टैग: Gandiv news

  • हमारे गुरूजी होंगे पद्म भूषण

    हमारे गुरूजी होंगे पद्म भूषण

    गांडीव ब्रेकिंग: गणतंत्र दिवस के उपलक्ष्य में केंद्र ने दिया झारखंड को तोहफा

    रांची। गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर पद्म पुरस्कारों की घोषणा की गई है. हमारे दिशोम गुरु शिबू सोरेन को मरणोपरांत पद्म भूषण सम्मान दिया जा रहा है।

    भाजपा के कुछ नेताओं को भी सार्वजनिक जीवन में उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए पद्म सम्मान से नवाजा गया है. केरल के पूर्व मुख्यमंत्री वीएस अच्युतानंदन लेफ्ट पार्टी के बड़े नेता रहे हैं. जबकि उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यपाल रहे भगत सिंह कोश्यारी को भी उनकी सेवाओं के लिए यह सम्मान दिया गया है.

    पद्म विभूषण 

    केरल के दिवंगत पूर्व मुख्यमंत्री वीएस अच्युतानंदन
    केटी थॉमस -केरल

    पद्म भूषण
    उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी
    झारखंड के पूर्व सीएम शिबू सोरेन को भी मरणोपरांत 

    पद्म भूषण
    दिल्ली के पूर्व सांसद और बीजेपी नेता वीके मल्होत्रा को भी मरणोपरांत पद्म भूषण
    वेल्लापल्ली नतेशन का भी केरल से यह सम्मान मिला है।

  • मुख्यमंत्री हेमन्त दुनिया के देशों को देंगे झारखण्ड में निवेश का न्यौता

    मुख्यमंत्री हेमन्त दुनिया के देशों को देंगे झारखण्ड में निवेश का न्यौता

    दावोस में सीएम कई ग्लोबल कंपनियों के प्रमुखों से करेंगे मुलाकात

    रांची/दावोस। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के नेतृत्व में झारखण्ड का प्रतिनिधिमंडल वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम की वार्षिक बैठक के दौरान दावोस में एक मजबूत और स्पष्ट उद्देश्य के साथ शामिल होगा। इस मंच के जरिए झारखण्ड खुद को स्थिरता, ऊर्जा बदलाव, समावेशी विकास और औद्योगिक प्रगति जैसे वैश्विक मुद्दों पर एक जिम्मेदार और भविष्य के लिए तैयार राज्य के रूप में खुद को प्रस्तुत करेगा। वर्ल्ड फोरम पर उच्च-स्तरीय बैठकों, विचार-विमर्श सत्रों और द्विपक्षीय चर्चाओं के माध्यम से वैश्विक उद्योग जगत के नेताओं, नीति निर्माताओं, बहुपक्षीय संस्थानों और निवेशकों से संवाद करेगा।

    प्रकृति के साथ संतुलन में विकास है मूल दृष्टि

    झारखण्ड इस बैठक में “प्रकृति के साथ संतुलन में विकास” के दृष्टिकोण के साथ शामिल हो रहा है। यह सोच आर्थिक विकास को पर्यावरण की रक्षा, लोगों के कल्याण और लंबे समय तक टिकाऊ विकास के साथ जोड़ती है। अपने गठन के 25 वर्ष पूरे कर चुके युवा राज्य के रूप में झारखण्ड खुद को केवल खनिज संसाधनों वाला राज्य नहीं, बल्कि बेहतर शासन और भविष्य की जरूरतों के अनुसार विकास का रास्ता बनाने वाले राज्य के तौर पर पेश होगा।

    वैश्विक कंपनियों और संस्थानों के प्रमुखों के साथ संवाद

    वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम के दौरान मुख्यमंत्री टाटा स्टील, हिताची, श्नाइडर इलेक्ट्रिक, इंफोसिस, वेलस्पन, एबी इनबेव, ब्लूमबर्ग, टेक महिंद्रा, अल्फानार, रामकी ग्रुप, एवरस्टोन ग्रुप सहित स्वीडन, अमेरिका और यूरोप की वैश्विक व्यापार परिषदों और संस्थानों के प्रमुख के साथ बैठक करेंगे। इन बैठकों में टिकाऊ उद्योग, हरित ऊर्जा, महत्वपूर्ण खनिज, आधुनिक बुनियादी ढाँचा, डिजिटल तकनीक और जलवायु के अनुकूल औद्योगिक विकास में निवेश के अवसरों पर चर्चा होगी। मुख्यमंत्री ऊर्जा बदलाव, क्षेत्रीय नेतृत्व, बड़े पैमाने पर स्थिरता, महत्वपूर्ण खनिजों और मजबूत आपूर्ति श्रृंखलाओं में भारत की भूमिका से जुड़े उच्च-स्तरीय मंत्रिस्तरीय संवाद और पैनल चर्चाओं में भी भाग लेंगे। इन मंचों पर झारखण्ड यह बात सामने रखेगा कि भूमि, श्रम, संसाधन और जलवायु परिवर्तन के प्रबंधन में राज्य सरकार की भूमिका कितनी अहम है और कैसे राज्य स्तर से वैश्विक समाधान निकलते हैं।

