टैग: Gandivlive

  • पत्नी सूरजी पहाड़िन के हत्या के आरोप में पति सुरेश पहाड़िया गिरफ्तार, गया जेल

    पत्नी सूरजी पहाड़िन के हत्या के आरोप में पति सुरेश पहाड़िया गिरफ्तार, गया जेल

    नाथगोड़ा गांव में महिला की हत्या मामले का खुलासा, पति निकला हत्यारा

    गोड्डा। सुंदरपहाड़ी थाना क्षेत्र के नाथगोड़ा गांव में एक महिला का शव मिला था। जिसकी पहचान 32 वर्षीय सूरजी पहाड़िन के रूप में हुई है। उसकी हत्या पत्थर से कूचकर की गई थी। पुलिस ने हत्या के मामलें का खुलासा करते हुए मृतिका के पति को गिरफ्तार कर लिया है। मृतका की मां के द्वारा पुलिस को सूचना दी गयी थी। इसके बाद पुलिस के अनुसंधान में जो मामला सामने आया वह चौकाने वाला था। जिसमें हत्यारा कोई और नहीं बल्कि उसका अपना पति निकला। पुलिस की सख्ती के बाद मृतका के पति सुरेश पहाड़िया ने हत्या की बात स्वीकार कर ली। उसने हत्या की वजह आपसी लड़ाई को बताया। उसने कहा कि घरेलू लड़ाई झगड़े अक्सर होते रहते थे। इसी से तंग आकर उसने अपनी पत्नी की हत्या कर दी। शव की पहचान छुपाने के लिए उसे पत्थर से उसे कूच दिया। आरोपी पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इस घटना की पूरी कहानी से पुलिस ने पर्दा उठा दिया है। जिससे पुलिस राहत महसूस कर रही है। गोड्डा सुंदरपहाड़ी थाना क्षेत्र काफी पिछड़ा हुआ इलाका है। यहां पर आए दिन छोटे मोटे पारिवारिक विवाद में जघन्य हत्या जैसे अपराध होते हैं। जिसमें कई लोग जेल की सलाखों में ताउम्र सजा काटने को मजबूर हैं। गौरतलब हो कि यह विधानसभा क्षेत्र मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का है। लेकिन छोटे मोटे विवाद में हिंसा और पलायन इस क्षेत्र की बड़ी समस्या है। जिसके लिए सोशल पुलिसिंग भी होती रहती है, बावजूद इसे लोगो को जागरूक करने के लिए पर्याप्त नहीं कहा जा सकता।

  • शास्त्रीनगर दुर्गा मंडप में मंदिर में लगे दान पेटी को तोड़ कर पैसों की चोरी

    शास्त्रीनगर दुर्गा मंडप में मंदिर में लगे दान पेटी को तोड़ कर पैसों की चोरी

    मंदिरों में लगातार हो रही चोरी की घटना से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश

    गिरिडीह। चोरों का मनोबल इतना बढ़ गया है कि अब उन्हें भगवान से भी डर नहीं लगता है। पिछले कुछ समय से चोरों ने शहरी क्षेत्र के मंदिरों को लगातार निशाना बना रहे है। मंदिर में फिर चोरी की एक घटना गुरूवार देर रात को घटी। शहर के शास्त्रीनगर दुर्गा मंडप में चोरों ने मंदिर में लगे दान पेटी को तोड़ कर चोरी की घटना को अंजाम दिया है। घटना की सूचना सुबह उस वक्त हुई जब मंदिर के पुजारी गोपाल पांडेय मंदिर का ताला खोलने के लिए पहुंचे। इसके बाद चोरी की घटना की सूचना पूजा समिति के पदाधिकारियों को दी गयी। इधर, मामले की जानकारी मिलने के बाद पूजा समिति के संजय कुमार सिन्हा, राजकमल राज, रंजय बरदियार, पिंटू कुमार, रंजीत समेत अन्य सदस्य भी पहुंचे और घटना की जानकारी ली। मामले की जानकारी नगर थाना पुलिस को दे दी गयी हैं। लोगों ने आरोपियों की गिरफ्तारी और इलाके में गश्ती तेज करने की मांग की है। मंदिर में चोरी की घटना से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है।

  • पुलिस जवान संतोष बोबोंगा का चयन वर्ल्ड पुलिस चैंपियनशिप में

    पुलिस जवान संतोष बोबोंगा का चयन वर्ल्ड पुलिस चैंपियनशिप में

    वह कनाडा में आयोजित चैंपियनशिप में बॉडी बिल्डिंग का जलवा बिखेरेंगे

    बोकारो। आॅल इंडिया पुलिस क्लस्टर चैंपियनशिप के बॉडी बिल्डिंग स्पर्धा में गोल्ड मेडल जीतने वाले संतोष बोबोंगा ने झारखंड का मान बढ़ाया है। झारखंड पुलिस (एआईएसएफ) के जवान और गोइलकेरा निवासी संतोष बोबोंगा का चयन वर्ल्ड पुलिस चैंपियनशिप में हो गया है। वह कनाडा में बॉडी बिल्डिंग का जलवा बिखेरेंगे। इस चैंपियनशिप में हिस्सा लेने के लिए वह 26 जुलाई को कनाडा रवाना होंगे। जहां वह बॉडी बिल्डिंग में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। एसआईएसएफ जवान संतोष बोबोंगा का चयन इस प्रतियोगिता में होने से उनके साथी जवानों में उत्साह का माहौल है। इसके अलावा खेला प्रेमियों ने भी उन्हें इसके लिए बधाई दी है। संतोष बोबोंगा ने पुणे में आॅल इंडिया पुलिस क्लस्टर चैंपियनशिप की बॉडी बिल्डिंग में प्रतिभागियों को पछाड़ते हुए गोल्ड मेडल जीता था। चाईबासा के गोइलकेरा निवासी संतोष बोबोंगा बोकारो में एनआईएसएफ में कांस्टेबल के पद पर पदस्थापित हैं।

  • नीतीश सरकार को बड़ा झटका,जातीय जनगणना पर हाईकोर्ट ने लगाई रोक

    नीतीश सरकार को बड़ा झटका,जातीय जनगणना पर हाईकोर्ट ने लगाई रोक

    पटना | नीतीश सरकार को हाईकोर्ट से बड़ा झटका लगा है. बिहार में जाति आधारित जनगणना पर हाईकोर्ट ने फिलहाल   रोक लगा दी है. जातीय जनगणना के खिलाफ दायर याचिका पर सुनवाई करते हुए कोर्ट ने यह फैसला सुनाया. अब हाईकोर्ट में 3 जुलाई को अगली सुनवाई होगी.

