट्रोल सिस्टम लगा है, जिसमें सेक्सटेंट वीई-130 HUD लगा है। जिस पर फ्लाइट कंट्रोल, नेविगेशन, टारगेट इंगेजमेंट और वेपन फायरिंग का डाटा डिस्पले होता है। भारत के अलावा फ्रांस, इजिप्ट, यूएई, पेरू, ताइवान, ग्रीस और ब्राजील की वायुसेनाएं भी मिराज 2000 विमान का इस्तेमाल करती हैं। कारगिल युद्ध, सर्जिकल स्ट्राइक के दौरान मिराज 2000 विमानों ने अहम भूमिका निभाई थी। मिराज 2000 फाइटर प्लेन की कीमत करीब 167 करोड़ रुपए है।

    Sukhoi-30MKI: सुखोई-30 चौथी पीढ़ी का फाइटर जेट है, जिसके आधुनिक वर्जन सुखोई 30एमकेआई को रूस की कंपनी सुखोई और भारतीय कंपनी एचएएल ने मिलकर विकसित किया है। दो सीटों वाला यह मल्टी रोल फाइटर जेट दुनिया के सक्षम लड़ाकू विमानों में से एक माना जाता है। इस विमान में दो टर्बोजेट इंजन लगे हैं, जो अधिकतम 2120 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से उड़ान भर सकता है। 21.9 मीटर लंबा और 6.4 मीटर ऊंचे इस विमान की कुल चौड़ाई 14.7 मीटर है।  यह विमान कुल 38,800 किलोग्राम वजन लेकर उड़ान भर सकता है।  सुखोई 30 300 मीटर प्रतिसेंकेंड की रफ्तार से ऊंचाई की तरफ उड़ान भर सकता है। सुखोई एक बार में अधिकतम 3000 किलोमीटर की दूरी तय कर  सकता है और बीच हवा में रिफ्यूलिंग के बाद यह विमान 8000 किलोमीटर तक जा सकता है। 

    सुखोई 30 दुनिया के सबसे ज्यादा हथियारों से लैस फाइटर प्लेन में शुमार होता है और भारत में निर्मित ब्रह्मोस मिसाइल समेत कई घातक मिसाइलों को लेकर उड़ान भर सकता है। यह विमान भारतीय वायुसेना की रीढ़ की हड्डी माना जाता है। सुखोई 30एमकेआई के एक विमान की कीमत करीब 62 मिलियन डॉलर है।

  • चतरा : पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़,एक नक्सली मारा गया

    चतरा : पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़,एक नक्सली मारा गया

    चतरा जिले में पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई है. जिसमें एक नक्सली मारा गया है. यह घटना शनिवार की दोपहर में नक्सल प्रभावित कुंडा थाना क्षेत्र स्थित भूटकुइयां जंगल में हुई है.

    एसपी राकेश रंजन को गुप्त सूचना मिली थी कि 15 लाख के इनामी नक्सली मनोहर गंझू अपने दस्ते के साथ चतरा-पलामू बॉर्डर पर बड़ी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहा है. जिसके बाद एसपी के निर्देश पर सीआरपीएफ और जिला पुलिस के द्वारा संयुक्त रूप से सर्च अभियान चलाया गया. इसी दौरान सुरक्षाबलों को देखते ही नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी. जिसके बाद सुरक्षाबलों ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक नक्सली मारा गया. वहीं सुरक्षा बल को भारी पड़ता देख नक्सली घने जंगल का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे. सुरक्षाबलों के द्वारा जंगल में सर्च अभियान चलाया जा रहा है.