    झारखण्ड मंडप का उद्घाटन होना रहेगा महत्वपूर्ण

    झारखण्ड प्रतिनिधिमंडल की मौजूदगी का एक महत्वपूर्ण हिस्सा झारखण्ड पेवेलियन का उद्घाटन है। पेवेलियन का उद्घाटन 20 जनवरी को होगा। यह पेवेलियन राज्य की निवेश संभावनाओं, नीतिगत सुधारों और दीर्घकालिक विकास योजना को प्रस्तुत करने का एक समर्पित मंच होगा। इसके माध्यम से झारखण्ड अपनी खनन और औद्योगिक पहचान से आगे बढ़कर हरित विकास, मूल्यवर्धित उत्पादन, जिम्मेदार संसाधन प्रबंधन और समावेशी रोजगार की दिशा में अपनी यात्रा को दिखाने की कोशिश करेगा।

    (और ज्यादा…)
  • धुर्वा डैम बनेगा टूरिस्ट डेस्टिनेशन : हेमन्त सोरेन

    धुर्वा डैम बनेगा टूरिस्ट डेस्टिनेशन : हेमन्त सोरेन

    मुख्यमंत्री ने नव वर्ष के अवसर पर किया रांची शहर का भ्रमण

    रांची: नये साल के आगाज पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने आज रांची शहर का दौरा करते हुए धुर्वा डैम एवं अन्य पिकनिक स्पॉट का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वहां की भौगोलिक स्थिति, सुरक्षा व्यवस्था तथा क्षेत्र में पर्यटन विकास की संभावनाओं का विस्तारपूर्वक अवलोकन किया। मुख्यमंत्री ने चाय की चुस्की के साथ रांची की हरियाली और प्राकृतिक सौंदर्य का भी आनंद लिया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि धुर्वा डैम क्षेत्र में पर्यटन को व्यवस्थित रूप से विकसित करने हेतु ठोस कार्ययोजना तैयार की जाए। इससे स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे तथा यह क्षेत्र रांची शहर के पर्यटन नक्शे का प्रमुख आकर्षण बनेगा।

    निरीक्षण के दौरान श्री सोरेन ने स्थानीय दुकानदारों एवं नागरिकों से उनकी समस्याएं सुनीं तथा सुझाव लिए।उन्होंने आश्वासन दिया कि सरकार जनसहभागिता के माध्यम से क्षेत्र के समग्र विकास को प्राथमिकता देगी। मुख्यमंत्री ने कहा, “धुर्वा डैम केवल रांची का महत्वपूर्ण जल स्रोत है, बल्कि यहां पर्यटन की अपार संभावनाएं भी हैं। सरकार इन संभावनाओं को चरणबद्ध तरीके से विकसित करेगी।

    इसके उपरांत श्री सोरेन ने धुर्वा स्थित ज्यूडिशियल अकादमी, झारखंड का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संस्थान की अधोसंरचना एवं प्रशिक्षण व्यवस्थाओं की प्रगति की समीक्षा की तथा आवश्यक निर्देश दिए।इस मौके पर मुख्य सचिव अविनाश कुमार, पर्यटन, कला, संस्कृति सचिव मनोज कुमार, रांची डीसी मंजूनाथ भजंत्री सहित वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, रांची जिला प्रशासन के पदाधिकारी, पर्यटन विभाग के प्रतिनिधि एवं अन्य संबंधित अधिकारीगण मौजूद थे।

  • राजधानी सहित 11 ज़िलों में आज मूसलधार बारिश की चेतावनी!

    राजधानी सहित 11 ज़िलों में आज मूसलधार बारिश की चेतावनी!

    📌 गांडीव लाइव डेस्क:

    झारखंड में बारिश का दौर जारी, वज्रपात और तेज हवाओं की चेतावनी ⚡🌧️

    झारखंड में मौसम ने एक बार फिर से करवट ली है, जहां आगामी दिनों में बारिश की गतिविधियों में वृद्धि की संभावना जताई जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार, 9 और 10 जुलाई को भी बारिश होने की उम्मीद है, जिससे किसानों और आम जनता को राहत मिलेगी।

    बारिश के आंकड़े 📊

    सोमवार को डालटनगंज में सबसे अधिक 27.6 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि रांची में 5.8 मिमी बारिश हुई। इस वर्ष अब तक पूर्वी सिंहभूम में 726.2 मिमी बारिश हो चुकी है, जो सामान्य से 138% अधिक है। वहीं, रांची में भी बारिश का आंकड़ा सामान्य से 160% ज्यादा, यानी 683.5 मिमी तक पहुंच गया है।

    मौसम की चेतावनी 🌪️

    मौसम विभाग ने वज्रपात और तेज हवाओं की संभावना के बारे में भी चेतावनी जारी की है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। विशेषकर, ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की सलाह दी गई है।

    किसानों के लिए राहत

    बारिश की यह स्थिति किसानों के लिए फायदेमंद साबित हो सकती है, जो इस समय अपनी फसल की बुवाई कर रहे हैं। हालांकि, वज्रपात की चेतावनी को देखते हुए सावधानी बरतना आवश्यक है। इस प्रकार, झारखंड में मौसम की गतिविधियों पर नजर रखना आवश्यक है, ताकि सभी लोग सुरक्षित रह सकें और कृषि कार्य में भी कोई बाधा न आए।