  • गौतम बुद्ध महानतम आध्यात्मिक गुरुओं में से एक थे : रामेश्वर उरांव

    गौतम बुद्ध महानतम आध्यात्मिक गुरुओं में से एक थे : रामेश्वर उरांव


    मंत्री के बरियातू आवास पर •ागवान गौतम बुद्ध की जयंती उत्सव मनायी गयी

    रांची। बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर वित्तमंत्री डॉ रामेश्वर उरांव के बरियातू आवास पर भगवान गौतम बुद्ध की जयंती उत्सव मनाया गया। वित्त मंत्री ने सपरिवार पुत्र रोहित प्रियदर्शी उरांव, पुत्री श्रीमती निशा उरांव, दामाद आशिष सिंघमार, सचिव रंजीत सिन्हा एवं पासवा के प्रदेश अध्यक्ष आलोक कुमार दूबे, उपाध्यक्ष लाल किशोर नाथ शाहदेव एवं महासचिव डॉ राजेश गुप्ता छोटू, मो. जिन्ना, ललित नारायण मिश्रा, छोटानागपुर बौद्ध सोसायटी के सैंकड़ों बुद्ध के अनुयायियों के साथ विधिवत भगवान बुद्ध की पूजा अर्चना की। बौद्ध धर्म के संस्थापक गौतम बुद्ध की प्रतिमा पर भक्तों ने नया वस्त्र पहनाया गया। 108 दीप जलाये, दार्जिलिंग से आये दावा लामा, सोनम लामा, बुद्धा सागर लामा, थिम्पू लामा ने विधिवत पूजा अर्चना कराया। बौद्धि वृक्ष को खदा झंडे से सजाया गया। इस मौके पर मंत्री डॉ रामेश्वर उरांव ने कहा कि बौद्ध धर्म के संस्थापक गौतम बुद्ध महानतम आध्यात्मिक गुरुओं में से एक थे। भगवान बुद्ध ने पूरी दुनिया को करुणा और सहिष्णुता के मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित किया। उनके द्वारा दिए गए उपदेश, संदेश और विचार मनुष्यों को नैतिक मूल्यों के अलावा संतोष पर आधारित जीवन जीने की दिशा में प्रेरणा करने के लिए प्रेरित करते हैं। गौतम बुद्ध के द्वारा दिए गए उपदेशों में बताया गया है कि बुराई से बुराई कभी खत्म नहीं होती है, घृणा को तो केवल प्रेम द्वारा ही समाप्त किया जा सकता है। गौतम बुद्ध ने कहा मोमबत्ती बिना आग के नहीं जल सकती है, उसी प्रकार मनुष्य भी आध्यात्मिक जीवन के बिना नहीं जी सकता। डॉ उरांव ने कहा कि खुशी रोशनी के समान है जिसे आप दूसरों को देंगे उतना ही बढ़ेगा जैसे कि एक जलता हुआ दीप हजार दीप जलाकर रोशनी फैला सकता है। लेकिन इससे उसकी रौशनी पर कोई प्रभाव नहीं पड़ता है वैसे ही खुशियां बांटने से बढ़ती हैं। पूजन कार्यक्रम में झारखंड गोरखा संगठन एवं छोटानागपुर सोसायटी के पदाधिकारी सुमन प्रधान, धीरज राय, ज्योति राई, नवनीत प्रधान, परिणिता लामा, रत्ना गोथी, सपना राई, मुन्ना गुरुंग, कृष्णा लिंबू, इंद्र बहादुर गुरुंग, मिथिला सिंह राई, दीपाली राई, छाया थापा तथा माहेश्वरी राई मुख्य रूप से उपस्थित थे। बोधगया से विशेष रुप से पधारे लामा डॉ पूर्णेन्दु प्रियदर्शी ने बोधगया का पवित्र जल प्रसाद के रुप में लेकर आये थे।

  • जामताड़ा रेलवे स्टेशन पर चार ट्रेनों के ठहराव समारोह में भिड़े सांसद और विधायक

    जामताड़ा रेलवे स्टेशन पर चार ट्रेनों के ठहराव समारोह में भिड़े सांसद और विधायक


    दोनों इसके लिए स्वयं लेना चाहते थे श्रेय, नेताओं के समर्थकों ने की आपस में तू तू, मै-मै

