धनबाद। जोड़ापोखर थाना क्षेत्र में रहने वाली एक 16 साल की नौवीं की छात्रा के साथ डरा-धमकाकर दो सालों तक दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। इस मामले को लेकर नाबालिग के पिता ने रियाजुद्दीन नामक युवक के खिलाफ जोड़ापोखर थाना में लिखित शिकायत की है। आरोपी युवक जामाडोबा का रहने वाला है। पुलिस को दिए गए आवेदन में कहा गया है कि युवक ने नाबालिग को जान से मारने की धमकी देते हुए दो सालों तक उसके साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर युवक नाबालिग को तेजाब फेंककर शरीर बर्बाद कर देने की धमकी देता था। नाबालिग ने डर के मारे परिजनों को ये सारी बातें नहीं बताई। काफी पूछताछ करने के बाद उसने परिजनों को सच्चाई बताई। घटना की सच्चाई जानने के लिए रियाजुद्दीन से पूछताछ करने की कोशिश की गई। जिसके बाद उसके परिजन आक्रोशित हो गए। नाबालिग के परिजनों ने युवक के परिजनों पर घर में घुसकर मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। वहीं जोड़ापोखर थाना प्रभारी राजदेव सिंह ने कहा कि छात्रा के पिता की ओर से लिखित शिकायत दी गई है। पोक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। पीड़ित परिवार डर के साए में है और पुलिस से जल्द न्याय दिलाने की गुहार लगाई है।
प्रातिक्रिया दे