  • सुदिव्य को मिला नगर विकास तो इरफ़ान बनें स्वास्थ्य मंत्री

    सुदिव्य को मिला नगर विकास तो इरफ़ान बनें स्वास्थ्य मंत्री

    सीएम ने मंत्रियों के बीच किया विभागों का बँटवारा

    गांडीव रिपोर्टर

    रांची। मुख्यमंत्री और हेमंत सोरेन ने आज अपने मंत्रियों के बीच विभागों का बँटवारा कर दिया है। इरफ़ान अंसारी को जहाँ स्वास्थ्य मंत्री बनाने के साथ खाद्य आपूर्ति एवं आपदा प्रबंधन विभाग दिया गया है, वहीं दीपिका पांडेय सिंह को ग्रामीण विकास एवं ग्रामीण कार्य, पंचायती राज विभाग का मंत्री बनाया गया है।

    मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने अपने पास कार्मिक और गृह मंत्रालय के अलावा पथ निर्माण, भवन निर्माण, मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी विभाग के अलावा अन्य वैसे विभागों को रखा है, जो दूसरे मंत्रियों को आवंटित नहीं है।

    मुख्यमंत्री के क़रीबी माने जाने वाले सुदिव्य सोनू को नगर विकास विभाग, उच्च शिक्षा और खेलकूद मंत्रालय का मंत्री बनाया गया है, जबकि चमड़ा लिंडा को SC/ST आदिवासी कल्याण मंत्रालय का ज़िम्मा सौंपा गया है।

    कांग्रेस कोटे के मंत्री राधाकृष्ण किशोर को वित् विभाग, वाणिज्य कर विभाग एवं संसदीय कार्य का ज़िम्मा सौंपा गया है, वहीं शिल्पी नेहा तिर्की को कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग का ज़िम्मा दिया गया है। हफीजुल हसन अंसारी को जल संसाधन और अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री बनाया गया है वहीं योगेन्द्र प्रसाद को पेयजल स्वच्छता एवं उत्पाद मद्य निषेध मंत्रालय मिला है।

  • ट्रेन से कटा हाथी का बच्चा

    ट्रेन से कटा हाथी का बच्चा

    मालगाड़ी में फँसने के कारण रात में आवागमन बाधित

    आज शनिवार को वन विभाग की टीम ने निकाला शव

    Gandiv Reporter: लातेहार जिले के चंदवा थाना क्षेत्र के माल्हन केकराही गांव के निकट शुक्रवार की देर रात मालगाड़ी की चपेट में आने से एक हाथी के बच्चे की मौत हो गई।मृत हाथी का बच्चा मालगाड़ी के नीचे फंसा रहने के कारण रेलवे का परिचालन भी प्रभावित रहा।

    शनिवार को वन विभाग और रेलवे विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंची और मृत हाथी के बच्चे को मालगाड़ी के नीचे से बाहर निकाला गया। दरअसल, बरकाकाना-बरवाडीह रेलखंड अंतर्गत चंदवा थाना क्षेत्र के केकराही गांव के समीप बीती रात हाथियों का झुंड रेल पटरी को पार कर रहा था। इसी दौरान अचानक डाउन लाइन पर मालगाड़ी आ गई, जिसके चपेट में एक जंगली हाथी का बच्चा आ गया और उसकी मौत हो गई।

    हाथी का बच्चा मालगाड़ी में फंसे होने के कारण गाड़ी को घटनास्थल पर ही रोकना पड़ गया। इधर, घटना की जानकारी होने के बाद रेलवे विभाग के द्वारा वन विभाग को इसकी सूचना दी गई। शनिवार की सुबह वन विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंची और रेलवे की टीम की मदद से हाथी के बच्चे को रेलवे के पटरी से हटाया गया।

    इस संबंध में रेंजर नंदकुमार महतो ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम के द्वारा तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर मृत हाथी के बच्चे को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

    डाउन लाइन पर यातायात रहा प्रभावित

    इधर, डाउन लाइन पर मालगाड़ी के खड़े रहने के कारण यातायात प्रभावित हुआ। हालांकि रेलवे विभाग के द्वारा वैकल्पिक व्यवस्था के तहत अप लाइन के माध्यम से ही रेलवे परिचालन को कराया गया।शनिवार को पटरी से हाथी के बच्चे के शव को हटाने के बाद डाउन लाइन पर भी यातायात सामान्य हो गया।

  • आज रद्द रहेगी ये दोनों ट्रेन (Train)…

    आज रद्द रहेगी ये दोनों ट्रेन (Train)…

    रेलवे बोर्ड ने दी यह जानकारी

    Gandiv. Reporter: राउरकेला से हटिया आने वाली और टाटा से हटिया आने वाली ट्रेन आज रद्द कर दी गई है। रेलवे बोर्ड से मिली जानकारी के अनुसार लिंक रेक अनुपलब्ध होने की वजह से इन ट्रेनों को रद्द किया गया है।

    रेलवे सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक़ ट्रेन संख्या 08150 राउरकेला – हटिया पैसेंजर यात्रा प्रारंभ दिनांक 19/10/2024 को रद्द रहेगी।वहीं, ट्रेन संख्या 08195 टाटानगर – हटिया मेमू पैसेंजर यात्रा प्रारंभ दिनांक 19/10/2024 को रद्द रहेगी।

  • एक नवंबर से शुरू होगी Ranchi-Gorakhpur साप्ताहिक ट्रेन (Train)

    एक नवंबर से शुरू होगी Ranchi-Gorakhpur साप्ताहिक ट्रेन (Train)