    जामताड़ा। काफी लंबे समय से आंदोलन के बाद जामताड़ा रेलवे स्टेशन पर चार प्रमुख ट्रेनों का ठहराव शुरू हुआ। स्टेशन परिसर में ट्रेन ठहराव समारोह के दौरान सांसद सुनील सोरेन और विधायक इरफान अंसारी के समर्थकों के बीच जमकर मंच पर ही नोकझोंक हो गई। दोनों नेता ट्रेन के ठहराव के लिए स्वयं श्रेय लेना चाहते है। रेलवे प्रशासन द्वारा जामताड़ा रेलवे स्टेशन में चार प्रमुख ट्रेनों के ठहराव को लेकर एक समारोह का आयोजन किया गया था। जिसमें मुख्य अतिथि दुमका के भाजपा सांसद सुनील सोरेन और विधायक इरफान अंसारी के अलावे रेलवे के अधिकारी और प्रतिनिधि शामिल थे। सांसद और विधायक द्वारा हरी झंडी दिखाकर पटना-पुरी एक्सप्रेस ट्रेन को ठहराव के बाद रवाना किया जाना था। जिसे लेकर दोनों दल के नेताओं के समर्थकों द्वारा जमकर नारेबाजी होती रही। भाजपा और कांग्रेस के समर्थकों के बीच ट्रेन ठहराव को लेकर राजनीति श्रेय लेने की होड़ लगी रही। भाजपा के दुमका सांसद जहां अपना राजनीतिक श्रेय लेना चाह रहे थे। वहीं विधायक इरफान अंसारी अपना राजनीतिक श्रेय लेने में लगे थे। श्रेय लेने के होड़ में दुमका सांसद ने जैसे ही अपने संबोधन में कहा कि उनके अथक प्रयास से जामताड़ा में 4 ट्रेनों का शुभारंभ हुआ और आज तक इस क्षेत्र के जितने विधायक सांसद रहे वे ये नहीं कर पाए। इतने में ही स्थानीय विधायक इरफान अंसारी सांसद को भाषण के दौरान ही टोकने लगे। जिसके बाद मंच पर बैठे सांसद के समर्थक काफी उत्तेजित हो गए। इतने में विधायक समर्थक भी जोश में आ गए और दोनों के बीच जमकर नोकझोंक हो गई। बात आगे बढ़ती उससे पहले ही रेल पुलिस बल के जवानों ने स्थिति को संभाल लिया। इसके बाद दोनों नेताओं ने हरी झंडी दिखाकर पटना पुरी एक्सप्रेस ट्रेन ठहराव का शुभारंभ कर रवाना किया। सांसद सुनील सोरेन ने अपने संबोधन में कहा कि आज तक इस क्षेत्र में जितने भी विधायक और सांसद रहे, कभी किसी ने ट्रेन ठहराव कराने के बारे में नहीं सोचा. ना कोई काम किया। उनके कार्यकाल में 7 ट्रेनों का ठहराव जामताड़ा रेलवे स्टेशन पर हुआ है। वहीं विधायक इरफान अंसारी ने सांसद सुनील सोरेन पर झूठा श्रेय लेने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि ट्रेन का जो भी ठहराव हुआ है, यह उनकी देन है और दुमका जामताड़ा रेलवे लाइन का सर्वे का जो काम है, वह भी उनकी वजह से हो रहा है।

  • 5 लाख के इनामी इंदल गंझू ने किया सरेंडर

    5 लाख के इनामी इंदल गंझू ने किया सरेंडर

    रांची | 15 लाख के इनामी भाकपा माओवादी कमांडर इंदल गंझू ने सरेंडर कर दिया है. रांची जोनल आईजी ऑफिस में गुरुवार को आयोजित कार्यक्रम में इंदल गंझू ने आईजी अभियान एवी होमकर, रांची जोनल आईजी पंकज कंबोज, सीआरपीएफ के अधिकारी, हजारीबाग डीआईजी नरेंद्र सिंह और चतरा एसपी राकेश रंजन के समक्ष आधिकारिक तौर पर सरेंडर कर दिया. इंदल मूल रूप से बिहार के गया जिला के इमामगंज थाना क्षेत्र के असरैन गांव का रहने वाला है. वर्तमान में वह भाकपा माओवादी संगठन में रिजनल कमांडर था और सरकार ने उसपर 15 लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था. पुलिस की दबिश से परेशान होकर इंदल ने सरेंडर किया है. इंदल गंझू के खिलाफ 145 मामले दर्ज हैं. जिनमें चतरा जिला में 48, पलामू जिले में 01, हजारीबाग जिले में 05 और गया जिले में 54 मामले दर्ज हैं |

    चतरा जिला के लावालौंग थाना क्षेत्र में तीन अप्रैल को पुलिस की टीम ने पांच इनामी नक्सलियों को मार गिराया था. मारे गये नक्सलियों में 25 लाख के दो इनामी नक्सली गौतम पासवान और चार्लीस उरांव शामिल थे. दोनों ही स्पेशल एरिया कमेटी के सदस्य (सैक) थे. इनके अलावा पांच लाख के तीन इनामी नक्सली नंदू, अमर गंझू और संजीत उर्फ सुजीत गुड़िया भी शामिल थे. यह तीनों ही सब जोनल कमांडर थे. इन घटना के बाद पुलिस की दबिश से परेशान और साथियों के मारे जाने के बाद इंदल पटना भाग गया था. वहीं से वो खुफिया एजेंसियों के संपर्क में आया था. इसके बाद झारखंड पुलिस के समक्ष उसने सरेंडर करने की बात कही है|

  • सड़क हादसा में 11 की मौत

    सड़क हादसा में 11 की मौत

    छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में भीषण सड़क हादसा हुआ है। इसमें 10 लोगो की मौत हो गई है। लोगों ने कहा कि ट्रक और बोलेरो में आमने-सामने भिड़ंत हुई है। इससे बोलेरो के परखच्चे उड़ गए। बोलेरो में सवार तकरीबन 10 लोगों की मौत हो गई है। ये सभी एक ही परिवार के लोग हैं, जो शादी समारोह में बोलेरो से जा रहे थे।

    रास्ते में ट्रक ने गाड़ी को टक्कर मार दी। इसके चलते मौके पर ही सभी की मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। बताया जाता है कि बालोद जिले के जगतारा के पास यह बड़ा सड़क हादसा हुआ है। मृतकों में पांच महिलाएं और दो बच्चे शामिल हैं।

    हादसे को लेकर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने दुख जताया है। उन्होंने देर रात ट्वीट कर लिखा- ईश्वर दुर्घटना में दिवंगत आत्माओं को शांति एवं उनके परिवारजनों को हिम्मत दे।

  • मणिपुर में आदिवासियों के मार्च के दौरान हिंसा:8 जिलों में कर्फ्यू, 5 दिनों के लिए इंटरनेट बंद; आर्मी ने किया मार्च

