बेटी को किया जा रहा था प्रताड़ित, विवाद खत्म कराने पहुंचे पिता की हत्या

कोयरीडीह में डायन-बिसाही का आरोप लगाकर ससुराल वाले करते थे परेशान
गिरिडीह। बेटी के ससुराल में चल रहे पारिवारिक विवाद का निपटारा करने गए पिता की पीट-पीट कर हत्या कर दी गई। हत्या का आरोप लड़की की सास और देवर पर लगा गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना में इस्तेमाल किया गया डंडा बरामद कर लिया गया है। घटना बुधवार देर रात की है। बताया जा रहा है कि भेलवाघाटी के कोयरीडीह में रहने वाली सीमा मरांडी पर डायन-बिसाही का आरोप लगाकर ससुराल के लोग प्रताड़ित कर रहे थे। विवाद के समाधान के लिए बुधवार की शाम पंचायत बुलाई गई थी। इसमें भाग लेने के लिए सीमा के पिता मंगरा मरांडी, मां बड़की बास्के बेटी के ससुराल आए हुए थे। पंचायत के दौरान ही दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया। देवर छोटका सोरेन उर्फ अंकुश सोरेन तथा सास बड़की टुडू ने लड़की के मायके वालों पर हमला बोल दिया। लकड़ी के छोटे डंडे से वार किया गया। इसमें लड़की के पिता की मौत हो गई। वहीं मां गंभीर रूप से घायल हो गई। मां-बाप को बचाने की कोशिश में लड़की को भी चोट आई है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम देर रात मौके पर पहुंची। सीमा के लिखित बयान के आधार पर हत्या के दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top