    पटना-छपरा के रास्ते जाएगी गोरखपुर

    Gandiv. Ranchi: रांची से पूर्वांचल आने जाने वाले यात्रियों के लिए ख़ुशख़बरी है। रेल मंत्रालय ने यात्रियों की सुविधा के लिए यह सुनिश्चित किया है कि ट्रेन संख्या 18629/18630 रांची–गोरखपुर–रांची साप्ताहिक एक्सप्रेस शुरू किया जायेगा।

    रेलवे सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार ट्रेन संख्या 18629 रांची – गोरखपुर साप्ताहिक एक्सप्रेस एक नवंबर से प्रत्येक शुक्रवार को रांची से प्रस्थान करेगी |

    इस ट्रेन का रांची प्रस्थान 16:50 बजे, मूरी आगमन 18:28 बजे प्रस्थान 18:30 बजे, बोकारो स्टील सिटी आगमन 19:43 बजे प्रस्थान 19:48 बजे, धनबाद आगमन 21:40 बजे प्रस्थान 21:45 बजे, जसीडीह आगमन 00:32 बजे प्रस्थान 00:34 बजे, पटना साहब आगमन 04:25 बजे प्रस्थान 04:27 बजे, पटना आगमन 04:55 बजे प्रस्थान 05:05 बजे एवं गोरखपुर आगमन 11:30 बजे होगा |

    ट्रेन संख्या 18630 गोरखपुर – रांची साप्ताहिक एक्सप्रेस, यात्रा प्रारंभ दिनांक 02/11/2024 से प्रत्येक शनिवार को गोरखपुर से प्रस्थान करेगी |

    इस ट्रेन का गोरखपुर प्रस्थान 15:30 बजे, पटना आगमन 22:00 बजे प्रस्थान 22:10 बजे, पटना साहब आगमन 22:28 बजे प्रस्थान 22:30 बजे, जसीडीह आगमन 02:17 बजे प्रस्थान 02:19 बजे, धनबाद आगमन 05:00 बजे प्रस्थान 05:05 बजे, बोकारो स्टील सिटी आगमन 07:00 बजे प्रस्थान 07:05 बजे, मूरी आगमन 07:58 बजे प्रस्थान 08:00 बजे एवं रांची आगमन 09:25 बजे होगा |

    इन ट्रेनों में जनरेटर यान का 01 कोच, एसएलआरडी का 01 कोच, सामान्य श्रेणी के 04 कोच, द्वितीय श्रेणी स्लीपर के 06 कोच, वातानुकूलित 3-टियर के 07 कोच, वातानुकूलित प्रथम श्रेणी सह 2-टियर संयुक्त कोच का 01 कोच, वातानुकूलित 2-टियर के 02 कोच, कुल 22 कोच होंगे।

  • झारखंड चुनाव का ऐलान आज

    झारखंड चुनाव का ऐलान आज

    निर्वाचन आयोग के प्रेस कॉन्फ़्रेंस में 3.30 बजे होगी घोषणा

    झारखंड के साथ महाराष्ट्र में भी चुनाव का होगा ऐलान

    गांडीव रिपोर्टर

    रांची। निर्वाचन आयोग ने आज दोपहर साढ़े तीन बजे झारखंड और महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों की घोषणा के लिए प्रेस कॉन्फ़्रेन्स बुलायी है। आयोग द्वारा जारी चिट्ठी के अनुसार प्रेस कॉन्फ़्रेन्स में दोनों राज्यों के विधानसभा चुनावों को लेकर शेड्यूल जारी किया जाएगा। इसके साथ ही झारखंड और महाराष्ट्र दोनों राज्यों में आचार संहिता आज से ही लागू हो जाएगी।

    पाँच चरणों में हो सकते हैं चुनाव

    इलेक्शन कमिशन सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार झारखंड में विधानसभा चुनाव पाँच चरणों में होंगे, जबकि महाराष्ट्र में एक चरण में चुनाव संपन्न कराया जाना है। आयोग द्वारा बुलायी गई संवाददाता सम्मेलन में आज इसकी घोषणा कर दी जाएगी। ग़ौरतलब है कि पिछले दो महीनों से निर्वाचन आयोग लगातार इन दोनों राज्यों में विधानसभा चुनाव करवाने को लेकर विभिन्न बैठकों और राज्यों का दौरा कर तैयारी में जुटी हुई थी।

  • बंद पड़े सिदगोड़ा बस डिपो में लगी भीषण आग, कोई हताहत नहीं

    बंद पड़े सिदगोड़ा बस डिपो में लगी भीषण आग, कोई हताहत नहीं

     

    जमशेदपुर। सिदगोड़ा बस डिपो में आज सुबह भीषण आग लग गई। यह बस डिपो काफी समय से बंद है। आज सुबह लगभग छह बजे स्थानीय लोगों ने बस डिपो से धुंआ उठता देखा। इसके बाद दमकल विभाग को इसकी सूचना दी गई। सुबह करीब आठ बजे के आसपास दमकल आने के बाद आग बुझाने का काम शुरू हुआ। लोगों ने बताया कि यह बस डिपो करीब दो ढाई दशक से बंद पड़ा हुआ है। आग कैसे लगी ये इस बारे कोई पुख्ता जानकारी नहीं मिली है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही पता चल पाएगा। आग इतनी भयावह है कि इससे उठता धुंआ दूर तक देखा जा सका। समय पर आग पर काबू पा लेने से कोई जानमाल की क्षति नहीं हुई।

     