    मणिपुर में आदिवासियों के मार्च के दौरान हिंसा:8 जिलों में कर्फ्यू, 5 दिनों के लिए इंटरनेट बंद; आर्मी ने किया मार्च

    मणिपुर : मणिपुर में गुरुवार को सेना ने राज्य के हिंसा प्रभावित इलाकों में मार्च किया। बीती रात इंफाल, चुराचांदपुर और कांगपोकपी में आदिवासियों के मार्च के दौरान हिंसा भड़क गई थी। जिसके बाद 8 जिलों में कर्फ्यू लगाया गया। राज्य में 5 दिनों के लिए इंटरनेट को भी बंद कर दिया गया है। दरअसल, कोर्ट के आदेश के बाद गैर आदिवासी मेइती समुदाय को अनुसूचित जनजाति  का दर्जा दिया गया है। इसे लेकर आदिवासी समूहों में खासा नाराजगी है। बुधवार को ऑल ट्राइबल स्टूडेंट यूनियन मणिपुर  ने चुराचंदपुर जिले के तोरबंग इलाके में आदिवासी एकजुटता मार्च बुलाया था।पुलिस के मुताबिक, इस मार्च में हजारों लोगों ने हिस्सा लिया, जिस दौरान आदिवासियों और गैर-आदिवासियों के बीच हिंसा भड़क उठी। हालात को कंट्रोल करने के लिए पुलिस ने कई राउंड आंसू गैस के गोले भी दागे, लेकिन हिंसा नहीं रुकी। बढ़ती हिंसा को रोकने के लिए सेना और असम राइफल्स को बुलाया गया। हालात पर काबू पाने के लिए सेना और असम राइफल्स ने फ्लैग मार्च किया। हिंसा के बाद राज्य के कई इलाकों में लगभग 7,500 लोगों को आर्मी के कैंप और गवर्नमेंट ऑफिस में आश्रय दिया गया है।

    अमित शाह ने मणिपुर CM से की बात, हालात का जायजा लिया : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह से बात की है और राज्य में हालात का जायजा लिया है। सूत्रों के मुताबिक, रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) की पांच कंपनियों को इंफाल ले जाया गया है, जबकि 15 अन्य जनरल ड्यूटी कंपनियों को राज्य में तैनाती के लिए तैयार रहने को कहा गया है। CRPF की करीब 15 कंपनियां तैनाती के लिए मणिपुर में पहले से मौजूद हैं।

  • 14 साल के छात्र ने स्कुल में 9 स्टूडेंट्स को मारी गोली

    14 साल के छात्र ने स्कुल में 9 स्टूडेंट्स को मारी गोली

    सर्बिया के स्कूल में फायरिंग, 9 स्टूडेंट्स की मौत:मारे गए स्टूडेंट्स एक ही क्लास के, 14 साल का आरोपी गिरफ्तार

    बेलग्रेड : सर्बिया की राजधानी बेलग्रेड के एक स्कूल में बुधवार को एक स्टूडेंट ने फायरिंग कर दी। इससे एक ही क्लास के 9 स्टूडेंट्स की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कुछ गंभीर रूप से घायल हो गए। इन्हें हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया है। फायरिंग 14 साल के लड़के ने की। वह 7वीं क्लास में पढ़ता है। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने स्कूल खाली कराने के बाद उसे सील कर दिया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक हमले में छात्रों के साथ कुछ टीचर्स भी घायल हुए हैं। उन्होंने भागने की कोशिश जरूर की, लेकिन नाकाम रहे। एक सिक्योरिटी गार्ड भी घायल हुआ है। होम मिनिस्ट्री ने इस घटना की पुष्टि की है। उसने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। एक स्टूडेंट के पिता ने कहा- मैं खुशकिस्मत हूं कि मेरी बेटी इस हमले में बच गई। वो फायरिंग के वक्त क्लास में ही मौजूद थी। उसने मुझे बताया कि जैसे ही आरोपी स्टूडेंट ने सबसे पहले टीचर पर फायरिंग की तो वो वहां से भागने में कामयाब हो गई। उसने बाद में खिड़की से हत्याकांड देखा। पुलिस ने आठ स्टूडेंट्स के मारे जाने की पुष्टि की है। हालांकि ज्यादातर मीडिया रिपोर्ट्स में मरने वाले स्टूडेंट्स की तादाद 9 बताई गई है।

    आरोपी के बारे में  जानकारी

    पुलिस ने कहा- आरोपी इसी स्कूल की सातवीं कक्षा का छात्र है। फायरिंग के बाद उसने मौके से भागने की कोशिश की। बाद में उसे स्कूल के बाहर से गिरफ्तार कर लिया गया।

    गिरफ्तारी के लिए पुलिस और स्कूल के सिक्योरिटी स्टाफ ने काफी मशक्कत की। एक पुलिस अफसर ने कहा- मैंने देखा कि एक सिक्योरिटी गार्ड टेबल के नीचे छिपा था। उसे भी गोली लगी है। दो लड़कियां क्लास रूम के बाहर घायल मिलीं।

    स्कूल मैनेजमेंट ने कहा- हम नहीं जानते कि घटना किस वजह से हुई। आरोपी का स्कूल में ट्रैक रिकॉर्ड बहुत अच्छा है। वो कुछ दिन पहले ही इस स्कूल में आया था। उसने इस घटना को अंजाम क्यों दिया, इसकी जांच की जा रही है।