  • कांग्रेस नेता के भाई पर FIR दर्ज

    कांग्रेस नेता के भाई पर FIR दर्ज

    बिलासपुर :  जानलेवा हमले के आरोपी युवक कांग्रेस नेता के भाई का बचाव करने से पुलिस के खिलाफ ग्रामीणों में रोष फैल गया। उन्होंने थानेदार के रवैये पर सवाल उठाते हुए थाने का घेराव कर दिया। उच्चाधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद पीड़ित की शिकायत पर हत्या के प्रयास का अपराध दर्ज किया गया है। जानकारी के अनुसार बीते 2 अक्टूबर को युवक कांग्रेस नेता विश्वजीत अनंत के भाई विक्रमजीत अपने साथियों को लेकर मल्हार रोड स्थित एक होटल के पास पहुंचा जहां पीड़ित राकेश कुमार निर्णेजक एक ऑटो रिक्शा में कहीं जाने के लिए बैठा था। आरोपी विक्रमजीत व अन्य ने उन्हें ऑटो रिक्शा से नीचे उतारकर लात-घूंसे और डंडे से पीटा। एक आरोपी बलमजीत ने उस पर पत्थर से भी हमला किया, जिससे उसके सिर पर चोट आई। उसने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई।

    पीड़ित राकेश ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई तो मामूली मारपीट का अपराध दर्ज किया, साथ ही उसके विरुद्ध भी काउंटर रिपोर्ट दर्ज कर ली। ग्रामीणों ने पुलिस के रवैये पर पर रोष जताते हुए थानेदार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। शनिवार को उन्होंने थाने का घेराव कर दिया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आरोपियों के विरुद्ध आईपीसी की धारा 307 के तहत अपराध दर्ज कर लिया गया है। ग्रामीणों ने आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर मस्तूरी बंद की चेतावनी दी है।

  • न्यू लाइफलाइन नर्सिंग होम में महिला ने तीन बच्चों को दिया जन्म

    न्यू लाइफलाइन नर्सिंग होम में महिला ने तीन बच्चों को दिया जन्म

    जच्चा- बच्चा बिल्कुल स्वस्थ हैं, पहले भी करा चुके हैं एक साथ तीन बच्चों का प्रसव- डॉ रजनी कुमारी

    हजारीबाग पेलावाल की एक महिला ने तीन बच्चों को जन्म दिया और तीनों ही स्वस्थ हैं। जब प्रेग्नेंसी के बाद अल्ट्रासाउंड में पता चला कि महिला के गर्भ में तीन बच्चे पल रहे हैं, तो महिला और उसके परिवार वालों को बहुत चिंता हुई की इलाज और डिलेवरी कैसे होगा।
    फिर इनको पड़ोसी ने डॉ रजनी कुमारी से परामर्श लेने की सलाह दी, क्योंकी इनके पड़ोसी का भी तीन बच्चों की डिलेवरी डॉ रजनी के न्यू लाइफ लाइन नर्सिंग होम में हुआ था जो इन्द्रपुरी चौक के पास है। डॉ रजनी कुमारी के द्वारा इनका भी पूरे नौ महीने प्रेग्नेंसी का इलाज और परामर्श दिया गया अच्छे परामर्श इलाज के कारण तीनों बच्चों में से किसी को भी कोई समस्या नही हुई और अभी तीनों बच्चे और मां बिलकुल स्वस्थ है। कुशलता पूर्वक प्रसव के बाद डॉ रजनी ने बताया कि इससे पूर्व भी तीन बच्चों का प्रसव एक साथ करवा चुकी हूं। ये भी जच्चा और बच्चा बिल्कुल स्वस्थ हैं। प्रसव के बाद परिजनों ने डॉ रजनी और उनकी टीम को धन्यवाद दिया।

  • मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां रूपी सोरेन की तबीयत बिगड़ी

    मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां रूपी सोरेन की तबीयत बिगड़ी

    रांची : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मां रूपी सोरेन की तबीयत बिगड़ने पर रांची के एक निजी अस्पताल में भर्ती किया गया है। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार रूपी सोरेन को सांस संबंधी समस्या होने के बाद शनिवार देर रात अस्पताल में भर्ती किया गया है।

  • धनबाद के जोगता में फटी धरती, तीन घर धरती में समा गया

    धनबाद के जोगता में फटी धरती, तीन घर धरती में समा गया

    धनबाद: धनबाद के बीसीसीएल अग्निप्रभावित क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की जिंदगी पर खतरा लगातार बरकरार है। ताजा मामला जोगता थाना क्षेत्र के जोगता 11 नंबर हरिजन बस्ती की है, जहां रविवार को तेज आवाज के साथ भयावह गोफ बन गया है। साथ ही उसमें से भारी मात्रा में गैस रिसाव भी हो रहा है।

    गोफ में अबतक 3 घर जमींदोज हो चुके हैं। घर के सारा समान पाताल में समा गया है। गोफ लगातार अपना दायरा भी बढ़ा रहा है, जिससे करीब आधा दर्जन से ज्यादा घर चपेट में आ गया है। गांव में अफरा-तफरी का माहौल है। लोग अपने अपने घरों से समान निकालने में जुटे हुए हैं।

    स्थानीय लोगों में बीसीसीएल के प्रति भी भारी आक्रोश देखा जा रहा है। ग्रामीणों ने कनकनी आउटसोर्सिंग का परिवहन कार्य रोक दिया है। घटना के बाद से अभी तक कोई भी बीसीसीएल अधिकारी मौके पर नही पहुंची है।

  • पुटकी में 10वीं के छात्र ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, सोया था दुकान में

    पुटकी में 10वीं के छात्र ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, सोया था दुकान में

    धनबाद। पुटकी थाना क्षेत्र में स्थित श्रीनगर कॉलोनी के समीप 10वीं के छात्र ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उसके पिता जेनरल स्टोर संचालक नौशाद आलम है। 18 वर्षीय बेटा मोहम्मद रेहान ने बीती रात अपने दुकान मे गमछा के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर लिया। घटना को लेकर छात्र के पिता ने बताया कि रेहान प्रतिदिन की तरह खाना खाकर अपने दुकान में सोने चला गया। सुबह जब दुकान खुलवाने गया तो अंदर से कुछ आवाज नहीं आया। तो परिजनों को कुछ अनहोनी की आशंका हुई। जिसके बाद दरवाजा तोड़ा गया तो देखा कि रेहान का शव गमछा के सहारे लटका हुआ था। घटना की जानकारी तत्काल पुटकी पुलिस को दी गई। घटनास्थल पर पहुंच पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है। वहीं घटना के बाद से परिजन सदमें में हैं।

  • अवैध लॉटरी के कारोबार का भंडाफोड़, लॉटरी टिकट व कार के साथ दो गिरफ्तार

    अवैध लॉटरी के कारोबार का भंडाफोड़, लॉटरी टिकट व कार के साथ दो गिरफ्तार

    गिरिडीह। बगोदर में अवैध रूप से चल रहे अवैध लॉटरी के कारोबार का भंडाफोड़ हुआ है। पुलिस ने छापेमारी कर इसका खुलासा किया। करोड़ों के इनाम का लालच देकर अवैध रूप से लॉटरी टिकट बेच रहे एक धंधेबाज को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उसके पास से अवैध लॉटरी की टिकटें और एक कार भी बरामद की गई है। गिरफ्तार धंधेबाज धीरज कुमार साव है। वह बगोदर के साहू मोहल्ला का रहने वाला है। गुप्त सूचना के आधार पर धंधेबाज की गिरफ्तारी बगोदर बस स्टैंड से हुई है। पुलिस की ओर से बताया गया है कि गुप्त सूचना मिली थी कि बगोदर बस स्टैंड में एक धंधेबाज के द्वारा लॉटरी टिकट में करोड़ों रुपये के इनाम का झांसा दिया जा रहा था। पुलिस के द्वारा सूचना पर छापेमारी की गई। जिसमें लॉटरी के 5 टिकट और एक कार के साथ धीरज कुमार साव को गिरफ्तार किया गया। उधर, सरिया थाना क्षेत्र से पुलिस द्वारा दो साइबर अपराधी गिरफ्तार किये गये हैं। दोनों को गिरिडीह जेल भेज दिया गया है। उन दोनों की गिरफ्तारी थाना क्षेत्र के नगर केशवारी से की गई है। गिरफ्तारी की पुष्टि एसडीपीओ नौशाद आलम ने की है। गिरफ्तार अपराधियों में मुकेश व नंदकिशोर शामिल है।

  • पटना से पूजा करने रजरप्पा आये दो युवक भैरवी नदी में बहे, बच गयी जान

    पटना से पूजा करने रजरप्पा आये दो युवक भैरवी नदी में बहे, बच गयी जान


    आसपास के फल फूल बेचने वाले लोगों ने काफी मशक्कत से दोनों को निकाला

    रामगढ़। प्रसिद्ध सिद्धपीठ मां छिन्नमस्तिका मंदिर स्थित भैरवी नदी के तेज बहाव में बिहार से आये दो युवक फंस गये। दामोदर भैरवी संगम स्थल के पास दोनों युवक बचते बचाते एक गड्ढे में किसी तरह चट्टान को पकड़ा और खड़े होकर जान बचाने की गुहार लगाने लगे। यह देख स्थानीय और मंदिर न्यास समिति के पुजारी ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों युवकों को सकुशल नदी की तेजधार से बाहर निकाला। बिहार के पटना से श्रद्धालुओं की एक टोली आज सुबह मां छिन्नमस्तिका के दर्शन करने के लिए पहुंची थी। जिसमें से एक युवक भैरवी नदी में नहाने के लिए चला गया। इस दौरान चट्टान पर उसका पैर फिसल गया और देखते ही देखते युवक बहने लगा। अपने मित्र को डूबता देख दूसरा युवक उसे बचाने के लिए नदी में कूद गया। और देखते ही देखते दोनों युवक पानी के तेज बहाव में बहने लगे।

    युवकों की शोर से बचाने दौड़े लोग
    किसी प्रकार उन लड़कों ने नदी से ही बचाओ बचाओ की आवाज लगाने लगे। इसी बीच स्थानीय युवकों की एक टोली और मंदिर न्यास समिति के पुजारी ने आवाज देते हुए युवकों को देखा और नदी के आसपास मौजूद चट्टान को पकड़ने के लिए कहा। किसी तरह दोनों भैरवी नदी संगम के ठीक ऊपर किसी तरह चट्टान को पकड़ने में सफलता पाई। पत्थर को पड़कर खड़े हुए। स्थानीय लोगों के साथ मिलकर मंदिर के पुजारी ने एकता का परिचय देते हुए रेस्क्यू आॅपरेशन शुरू किया।