  • उत्कृष्ट 80 विद्यालयों के बेहतर संचालन के लिए अधिकारियों को स्कूलों का प्रभार

    उत्कृष्ट 80 विद्यालयों के बेहतर संचालन के लिए अधिकारियों को स्कूलों का प्रभार

    संबंधित सभी पदाधिकारी संबद्ध विद्यालयों का नियमित निरीक्षण एवं समीक्षा करेंगे

    रांची। राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजना 80 उत्कृष्ट विद्यालयों के बेहतर संचालन के लिये सरकार गंभीर है। इन स्कूलों के नियमित अनुश्रवण एवं सफल संचालन के लिए झारखंड सरकार ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को स्कूलों का प्रभार दिया है। इसका आदेश शिक्षा सचिव के रवि कुमार ने जारी किया कर दिया है। आदेश में कहा है कि यह इसे दृष्टिगत रखते हुए प्रत्येक विद्यालय के लिए राज्य सरकार द्वारा एक-एक राज्य शिक्षा सेवा के पदाधिकारियों को नामित किया जाता है। जो विद्यालय के वरीय प्रभार में रहते हुए विद्यालय के नियमित सफल संचालन एवं राज्य सरकार के गुणवत्ता शिक्षा प्रदान करने के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए उत्तरदायित्वों का निर्वहण करेंगे। निर्देश में कहा गया कि संबंधित सभी पदाधिकारी संबद्ध विद्यालयों का नियमित निरीक्षण एवं समीक्षा करेंगे। सामने आये गतिरोधों का अपने एवं जिला स्तर से यथासंभव निष्पादन कर मुख्यालय को सूचित करना सुनिश्चित करेंगे। सचिव ने कहा कि यदि किसी मामले में राज्य स्तर से कार्रवाई अपेक्षित हो तो आवश्यकता पड़ने पर इस संबंध में अपने जिले के मुख्यालय स्तर से नामित नोडल पदाधिकारी/झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद् कार्यालय से तत्काल संपर्क स्थापित कर इस दिशा में अपेक्षित कार्रवाई करेंगे। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा।

  • वासेपुर में फिर हुआ खूनी खेल, गैंगस्टर फहीम खान के दो बेटों पर फायरिंग

    वासेपुर में फिर हुआ खूनी खेल, गैंगस्टर फहीम खान के दो बेटों पर फायरिंग


    एक बेटा की मौत दुसरा गंभीर स्थिति में, वासेपुर में वर्चस्व को लेकर हुआ गैंगवार

    धनबाद। वासेपुर में गैंगस्टर फहीम खान के बेटे इकबाल खान और उसके सहयोगी ढोलू के ऊपर गोलीबारी की गई। गोली लगने से इकबाल और ढोलू दोनों घायल हो गये। उन्हें आनन फानन में अशर्फी अस्पताल लाया गया। दोनों को गं•ाीर हालत में भर्ती कराया गया। जहां ढोलू की मौत हो गई है। वहीं इकबाल की नाजुक स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने दुगार्पुर मिशन अस्पताल रेफर कर दिया है। बुधवार की रात घटी घटना की जानकारी जैसे ही इकबाल के समर्थकों को लगी अस्पताल में वे भारी संख्या में पहुंच गए। पूरे अस्पताल परिसर में भारी भीड़ जमा हो गई। बताया जा रहा है कि वासेपुर के आरा मोड़ मंदिर मैदान के समीप दो अज्ञात हमलावरों ने फहीम खान के पुत्र इकबाल खान और उसके सहयोगी ढोलू के ऊपर फायरिंग की। फायरिंग करने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलने पर लॉ एंड आर्डर डीएसपी अरविंद और भूली बैंक मोड़ सहित अन्य थाना की पुलिस के साथ मौके पर पहुंचें। पुलिस आस पास के सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है। वासेपुर में वर्चस्व को लेकर गैंगस्टर प्रिंस खान और फहीम खान में लंबे समय से विवाद चल रहा है। दोनों तरफ से एक दूसरे को मारने की धमकी दी गई है। इकबाल खान वासेपुर डॉन फहीम खान का बेटा है। वासेपुर में इकबाल का वजूद है, वहीं इकबाल और प्रिंस खान के बीच जुबानी जंग चल रही है। फहीम खान के जेल जाने के बाद से वासेपुर में अपना वर्चस्व बनाने को लेकर प्रिंस खान और उसके गुर्गे कई बार गोलीबारी की घटना को अंजाम दे चुके हैं।

  • राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन से औपचारिक मुलाकात की

    राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन से औपचारिक मुलाकात की

    Ranchi राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन आज मोरहाबादी स्थित राज्य सभा सांसद और पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के आवास पर पहुंचकर उनसे औपचारिक मुलाकात कर उनका कुशल क्षेम जाना । इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन भी मौजूद रहे।

  • राबड़ी देवी के आवास पर नीतीश कुमार ने की लालू यादव से मुलाकात

    राबड़ी देवी के आवास पर नीतीश कुमार ने की लालू यादव से मुलाकात

    पटना | बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री व राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव पटना पहुंच चुके हैं. उनके पटना पहुंचने पर आरजेडी के कार्यकर्ता काफी उत्साहित हैं. वहीं बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राबड़ी देवी के सरकारी आवास पर पहुंचकर उनसे मुलाकात की. और उनके स्वास्थ्य का हाल जाना. साथ ही नीतीश कुमार के काम को लेकर उनकी सराहना भी की. साथ ही विपक्षी एकता की मुहिम को लेकर उनका उत्साह भी बढ़ाया. दोनों नेताओं के बीच काफी देर तक चर्चा हुई.

    बता दें कि लालू यादव के पटना पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने एयरपोर्ट पर उनका जोरदार स्वागत किया था. लालू यादव पर कार्यकर्ताओं ने फूल बरसाएं साथ ही मिठाइयां बांट कर उनका स्वागत किया. इस दौरान पार्टी के कई मंत्री और विधायक वहां मौजूद रहे.