    शायद मां की जितिया व्रत ने बचायी दोनों की जान
    रस्सी के सहारे स्थानीय युवक पिंटू भैरवी नदी की तेज धार में दोनों युवकों के पास पहुंचे। फिर एक-एक करके दोनों को रस्सी से बांधकर •ौरवी नदी की तेज धार से निकालकर बाहर ले आए। उनके सकुशल बाहर आने पर वहां मौजूद लोगों ने इतना जरूर कहा कि इनकी माताओं ने दोनों के लिए जितिया का व्रत किया होगा। तभी मां के आशीर्वाद से दोनों की जान बच गयी। मौत के मुंह से निकाल कर आए दोनों युवकों ने मां छिन्नमस्तिका के साथ साथ स•ाी लोगों को धन्यवाद दिया, मनीष और अ•िाषेक बिहार के पटना से यहां पूजा करने के लिए आए थे।

    थोड़ी भी चुक होती तो हो जाती अनहोनी
    मंदिर के वरिष्ठ पुजारी लोकेश पंडा ने बताया कि बिहार से आए दो युवक अचानक रजरप्पा मंदिर स्थित भैरवी नदी की तेज धार में बहने लगे। हम लोगों के साथ-साथ फूल प्रसाद बेचने वाले स्थानीय लोगों के साथ मिलकर उनका रेस्क्यू किया गया। हालांकि हम लोगों को समय मिल गया और माता का आशीर्वाद था, तभी दोनों युवकों की जान बच गई। पुजारी ने कहा कि अगर थोड़ी सी चूक हुई होती तो अनहोनी से इनकार नहीं किया जा सकता था।

  • मुंबई के गोरेगांव में बहुमंजिला इमारत में आग से सात की मौत; 51 घायल अस्पताल में भर्ती, कई गंभीर

    मुंबई के गोरेगांव में बहुमंजिला इमारत में आग से सात की मौत; 51 घायल अस्पताल में भर्ती, कई गंभीर

      मुंबई  : महाराष्ट्र के गोरोगांव में एक सोसाइटी की इमारत में शुक्रवार तड़के भीषण आग लग गई। इस हादसे में कम से कम छह लोगों की मौत की खबर है, वहीं 51 लोग घायल हैं। इनमें से पांच लोगों की हालत नाजुक है। घायलों को इलाज के लिए पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बीएमसी के एक अधिकारी ने कहा कि आग जय भवानी भवन में तड़के तीन बजे लगी। सात मंजिला यह इमारत गोरेगांव पश्चिम के आजाद नगर इलाके में स्थित है।

    ताजा जानकारी के मुताबिक, इस आग में 46 लोग लोग बुरी तरह घायल हुए, जिनमें सात की जान चली गई। वहीं 39 लोगों का कूप और एचबीटी अस्पताल में इलाज जारी है। नगर निगम के एक अधिकारी ने बताया कि दो बच्चों और दो महिलाओं सहित छह लोगों को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों का दोनों अस्पतालों में उपचार किया जा रहा है। मुंबई के गोरेगांव में लगी आग पर मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा, “मैं नगर निगम आयुक्त और पुलिस से लगातार बात कर रहा हूं… जो हुआ वह दुर्भाग्यपूर्ण है। मैं इस हादसे में जान गंवाने वालों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं, सरकार उनके परिवारों को 5 लाख रुपये की आर्थिक मदद देगी… जो लोग घायल हैं उनका इलाज सरकार की ओर से कराया जाएगा…” वहीं, महाराष्ट्र सरकार में मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा ने कहा, “यह बहुत दुखद घटना है… इसकी उच्चस्तरीय जांच के लिए कमेटी का गठन किया जाएगा जो 15 दिन में अपनी रिपोर्ट देगी। इस हादसे में जिनकी मृत्यु हुई है, उनके परिवारों को मुआवजा दिया जाएगा… घायलों का अच्छे से अच्छा इलाज कराया जाएगा।

    मजीठा रोड पर दवा की फैक्टरी में लगी भीषण आग, महिला समेत चार कर्मचारी जिंदा जले

     अमृतसर (पंजाब)  : अमृतसर में मजीठा रोड स्थित क्वालिटी फार्मास्युटिकल फैक्टरी में गुरुवार को आग लग गई। फार्मास्युटिकल फैक्टरी में हुई आगजनी की घटना में एक किशोर और एक महिला समेत चार कर्मियों की मौत हो गई। फैक्टरी मालिकों ने तुरंत इसकी सूचना फायर ब्रिगेड को दी।  वहीं फैक्टरी में आग लगते ही हड़कंप मच गया। अंदर काम करने वाले कर्मचारियों को जहां से रास्ता मिला, वहां से बाहर निकल गए। फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों ने करीब आधा दर्जन गाड़ियों की मदद से देर रात आग पर काबू पाया।

  • जाम से हलकान राजधानी! समस्या से निपटने के लिए तैयार की गई क्विक एक्शन ट्रैफिक टीम

    जाम से हलकान राजधानी! समस्या से निपटने के लिए तैयार की गई क्विक एक्शन ट्रैफिक टीम

    रांची: राजधानी रांची में ट्रैफिक जाम की समस्या से निपटने के लिए अब स्पेशल टीम का गठन किया गया है. रांची एसएसपी के निर्देश में क्विक एक्शन ट्रैफिक टीम का गठन कर शहर को जाम मुक्त करवाने की शुरुवात की गई है, क्विक एक्शन ट्रैफिक टीम में पुलिस के साथ साथ रांची नगर निगम की टीम को भी शामिल किया गया है.राजधानी रांची में ट्रैफिक व्यवस्था बेहद लचर हो चुकी है. पिछले 10 दिनों के अभियान के दौरान लगभग 5 लाख का चालान कट चुका है. एसएसपी से लेकर तमाम थानेदार सड़क पर उतर कर अभियान चला चुके हैं. अतिक्रमण की वजह से हो रहे सड़क जाम से पब्लिक को राहत नहीं दिलवा पाए. अभियान खत्म होते ही एक बार फिर स्थिति पुरानी जैसे ही हो जाती है. थक हारकर रांची एसएसपी ने एक स्पेशल टीम का ही गठन कर दिया जो दिन भर सिर्फ ट्रैफिक को लेकर अभियान ही चलाएगी. शहर में कहीं भी अगर अतिक्रमण की सूचना मिलेगी टीम तुरन्त वहां कूच करेगी.

     राजधानी को जाम मुक्त बनाने के लिए पुलिस ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है. अवैध पार्किंग, सड़कों के ऊपर अवैध रूप से चल रही दुकानों के साथ साथ अनडिसीप्लिन्ड पार्किंग राजधानी में जाम की मुख्य वजहें है. इन सब पर कार्रवाई के लिए 20 सितंबर से ही अभियान शुरू किया गया है. अब तक इसे अभियान में 200 से ज्यादा वाहनों के चालान काटे गए, दुकानदारों को भी चेताया गया, 100 से ज्यादा ठेलों को जब्त किया गया,

    इन सब के बावजूद रांची के लोगों को जाम से मुक्ति नहीं मिल सकी है. इधर जैसे ही अभियान खत्म होता है वैसे ही दुकानदार और दूसरे लोग तुरंत सड़कों का अतिक्रमण कर दुकान लगा देते हैं. अब पुलिस दिनभर सिर्फ अतिक्रमण अभियान तो चला नहीं सकती है. इसी का फायदा सड़क के किनारे वाले दुकानदार उठा रहे हैं. यही वजह है कि पुलिस के द्वारा अब ट्रैफिक के लिए भी क्विक रिस्पांस टीम का गठन कर दिया गया है ताकि यह टीम दिन भर ट्रैफिक कंट्रोल के लिए काम करते रहे. अब देखना है कि क्या इस नई टीम से रांचीवासियों को जाम से निजात मिल पाता है या नहीं.

    21 सदस्यीय टीम में निगम स्टाफ भी शामिल: क्विक एक्शन ट्रैफिक टीम में 21 अफसर और कर्मी शामिल किए गए है. यह टीम रांची के डेली मार्केट थाना में स्टैटिक रहेगी. जाम और अतिक्रमण की सूचना वायरलेस या फिर सम्बन्धित थानेदार के द्वारा दिये जाने के बाद यह टीम फौरन मौके पर कूच करेगी. रोड जाम खत्म करने के साथ साथ आन द स्पॉट जुर्माना भी लगाया जाएगा.

  • हुंडरू फॉल में बहे शिवम का 4 दिन बाद मिला शव, हादसे के बाद भाग गए थे ‘दोस्त’

    हुंडरू फॉल में बहे शिवम का 4 दिन बाद मिला शव, हादसे के बाद भाग गए थे ‘दोस्त’

    रांची के हुंडरू फॉल में विगत सोमवार को एक युवक बह गया था। युवक का नाम शुभम है। शुभम के शव को पुलिस ने गुरुवार को (5 अक्टूबर) को फॉल के जोगिया दह के पास चट्टानों के बीच से बरामद कर लिया है। हालांकि पानी में चार दिन में रहने के कारण शव पूरे तरीके से सड़ गया है और उससे बदबू भी आ रही थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया है। वहीं परिजनों को इसकी जानकारी दे दी गई है।

  • सारठ में लापता व्यक्ति का तालाब में तैरता हुआ मिला शव

    सारठ में लापता व्यक्ति का तालाब में तैरता हुआ मिला शव

    देवघर। सारठ से लापता सारठ प्रदीप राउत का शव आज सुबह तालाब से बरामद किया गया। स्थानीय ग्रामीणों ने तालाब में तैरता प्रदीप का शव देखकर उसके परिजनों को खबर दी। इसके बाद परिजन व पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को बरामद कर लिया। बताया जाता है कि लापता प्रदीप के कपड़े कल तालाब के किनारे से मिला था। जिसके बाद परिजनों ने तालाब में डूब जाने की आशंका जतायी थी। स्थानीय लोगों ने तालाब में शव को ढूंढने का प्रयास किया था लेकिन सफलता नहीं मिली थी। इसके बाद गोताखोरों की मदद ली गयी पर ये भी शव नहीं तलाश सके। ऐसे में देर शाम में एनडीआरएफ की टीम को सूचना दी गयी। आज सुबह से एनडीआरएफ की टीम यहां पहुंचकर शव ढूंढने वाली थी। तभी किसी ग्रामीण ने तालाब में तैरता शव को देख कर घर वालों को खबर दी। कल शव ढूंढने के दौरान एक स्थानीय व्यक्ति डूबने लगा था जिसे लोगों ने तालाब से निकाल कर स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में इलाज के भेज दिए। वहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे देवघर सदर अस्पताल भेज दिया गया है।