  • सदर अस्पताल में प्रसव के दौरान गर्भवती महिला की हुई मौत

    सदर अस्पताल में प्रसव के दौरान गर्भवती महिला की हुई मौत

    गढ़वा | गढ़वा सदर अस्पताल के गाइनी विभाग में मरीजों के इलाज में लापरवाही का मामला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ड्यूटी से चिकित्सक के गायब रहने तथा मरीजों से पैसे की उगाही के चक्कर में कुछेक नर्सों की मनमानी के मामले अक्सर ही सामने आते हैं। इसमें मरीजों की जान तक चली जाती है। लेकिन शोकाज व जांच के बाद कार्रवाई तक मामला पहुंचता ही नहीं है। गुरुवार को भी गाइनी विभाग में एक ऐसा ही मामला सामने आया है। प्रसव के लिए सदर अस्पताल में भर्ती एक गर्भवती का समुचित इलाज के अभाव में मौत हो गई।

    खरौंधी थाना क्षेत्र के करीवाडीह गांव निवासी उपेंद्र कुमार राम की पत्नी चंचला देवी को गुरुवार की सुबह 7:35 बजे प्रसव के लिए भर्ती कराया गया था। तब ड्यूटी में कोई भी चिकित्सक नहीं था। महिला का इलाज शुरु ही नहीं हुआ। इस बीच सुबह नौ बजे शिफ्ट बदलने पर प्रसव कक्ष में नर्स सरिता कुमारी व ममता कुमारी ड्यूटी पर आई। लेकिन तब भी कोई चिकित्सक ड्यूटी में नहीं आया। मरीज के स्वजनों की मानें तो मिन्नतें करने के बाद भी दोनों नर्सों ने चिकित्सक को नहीं बुलाया। जबकि नार्मल डिलेवरी करा देने का भरोसा देती रही। इस दौरान सुबह करीब 10 बजे गाइनी ओपीडी में ड्यूटी करने पहुंची डा.माहेरू यमानी ने प्रसव कक्ष में जाकर महिला की जांच की। तब उसकी हालत गंभीर हो चुकी थी। इसके कुछ ही देर में चंचला देवी की मौत हो गई। इसके बाद मृतका की सास रुदा कुंवर पति स्व रामचंद्र राम ने आरोप लगाया कि इलाज में लापरवाही के कारण उसकी पतोहू की मौत हो गई।

    दो दिन पहले भी नर्स सरिता कुमारी एवं ममता कुमारी के विरुद्ध प्रसव कराने में प्रसूता के स्वजन से 3000 रुपये लेने का आरोप लगा है। जबकि उक्त नर्स ने महिला होमगार्ड के नाम पर भी उसी मरीज के स्वजन से 400 रुपये ले लेने पर होमगार्ड एवं नर्स सरिता कुमारी के बीच मारपीट भी हो गई थी। इसे लेकर अस्पताल प्रबंधन ने नर्सों के विरुद्ध शोकाज भी किया था। लेकिन इनकी मनमानी पर विराम ही नहीं लग रहा है।

  • जमीन विवाद को लेकर चाकूबाजी, एक घायल

    हजारीबाग : जिले के कटकमदाग थाना क्षेत्र स्थित ढेंगुरा में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों में चाकूबाजी हुई है. इस चाकूबाजी में ढेंगुरा निवासी मो. आजाद घायल हो गया है. अपराधियों ने उसके पेट और माथे पर चाकू मारा है. मो,. आजाद का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है. इस संबंध में घायल मो. आजाद ने बताया कि वे एक समारोह में गये थे. लौटने के क्रम में घात लगाकर बैठे गांव के ही चार युवकों ने उस पर जानलेवा हमला किया. इसकी सूचना थाने में भी दी गयी है. आवेदन में चार लोगों को आरोपी बनाया गया है.

  • बाहुबली मुख्तार अंसारी को 10 साल की सजा और 5 लाख जुर्माना लगाया

    बाहुबली मुख्तार अंसारी को 10 साल की सजा और 5 लाख जुर्माना लगाया

    गाजीपुर | गाजीपुर के एमपी/एमएलए कोर्ट ने शनिवार को गैंगस्टर एक्ट के तहत मुख्तार अंसारी को 10 साल की सजा सुनायी. साथ ही पांच लाख रुपये का जुर्माना लगाया है. वहीं मुख्तार के भाई और बसपा सांसद अफजाल अंसारी पर अभी कोर्ट का फैसला नहीं आया है. उम्मीद है कि कोर्ट उनके खिलाफ 2 बजे तक फैसला सुना देगा. यूपी के बहुचर्चित कृष्णानंद राय हत्याकांड और व्यापारी नंदकिशोर रूंगटा अपहरण के बाद मुख्तार और अफजाल पर गैंगस्टर एक्ट में केस दर्ज किया गया था. इस मामले में 2007 में गैंगेस्टर एक्ट के तहत अफजाल अंसारी, उनके भाई माफिया डॉन मुख्तार अंसारी और बहनोई एजाजुल हक पर गैंगेस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज हुआ था. एजाजुल हक का देहांत हो चुका है. इस मामले में 1 अप्रैल को सुनवाई पूरी हो गई थी. पहले इस मामले में पहले 15 अप्रैल को फैसला आना था, लेकिन बाद में तारीख को बढ़ाकर 29 अप्रैल कर दिया गया था. इस मामले में साल 2012 में गाजीपुर की MP-MLA कोर्ट में ट्रायल शुरू हुआ था.

    29 नवंबर 2005 को गाजीपुर के भांवरकोल थाना अंतर्गत सियाड़ी गांव में भाजपा विधायक कृष्णानंद राय सहित सात लोगों पर एके-47 जैसे अत्याधुनिक असलहों से लगभग 400 राउंड से ज्यादा फायरिंग कर उनकी हत्या कर दी गई थी. सातों लोगों का शव पोस्टमार्टम के लिए बीएचयू लाया जाने लगा तो भाजपा विधायक के समर्थक उग्र हो गए थे और जगह-जगह तोड़फोड़ व हिंसा की गई थी. भाजपा विधायक कृष्णानंद राय की हत्या के बाद बलिया से लेकर मऊ, गाजीपुर और बनारस तक उनके समर्थकों में एक हफ्ते तक जबरदस्त गुस्सा देखने को मिला था. हत्याकांड के विरोध में समर्थकों ने जगह-जगह आगजनी, तोड़फोड़ और हिंसा की थी.

    जनवरी 1997 में कोयला व्यापारी और VHP कोषाध्यक्ष नंदकिशोर रूंगटा का उसके घर से अपहरण कर फिर हत्या की गई थी. जानकारी के मुताबिक, रूंगटा के परिवार से 5 करोड़ रुपये की फिरौती की मांग की गई थी. परिवार ने 1.5 करोड़ भी दे दिए थे लेकिन बाद में रूंगटा की हत्या कर दी गई थी. इस मामले में मुख्तार अंसारी पर गैंगस्टर एक्ट में केस दर्ज किया गया था.

  • बेंगलुरु में BYJU’s के 3 ठिकानों पर ईडी का छापा

    बेंगलुरु में BYJU’s के 3 ठिकानों पर ईडी का छापा

    बेंगलुरु | ऑनलाइन प्लेटफॉर्म बायजू के सीईओ बायजू रवींद्रन मुश्किल में घिरते जा रहे हैं. प्रवर्तन निदेशालय ने शनिवार को बेंगलुरु स्थित बायजू रवींद्रन के तीन ठिकानों पर छापेमारी की है. बायजू रवींद्रन और उनकी कंपनी थिंक एंड लर्न प्राइवेट लिमिटेड के तीन ठिकानों पर ये छापेमारी की गई है. इस छापेमारी में ईडी ने कई दस्तावेज और डिजिटल डेटा जब्त किया है.

    ईडी ने विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (FEMA) के मामले में ये छापेमारी की गयी है. सर्च ऑपरेशन में पता चला कि एडुटेक यूनिकॉर्न कंपनी को साल 2011-2023 के दौरान करीब 28000 करोड़ रुपये का FDI मिला है. एजेंसी के मुताबिक, अधिकारियों ने रेड के दौरान ईडी को कई दस्तावेज मिले हैं. ईडी ने कहा कि उसने शिक्षा प्रौद्योगिकी क्षेत्र की बड़ी कंपनी बायजूस के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) रवींद्रन बायजू के बेंगलुरु स्थित कार्यालय और आवासीय परिसर पर छापे मारे तथा वहां से आपत्तिजनक दस्तावेज और डिजिटल डेटा जब्त किया. जांच एजेंसी ने बताया कि यह कार्रवाई कुछ लोगों से मिली विभिन्न शिकायतों के आधार पर की गई.

    जांच एजेंसी ने आरोप लगाया कि रवींद्रन बायजू को कई समन भेजे गए, लेकिन वह बचते रहे और कभी ईडी के समक्ष पेश नहीं हुए. तलाशी के दौरान पाया गया कि रवींद्रन बायजू की कंपनी थिंक एंड लर्न प्राइवेट लिमिटेड को 2011 से 2023 के दौरान प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) के तहत करीब 28,000 करोड़ रुपये मिले. एजेंसी ने कहा, कंपनी ने भी इस अवधि के दौरान प्रत्यक्ष विदेशी निवेश के नाम पर विभिन्न विदेशी प्राधिकारों को करीब 9,754 करोड़ रुपये भेजे.

  • मई में 26 हजार शिक्षकों की नियुक्ति का विज्ञापन संभावित

    मई में 26 हजार शिक्षकों की नियुक्ति का विज्ञापन संभावित

    झारखंड के प्रारंभिक और माध्यमिक स्कूलों में जल्द की शिक्षकों की नियुक्ति होगी। जिलावार रोस्टर की प्रक्रिया पूरी कर ली गयी है। नियुक्ति के लिए राज्य शिक्षा परियोजना को रोस्टर क्लियर कर जिला से 25,996 पदों पर नियुक्ति की अधियाचना भेज दी गयी है। मई के पहले सप्ताह में झारखंड कर्मचारी चयन आयोग को यह अधियाचना भेज दी जाएगी। वहीं उम्मीद जतायी जा रही है कि मई के दूसरे सप्ताह तक नियुक्ति का विज्ञापन जारी कर दिया जाएगा।

    दिवंगत जगरनाथ महतो के रहते हुए प्राथमिक और माध्यमिक स्कूलों में 50 हजार शिक्षकों की नियुक्ति के लिए पद सृजित हुए थे। तब जिलों को विभाग से भेजे गए निर्देश में आरक्षण रोस्टर क्लियर करने को कहा गया था। इनमें कक्षा एक से पांच के लिए 20,825 और कक्षा छह से आठ के लिए 29,175 पद शामिल थे।

    राज्य में दूसरी बार ऐसा हो रहा है, जब आरक्षण रोस्टर क्लियर कर नियुक्ति की अधियाचना भेजी गयी है। पहली बार सितंबर 2022 में भी जिलों को निर्देश दिया गया था। तब जिलों ने आरक्षण रोस्टर क्लियर कर नियुक्ति की अधियाचना विभाग को भेजी थी, पर उसमें इडब्लूएस आरक्षण का प्रावधान नहीं था। इस कारण नियुक्ति प्रक्रिया शुरू नहीं हो पायी थी। अब जो आरक्षण रोस्टर क्लियर किया गया है, उसमें 10 फीसदी आरक्षण इडब्ल्यूएस के लिए तय किया गया है।

    25,996 पदों पर नियुक्ति की जो अधियाचना जारी की गयी है, उसमें आधी सीटों पर पारा शिक्षकों को मौका मिलेगा। आरक्षण रोस्टर के मुताबिक 13 हजार पद पर सीधी नियुक्ति होगी, जबकि शेष 13 हजार पारा शिक्षक व बीआरपी-सीआरपी, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय के शिक्षकों के लिए आरक्षित होंगे। सीधी नियुक्ति के 13 हजार पद में से राज्य सरकार के आरक्षण प्रावधान के अनुरूप 60 फीसदी पद आरक्षित होंगे। वहीं इस नियुक्ति में साल 2013 और 2016 में टेट पास उम्मीदवार भी शामिल हो सकेंगे।

    ऐसी हैं जिलावार रिक्तियां
    जिला – एक से पांच – छह से आठ
    बोकारो – 470 – 498
    चतरा – 958 – 779
    देवघर – 627 – 725
    धनबाद – 517 – 588
    दुमका – 730 – 932
    गढ़वा – 441 – 521
    गिरिडीह – 977 -1361
    गोड्डा – 464 – 597
    गुमला – 409 – 630
    हजारीबाग – 436 – 548
    जामताड़ा – 333 – 476
    खूंटी – 252 – 323
    कोडरमा – 213 – 316
    लातेहार – 341 – 469
    लोहरदगा – 168 – 232
    पाकुड़ – 308 – 409
    पलामू – 795 – 1608
    पश्चिमी सिंहभूम – 637 – 735
    पूर्वी सिंहभूम – 479 – 630
    रामगढ़ – 188 – 232
    रांची – 617 – 818
    साहिबगंज – 392 – 523
    सरायकेला-खरसांवा – 457 – 704
    सिमडेगा – 246 -347

  • भाजपा के पूर्व विधायक जवाहर प्रसाद गिरफ्तार

    सासाराम। जिले के पूर्व भाजपा विधायक जवाहर प्रसाद को सासाराम उपद्रव मामले में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शनिवार अलसुबह विधायक को गिरफ्तार कर लिया।

    बताया जा रहा है कि राम नवमी के अवसर पर सासाराम में हुए उपद्रव मामले में बीजेपी के पूर्व विधायक जवाहर प्रसाद समेत दो को गिरफ्तार किया गया है। एसपी विनीत कुमार ने गिरफ्तारी की पुष्टि की है।

    जानकारी के अनुसार सासाराम व्यवहार न्यायालय से पूर्व विधायक जवाहर प्रसाद के खिलाफ गैर जमानतीय वारंट जारी हुआ था। जिसके बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।

    वहीं, सासाराम दंगा मामले में अबतक 65 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। 12 नामजद आरोपियों के घर पर इश्तेहार चस्पा किया गया है। 38 पर गैर जमानतीय वारंट जारी है, जिनको पकड़ने के लिए पुलिस लगातार छापेमारी अभियान चला रही है।

    बता दें कि 31 मार्च को सासाराम में रामनवमी का जुलूस निकाला गया, इसके बाद शहर में उपद्रव हो गया। शहर के शहजलाल पीर मोहल्ला, कादिरगंज सहित अन्य इलाकों में उपद्रवियों ने बवाल मचाया। कई घरों को आग लगा दिया गया था।

    बम विस्फोट की भी बात आई थी। हिंसा मामले में एक युवक की मौत हो गई थी। कई दर्जन लोग घायल हो गए थे। हिंसा के तुरंत बाद पुलिस बल ने मौके पर स्थिति संभाली। जिले में इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई थी। जिससे अफवाहों पर विराम लगाया जा सके। पूरा शहर छावनी में तब्दील हो गया था। 

    हिंसा को देखते हुए गृहमंत्री अमित शाह ने अपना सासाराम दौरा रद कर दिया था। जिसके बाद इसपर जमकर राजनीति हुई थी। विपक्षी नेताओं ने नीतीश सरकार पर लॉ एंड ऑर्डर को लेकर जमकर निशाना साधा था।

  • क्रशर और माइंस पर अलग-अलग टीमों ने एक साथ मारा छापा

    साहेबगंज। मुख्य सचिव के आदेश पर शनिवार की सुबह पूरे राज्य में अवैध खनन व परिवहन के खिलाफ एक साथ छापेमारी शुरू हुई। सभी जिलों में वरीय अधिकारियों के नेतृत्व में अलग-अलग टीम गठित की गई है।

    साहिबगंज जिले में छापेमारी के लिए 10 टीम का गठन किया गया है। बताया जा रहा है कि सुबह में सभी अधिकारियों को बुलाया गया और उन्हें अलग-अलग प्रखंड क्षेत्र में जाकर जांच पड़ताल को कहा गया। इसका नोडल पदाधिकारी जिला खनन पदाधिकारी विभूति कुमार को बनाया गया है।

    उपायुक्त रामनिवास यादव और एसपी अनुरंजन किस्पोट्टा भी स्वयं निकले हुए हैं। दोनों ने बोरियो में एक क्रशर प्लांट की जांच की। हालांकि, वह बंद मिला। इसके बाद दोनों अधिकारी बरहेट की ओर निकल गए। डीडीसी प्रभात कुमार बरदियार के नेतृत्व में बोरियो के क्रशरों की जांच पड़ताल की जा ही है।

    इनके अलावा, अपर समाहर्ता डॉ. विनय मिश्रा भी बरहेट की ओर निकले हैं। सड़क पर चलनेवाले खनिज लदे वाहनों की भी जांच पड़ताल की जा रही है। जिला परिवहन पदाधिकारी संतोष गर्ग ने ओवरलोड एक ट्रक को जब्त भी किया है।

    बता दें कि ईडी जिले में एक हजार करोड़ के अवैध खनन घोटाले की जांच पड़ताल कर रही है। इस मामले में कुछ लोग जेल में भी हैं। पांच अप्रैल 2023 को ईडी ने यहां की कुछ पत्थर खदानों में छापेमारी की थी और अवैध खनन पकड़ा था।

    ईडी ने अपनी रिपोर्ट डीसी और एसपी के साथ-साथ डीजीपी को भी दी थी। संभव है इसी रिपोर्ट के आलोक में कार्रवाई हो रही हो। फिलहाल, सभी अधिकारी जांच पड़ताल में व्यस्त हैं। कोई कुछ बोलने को तैयार नहीं है। क्रशर प्लांटों और पत्थर खदानों में नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल के गाइडलाइन का पालन किया जा रहा है या नहीं जांच टीम यह भी देख रही है।